विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिका के मोंटाना में ट्रक की टक्कर से पंजाब के युवक की मौत, परिवार में पसरा मातम; जनवरी में तय थी शादी

Published: Sun, 29 Nov 2026 03:49 PM (IST)

अमेरिका के मोंटाना में सड़क हादसे में फतेहगढ़ साहिब के 27 वर्षीय युवक गुरकीरत सिंह की मौत हो गई। उनकी शादी जनवरी में तय थी और परिवार ने शव भारत लाने की गुहार लगाई है।

शोकग्रस्त पारिवारिक सदस्य व युवक की फाइल फोटो।

शोकग्रस्त पारिवारिक सदस्य व युवक की फाइल फोटो।

HighLights

  1. गुरकीरत सिंह की मोंटाना, अमेरिका में ट्रक हादसे में मौत।

  2. जनवरी में होनी थी शादी, परिवार में शोक की लहर।

  3. परिवार ने शव वापस लाने के लिए सरकार से मदद मांगी।

दीपक सूद, फतेहगढ़ साहिब। फतेहगढ़ साहिब के गांव राजेंद्रगढ़ निवासी 27 वर्षीय युवक गुरकीरत सिंह की अमेरिका के मोंटाना राज्य में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। इस मनहूस खबर से गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, कनाडा से अमेरिका के बीच ट्रक चलाने वाले गुरकीरत इंटरस्टेट-94 हाईवे पर अपना ट्रक खड़ा करके टायर की जांच कर रहे थे।

इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गुरकीरत की मौके पर ही मौत हो गई।मृतक के बुआ के बेटे रविंदर सिंह ने बताया कि गुरकीरत 2019 में विदेश गए थे और घर के इकलौते कमाने वाले थे। 2018 में उनके पिता का निधन हो चुका है, जिससे अब घर में केवल बुजुर्ग मां और दादी बची हैं।

यह भी पढ़ें- लुधियाना में ट्रक और ऑटो की टक्कर, ऑटो चालक समेत तीन की मौत, 3-4 घायल, चालक ट्रक छोड़कर फरार

जनवरी में होनी थी युवक की शादी

परिजनों ने बताया कि घर में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। आगामी 22 जनवरी को गुरकीरत की शादी तय थी और वे 3 दिसंबर को अपने घर वापस लौटने वाले थे। परिवार के सदस्य उनके आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, लेकिन हादसे की सूचना ने सभी खुशियों को मातम में बदल दिया। बुजुर्ग मां और दादी का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें- 80 साल बाद पाकिस्तान में खुला ऐतिहासिक गुरुद्वारा खारा साहिब, जत्थेदार ने किया उद्घाटन, सजे दीवान

भारत सरकार से हस्ताक्षेप की मांग

हादसे को लेकर सामने आई प्रारंभिक रिपोर्ट में दूसरे ट्रक चालक ने तेज हवा के कारण वाहन पर नियंत्रण खो देने का दावा किया गया है। हालांकि, गुरकीरत के परिवार ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है और दूसरे चालक की लापरवाही को हादसे का कारण बताया है।

परिवार ने भारत सरकार से हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने अपील की है कि जल्द से जल्द आवश्यक कागजी कार्रवाई और डेथ सर्टिफिकेट जारी करवाया जाए, ताकि गुरकीरत का पार्थिव शरीर भारत लाया जा सके।

यह भी पढ़ें- वर्धमान ग्रुप चेयरमैन से ठगी का मामला: ED ने दाखिल की पूरक शिकायत, डिजिटल अरेस्ट कर लिए थे 7 करोड़

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।