विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब में ट्रेन को डिरेल करने की साजिश! रेल पटरी पर रखे सीमेंट के भारी पिलर, गार्ड की सतर्कता से टला हादसा

Published: Wed, 25 Nov 2026 03:12 PM (IST)

फतेहगढ़ साहिब में रेल ट्रैक पर भारीभरकम सीमेंट के पिलर रखकर ट्रेन पलटाने की साजिश नाकाम कर दी गई। संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के गार्ड की सूचना पर रेलवे व पुलिस ने पिलर हटाए।

घटनास्थल पर जांच करते हुए पुलिस अधिकारी।

घटनास्थल पर जांच करते हुए पुलिस अधिकारी।

HighLights

  1. अज्ञात लोगों ने रेल ट्रैक पर सीमेंट पिलर रखे

  2. संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के गार्ड ने खतरा भांपा

  3. रेलवे और सुरक्षा टीमों ने ट्रैक सुरक्षित किया

जागरण संवाददाता, फतेहगढ़ साहिब। पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में एक बड़े रेल हादसे को अंजाम देने की खौफनाक साजिश को रेलवे कर्मचारी की सतर्कता और सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता ने नाकाम कर दिया है। रेलवे ट्रैक पर सीमेंट के भारी-भरकम पिलर रखकर ट्रेन को पटरी से उतारने की साजिश की गई थी। समय रहते ट्रैक से अवरोध हटा लिए जाने के कारण एक बड़ा हादसा और संभावित जनहानि टल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ के साथ-साथ केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं।

घटना मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि की है। रात करीब 12 बजकर 19 मिनट पर दिल्ली से जम्मू की ओर जा रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस जब सरहिंद रेलवे स्टेशन के समीप से गुजर रही थी, तभी ट्रेन के गार्ड की नजर समानांतर रेलवे लाइन पर रखे सीमेंट के भारी पिलरों पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए गार्ड ने बिना कोई देरी किए तुरंत इसकी सूचना सरहिंद के स्टेशन सुपरिंटेंडेंट को दी।

यह भी पढ़ें- फतेहगढ़ साहिब में दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर बस और ट्रक की भिड़ंत, एक की मौत; 15 से अधिक घायल

piller

ट्रैक पर रखे गए पिलर।

रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत की कार्रवाई

सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीमें तत्काल हरकत में आ गईं। सरहिंद जीआरपी थाना इंचार्ज जसविंदर सिंह और आरपीएफ एसएचओ भारी पुलिस बल तथा रेलवे कर्मचारियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। टीमों ने युद्धस्तर पर कार्रवाई करते हुए ट्रैक पर रखे भारी पिलरों को वहां से हटवाया और उस मार्ग से गुजरने वाली आगामी ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन को सुनिश्चित किया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बुधवार, 25 नवंबर को जीआरपी के एआईजी अमरदीप सिंह, डीएसपी गुरदीप सिंह और रेलवे सीआईए इंचार्ज राजपुरा परमिंदर सिंह ने घटनास्थल का दौरा कर बारीकी से मुआयना किया। उनके साथ रेलवे के वरिष्ठ तकनीकी अधिकारियों ने भी ट्रैक की सुरक्षा और स्थिति का गहन निरीक्षण किया।

यह भी पढ़ें- होशियारपुर: शिकार की तलाश में सोनालिका ट्रैक्टर प्लांट में दाखिल हुआ तेंदुआ, वन विभाग का सर्च ऑपरेशन जारी

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस

जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों के हाथ एक अहम सुराग लगा है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पता चला कि रात 12 बजकर 17 मिनट पर, यानी दिल्ली-जम्मू संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के गुजरने से ठीक दो मिनट पहले, एक संदिग्ध व्यक्ति रेल लाइनों के पास टॉर्च की रोशनी से कुछ देखता हुआ दिखाई दे रहा है।

पुलिस इस फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है और इसी कड़ी में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।

जीआरपी ने मामला दर्ज किया

एआईजी अमरदीप सिंह ने बताया कि समय पर सूचना मिलने और सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई से किसी भी तरह का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस इस साजिश के हर पहलू से गहन जांच कर रही है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी फुटेज के अलावा तकनीकी, इलेक्ट्रॉनिक और फॉरेंसिक साक्ष्यों की भी मदद ली जा रही है।

गौरतलब है कि दिल्ली-अमृतसर और जम्मू को जोड़ने वाला यह रेल मार्ग देश के सबसे व्यस्त और सामरिक रूप से महत्वपूर्ण रूटों में से एक है, जहां से प्रतिदिन दर्जनों यात्री और मालगाड़ियां गुजरती हैं। ऐसे में ट्रैक पर भारी पिलर रखने की इस हरकत को एक गहरी और सुनियोजित साजिश के तौर पर देखा जा रहा है।

जीआरपी ने इस संबंध में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पुलिस का दावा है कि साजिशकर्ताओं को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

यह भी पढ़ें- आबकारी और जीएसटी दफ्तर पहुंचे वित्त मंत्री, अधिकारियों की गैरहाजिरी पर भड़के, होगी सख्त विभागीय कार्रवाई


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।