दीवाली बंपर: बेटी की शादी के लिए कर्ज लेने की थी तैयारी, किस्मत चमकी, अबोहर के किसान की निकली 10000000 की लॉटरी
अबोहर के एक किसान दलजीत सिंह की दीपावली बंपर लॉटरी में एक करोड़ रुपये की राशि खुली है। बेटी की ...और पढ़ें

अबोहर में लॉटरी की 1 करोड़ की राशि जीतने वाला परिवार खुशी मनाते हुए।
HighLights
अबोहर के किसान दलजीत सिंह ने दीपावली बंपर में एक करोड़ जीते।
बेटी की शादी के खर्चों के लिए कर्ज लेने की सोच रहे थे।
लॉटरी जीतने से परिवार की आर्थिक चिंताएं दूर हुईं, खुशियां दोगुनी।
राज नरूला, अबोहर। कहते हैं कि किस्मत कब किस पर मेहरबान हो जाए, इसका कोई पता नहीं होता। ऐसा ही कुछ अबोहर के किसान दलजीत सिंह के साथ हुआ है। बेटी की शादी की तैयारियों के बीच आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए कर्ज लेने की सोच रहे दलजीत सिंह की किस्मत ऐसी चमकी कि उनकी दीपावली बंपर लॉटरी में एक करोड़ रुपये का इनाम निकल आया। इस खुशखबरी के बाद उनके परिवार में खुशी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पेशे से खेतीबाड़ी करने वाले दलजीत सिंह ने करीब 10-15 दिन पहले अबोहर के रेलवे रोड स्थित राधा स्वामी लॉटरी सेंटर से दीपावली बंपर का टिकट खरीदा था। मंगलवार को जैसे ही उन्हें पता चला कि उनके टिकट पर एक करोड़ रुपये का इनाम निकला है, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिवार के सदस्यों ने भी इस खुशखबरी पर खुशी जाहिर की।
यह भी पढ़ें- दीवाली बंपर: 500 रुपये की लॉटरी ने बदली किस्मत, पंजाब का किसान बना करोड़पति; जीता 120000000 का इनाम
बेटी की शादी तय की थी
दलजीत सिंह ने बताया कि उनकी बेटी की शादी तय है और शादी के खर्चों को पूरा करने के लिए वह कर्ज लेने के बारे में सोच रहे थे, लेकिन भगवान ने उनकी सुन ली और अचानक एक करोड़ रुपये का इनाम निकलने से उनकी बड़ी चिंता दूर हो गई। अब वह अपनी बेटी की शादी धूमधाम से करेंगे।
उधर, रेलवे रोड स्थित राधा स्वामी लॉटरी सेंटर पर भी इस बड़ी खुशखबरी के बाद जश्न का माहौल देखने को मिला। सेंटर के संचालक सुशील कुमार ने बताया कि उनके पिता ने कई वर्ष पहले इस लॉटरी सेंटर की शुरुआत की थी। तब से यहां कई लोग लखपति बन चुके हैं, लेकिन पहली बार उनके सेंटर से किसी की एक करोड़ रुपये की लॉटरी निकली है।
यह भी पढ़ें- 500 की लॉटरी से पंजाब का ग्रामीण बन गया धनवान, 500000 का जीता इनाम, बोला-जरूरतमंदों की करुंगा मदद
ढोल-नगाड़ों से मनाया जश्न
उन्होंने बताया कि जैसे ही उन्हें एक करोड़ रुपये के विजेता के बारे में जानकारी मिली, तभी से वह विजेता की तलाश कर रहे थे। मंगलवार को विजेता का पता चलने पर सेंटर पर ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया गया और एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाकर खुशियां साझा की गईं।
वहीं, दलजीत सिंह के बेटे जगदीप सिंह भी खुशी जाहिर करने के लिए लॉटरी सेंटर पहुंचे। उन्होंने बताया कि परिवार ने करीब 10-15 दिन पहले ही टिकट खरीदा था और अब एक करोड़ रुपये का इनाम निकलने से पूरा परिवार बेहद खुश है।
एक साधारण किसान परिवार के लिए यह इनाम किसी सपने के सच होने से कम नहीं है। खासकर बेटी की शादी से पहले मिली इस खुशखबरी ने परिवार की खुशियों को दोगुना कर दिया है।
यह भी पढ़ें- पंजाब चुनाव 2027: राज्य में नहीं बदले मतदाता, आयोग की नई मतदाता सूची के मसौदे में आंकड़ों में कोई बदलाव नहीं
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।