विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

80 साल बाद पाकिस्तान में खुला ऐतिहासिक गुरुद्वारा खारा साहिब, जत्थेदार ने किया उद्घाटन, सजे दीवान

Published: Sun, 29 Nov 2026 03:36 PM (IST)

विभाजन के 80 साल बाद पाकिस्तान के गुजरांवाला में गुरुद्वारा खारा साहिब फिर से खुल गया। जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने उद्घाटन किया और गुरु ग्रंथ साहिब का प्रकाश हुआ।

गुरुद्वारा खारा साहिब में अरदास करते हुए जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज।

गुरुद्वारा खारा साहिब में अरदास करते हुए जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज।

HighLights

  1. 80 साल बाद पाकिस्तान में ऐतिहासिक गुरुद्वारा फिर खुला।

  2. श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ने उद्घाटन किया।

  3. गुरुद्वारा खारा साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब का प्रकाश।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के गुजरांवाला जिले के नौशहरा विरकां क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा पातशाही छठी खारा साहिब (भाई के मट्टू) अस्सी वर्ष बाद संगत के लिए फिर खोल दिया गया। वर्ष 1947 में भारत-पाकिस्तान विभाजन के बाद से बंद पड़े इस गुरुद्वारा साहिब की सेवा-संभाल और नवीनीकरण के बाद यहां श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश किया गया।

इस ऐतिहासिक अवसर पर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज और पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एवं पंजाब सरकार, पाकिस्तान के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री रमेश सिंह अरोड़ा ने संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। पहली बार किसी गुरुद्वारा साहिब को सेवा-संभाल के बाद दोबारा खोलने का औपचारिक उद्घाटन श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ने किया है।

यह भी पढ़ें- 'पीएम मोदी की रैली के बाद तय होंगी भाजपा-शिअद की सीटें', लुधियाना में केवल ढिल्लों ने बताई गठजोड़ की रणनीति

जानें इस गुरुद्वारा साहिब का इतिहास

दरअसल, छठे पातशाह श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी वर्ष 1620 में कश्मीर यात्रा से लौटते समय इस स्थान पर पहुंचे थे। गुरु साहिब यहां करीब एक माह तक ठहरे और गुरसिखी का प्रचार किया। इस दौरान स्थानीय पंडित गुरु साहिब के सिख बने और उन्हें भाई का संबोधन प्राप्त हुआ। इसी कारण इस गुरुद्वारा साहिब को खारा साहिब के नाम से जाना जाता है। गांववासियों ने वर्ष 1940 से 1945 के बीच इसकी पक्की इमारत का निर्माण करवाया था।

गांव की निवासी माई सहजों जी ने यहां पक्का सरोवर बनवाया था। वर्ष 1900 से 1947 तक यहां लगातार श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश होता रहा। सावन महीने की पांच, छह और सात तारीख को वार्षिक जोड़ मेला आयोजित किया जाता था। यह गुरुद्वारा साहिब शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रबंधन अधीन था।

गुरुद्वारा साहिब में भाई जसपत जी की प्राचीन समाधि भी मौजूद है, जिसे नवीनीकरण के दौरान उसी स्वरूप में सुरक्षित किया गया है। भाई जसपत जी कठिन समय में स्वयं गांवों से राशन एकत्रित कर लंगर तैयार करते और जंगलों में जाकर सिंहों को भोजन करवाते थे। गुरुद्वारा साहिब की मंजी साहिब और गुंबद की सेवा भी भाई जसपत जी ने करवाई थी।

लाहौर आर्ट कालेज के सहयोग से जीर्णोद्धार

गुरुद्वारा साहिब की प्राचीन बनावट और विरासत को सुरक्षित रखते हुए मरम्मत व नवीनीकरण की सेवा शिरोमणि कमेटी सदस्य मोहिंदर सिंह हुसेनपुर के बेटे बरजिंदर सिंह हुसेनपुर और बीबी सुख सागर कौर के नेतृत्व वाली संस्था 'सेवा संभाल' ने अपने परिवार के सहयोग से पूरी की। संस्था ने सिख संगत, औकाफ बोर्ड और पाकिस्तान की पंजाब सरकार के सहयोग से समूचा कार्य पूरा किया।

नेशनल कालेज आफ आर्ट्स, लाहौर ने इस सेवा में सलाहकार के रूप में योगदान दिया। उद्घाटन से पहले जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने पांच प्यारों के साथ गुरु साहिब के समक्ष अरदास की। उन्होंने बिछड़े गुरुधामों के दोबारा सुचारू होने, सिख संगत की चढ़दी कला और चढ़ते व लहंदे पंजाब की तरक्की, शांति तथा भाईचारे की कामना की।

यह भी पढ़ें- पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले AAP को झटका, पूर्व सीएम चन्नी को हराने वाले विधायक डॉ. चरणजीत अकाली दल में शामिल

ननकाना साहिब से लाया गया पावन स्वरूप

इसके बाद गुरुद्वारा जन्म स्थान श्री ननकाना साहिब से लाए गए श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप का प्रकाश किया गया। रहिरास साहिब के पाठ के बाद दीवान सजाए गए और गुरबाणी कीर्तन हुआ। इसके बाद गुरुद्वारा साहिब के पार्क में संबोधन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें प्रमुख शख्सियतों को सम्मानित भी किया गया।

जत्थेदार गड़गज्ज ने कहा कि वर्ष 1947 के विभाजन के समय सिख पंथ अपने अनेक गुरुद्वारा साहिबान से बिछुड़ गया था। इनके खुले दर्शन-दीदार के लिए रोजाना अरदास की जाती है। करीब 80 साल बाद इस पावन स्थान पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश होना पूरे खालसा पंथ के लिए खुशी का अवसर है। वर्ष 2024 में अकाली नेता परमजीत सिंह सरना के कहने पर यहां आए थे। उन्हीं की प्रेरणा से इस स्थान की सेवा आरंभ हुई थी।

गुरुद्वारा साहिब की प्राचीन शैली को सुरक्षित रखने के लिए लाहौर के आर्ट कालेज की सलाह से पुरानी शैली की मीनाकारी की गई और प्राचीन पत्थरों को भी संभाला गया।

जत्थे को दर्शन करवाने का आग्रह

जत्थेदार ने रमेश सिंह अरोड़ा और एमएनए अजहर कय्यूम नाहरा से आग्रह किया कि अगली बार भारत से सिख श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान आए तो उन्हें गुरुद्वारा खारा साहिब के दर्शन भी करवाए जाएं।

उन्होंने पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी से यहां श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश स्थायी रूप से सुनिश्चित करने और जरूरत के अनुसार ग्रंथी, रागी व सेवादार नियुक्त करने को कहा। साथ ही स्थानीय प्रशासन से अन्य ऐतिहासिक गुरुधामों की तरह यहां भी पुख्ता सुरक्षा प्रबंध करने की अपील की।

यह भी पढ़ें- ईसाई समुदाय पर मंडरा सकता है बड़ा संकट, पाकिस्तान में ईशनिंदा की सजा सख्त करने से झूठे आरोप बढ़ने का खतरा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।