27 नवंबर की रात फिरोजपुर में दो मिनट बजेगा एयर रेड सायरन, होगा ब्लैकआउट, जानें क्या है प्रशासन की तैयारी
27 नवंबर की रात 8 बजे आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल होगी। दो मिनट तक सायरन बजेगा और ब्लैकआउट रहेगा। प्रशासन ने लोगों से न घबराने की अपील की है।

ब्लैक आउट को लेकर बैठक करते हुए जिला प्रशासन।
HighLights
27 नवंबर रात 8 बजे फिरोजपुर में मॉक ड्रिल।
एयर रेड सायरन बजेगा और ब्लैकआउट होगा।
आपातकालीन तैयारियों को परखने का उद्देश्य।
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर। 27 नवंबर की रात फिरोजपुर में अचानक सायरन बजेंगे और कुछ समय के लिए अंधेरा छा जाएगा। अगर आप भी सायरन की आवाज सुनें या आसपास ब्लैकआउट होता देखें तो घबराने की जरूरत नहीं है। यह किसी हवाई हमले या सैन्य कार्रवाई का संकेत नहीं, बल्कि केंद्र सरकार के निर्देशों पर पंजाबभर में होने वाली सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल का हिस्सा होगा।
पंजाब सरकार की ओर से 27 नवंबर 2026 को रात 8 बजे पूरे राज्य में एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज करवाई जाएगी। फिरोजपुर में यह अभ्यास शहर के सिविल अस्पताल के पास हाउसिंग बोर्ड कालोनी में आयोजित होगा। इसकी तैयारियों को लेकर सहायक कमिश्नर हिमांशु अंडर ट्रेनिंग ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- पंजाब में 22 नवंबर को वोटर लिस्ट में नाम जांचने और सुधार का मौका, केंद्रों पर लगेंगे विशेष शिविर
दो मिनट तक बजेगा चेतावनी का सायरन
मौक क ड्रिल की शुरुआत एयर रेड वार्निंग सायरन से होगी। यह सायरन दो मिनट तक हाई-लो पिच में बजेगा। इसके साथ ही निर्धारित क्षेत्र में ब्लैकआउट लागू किया जाएगा। इस दौरान लोगों से गैर-जरूरी लाइटें बंद रखने की अपील की गई है। हालांकि अस्पतालों और फायर ब्रिगेड जैसी आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी।
अभ्यास खत्म होने पर बजेगा ऑल क्लियर सायरन
अभ्यास के समापन पर ऑल क्लियर का संकेत दिया जाएगा। इसके लिए दो मिनट तक लगातार हाई पिच पर सायरन बजाया जाएगा। मॉक ड्रिल में केवल ब्लैकआउट ही नहीं, बल्कि आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का भी विभिन्न विभागों की ओर से अभ्यास किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- 'न सोना मांगा, न गाड़ी और न कोई सामान...' इंग्लैंड से आए NRI दूल्हे ने बिना दहेज होशियारपुर में रचाया विवाह
सहायक कमिश्नर की लोगों से अपील
सहायक कमिश्नर हिमांशु ने स्पष्ट किया कि यह नियमित सिविल डिफेंस अभ्यास है, जिसका उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति या हवाई हमले जैसी परिस्थिति में प्रशासन और संबंधित विभागों की तैयारियों को परखना है। उन्होंने जिले के लोगों से अपील की कि सायरन सुनकर या ब्लैकआउट देखकर किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही घबराएं। यह किसी सैन्य कार्रवाई का हिस्सा नहीं है।
बैठक में सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन परमिंदर सिंह थिंद, स्टोर सुपरिंटेंडेंट अनीश गुप्ता, सेना और पुलिस के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- गन्ने की बकाया राशि और 500 रुपये रेट की मांग को लेकर किसानों का पक्का धरना, गुरदासपुर में हाईवे किया जाम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।