फतेहगढ़ साहिब को पर्यटन मानचित्र पर लाने का रास्ता साफ! राज्यपाल बोले- राज्य सरकार फाइल भेजे, तुरंत करेंगे पास
राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि यदि राज्य सरकार फाइल भेजे, तो फतेहगढ़ साहिब को विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल बनाने में कोई देरी नहीं की जाएगी।

फतेहगढ़ साहिब पहुंचे गुलाब चंद कटारिया।
HighLights
राज्यपाल ने फतेहगढ़ साहिब के पर्यटन विकास पर दिया जोर।
कहा, सरकार फाइल भेजे तो तुरंत कार्रवाई होगी।
साहिबजादों के बलिदान स्थल को बताया महान प्रेरणा केंद्र।
नवनीत छिब्बर, फतेहगढ़ साहिब। पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया मंगलवार अपने व्यक्तिगत दौरे के तहत फतेहगढ़ साहिब पहुंचे। राज्यपाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि राज्य सरकार इसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने संबंधी फाइल उनके पास भेजती है, तो वे उस पर बिना किसी देरी के तत्काल कार्रवाई कर सभी आवश्यक कार्यों को मूर्त रूप देंगे।
हाल ही में 24 अक्टूबर को माता चक्रेश्वरी देवी मंदिर के वार्षिक महोत्सव में शिरकत करने के बाद राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया महज 10 दिनों में आज दोबारा चक्रेश्वरी मंदिर पहुंचे। उन्होंने माता चक्रेश्वरी देवी की विशेष आरती व पूजन के बाद कहा कि इस पावन स्थल पर नतमस्तक होकर उन्हें अद्भुत आध्यात्मिक शक्ति और आत्मिक शांति मिली, जिससे प्रेरित होकर वे जनसेवा की शक्ति मांगने दोबारा यहां आए हैं।
यह भी पढ़ें- गुरदासपुर में निकली भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ’ यात्रा, कृष्ण पाल गुर्जर ने कांग्रेस और पंजाब सरकार पर साधा निशाना
फतेहगढ़ साहिब की ऐतिहासिक महानता
दैनिक जागरण से बातचीत में राज्यपाल ने फतेहगढ़ साहिब की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महानता को रेखांकित करते हुए कहा कि यह बलिदानी धरती नैतिक मूल्यों और न्यायसंगत प्रेरणा का ऐसा अद्भुत केंद्र है, जिसका पूरे विश्व में कोई दूसरा उदाहरण नहीं मिलता।
उन्होंने कहा कि दशम पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के दो छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह व बाबा फतेह सिंह और माता गुजरी जी के अमर बलिदान तथा दीवान टोडर मल के अद्वितीय त्याग से सिंचित यह माटी पूरी मानवता को दिशा दिखाती है।
समृद्ध और विविधतापूर्ण विरासत
पिछले करीब दो दशकों से हर चुनाव में फतेहगढ़ साहिब को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर लाने का मुद्दा सियासी वादों तक सीमित रहा है। धरातल पर विकास की रफ्तार धीमी रहने और दशकों पुराने राजनीतिक वादों से जुड़े सवाल पर राज्यपाल का यह रुख निर्णायक दृष्टिकोण का राह।
फतेहगढ़ साहिब की पावनता को साहिबजादों की शहादत और खंडेलवाल जैन समुदाय की कुलदेवी माता चक्रेश्वरी देवी का देश का एकमात्र ऐतिहासिक मंदिर तो बढ़ाता ही है, इसके साथ मुस्लिम समुदाय की आस्था के केंद्र रोजा शरीफ और कई पुरातन इमारतों के अवशेष भी इसकी समृद्ध और विविधतापूर्ण विरासत को बयां करते हैं।
यह भी पढ़ें- पंजाब के 801 युवाओं को सरकारी नौकरी, CM ने सौंपे नियुक्ति पत्र; ड्यूटी टाइम में बर्ताव अच्छा रखने का दिया मंत्र
अब गेंद राज्य सरकार के पाले में
राज्यपाल के इस स्पष्ट संदेश के बाद अब गेंद राज्य सरकार के पाले में है। दो दिन पहले ही विधायक लखबीर सिंह राय ने तीसरी बार आप उम्मीदवार बनाए जाने पर इसी विषय को अपनी भविष्य की योजना में शामिल किया। हालांकि मौजूदा विधायक और सांसद सहित अन्य प्रमुख दलों के शीर्ष नेता भी इस पर वादे करते रहे हैं। अब देखना होगा कि जनप्रतिनिधि और सरकार प्रशासनिक फाइल भेजकर इस बहुप्रतीक्षित योजना को धरातल पर उतारती है या नहीं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।