विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरहिंद हाईवे बस हादसा: उपचार के दौरान मासूम और बुजुर्ग ने तोड़ा दम, मृतकों की संख्या पहुंची तीन

Published: Fri, 27 Nov 2026 04:38 PM (IST)

दिल्ली अमृतसर हाईवे पर हुए बस हादसे में घायल सात वर्षीय मासूम और बुजुर्ग की मौत से मृतकों की संख्या तीन हो गई। पुलिस ने लापरवाही के आरोप में बस चालक को गिरफ्तार किया है।

दो दिन पहले हुए सरहिंद बस हादसे की फाइल फोटो।

दो दिन पहले हुए सरहिंद बस हादसे की फाइल फोटो।

HighLights

  1. हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर अब तीन हो गई।

  2. सात वर्षीय मासूम और 65 वर्षीय बुजुर्ग ने दम तोड़ा।

  3. लापरवाही से बस चलाने वाला ड्राइवर गुरविंदर सिंह गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, फतेहगढ़ साहिब। दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर बुधवार को सरहिंद और मंडी गोबिंदगढ़ के बीच हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए सात वर्षीय मासूम गुरजाब सिंह और 65 वर्षीय बुजुर्ग सतनाम सिंह ने चंडीगढ़ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उधर, पुलिस ने जांच के बाद लापरवाही से बस चलाने के आरोप में अमृतसर के वेरका निवासी ड्राइवर गुरविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

बुधवार को हुई इस दुर्घटना में अमृतसर के गांव खैहराबाद निवासी सात वर्षीय गुरजाब सिंह और सुल्तानविंड निवासी सतनाम सिंह (65) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद फतेहगढ़ साहिब सिविल अस्पताल से चंडीगढ़ रेफर किया गया था। गुरजाब सिंह को पीजीआई चंडीगढ़ और सतनाम सिंह को सेक्टर-32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां दोनों की मौत हो गई।

यह भी पढ़ें- फतेहगढ़ साहिब में दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर बस और ट्रक की भिड़ंत, एक की मौत; 15 से अधिक घायल

घटना के बाद बस चालक गिरफ्तार

हादसे के दिन ही जान गंवाने वाले अमृतसर के गांव धरड़ निवासी बुजुर्ग श्रद्धालु दिलबाग सिंह (60) के शव का वीरवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया था। वहीं, आज शुक्रवार को पीजीआई चंडीगढ़ में मासूम गुरजाब सिंह के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। इस दर्दनाक खबर के बाद मृतकों के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।

मामले के जांच अधिकारी शाश्वत ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया था। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि यह हादसा बस ड्राइवर की लापरवाही के कारण हुआ। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ड्राइवर गुरविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जो स्वयं भी इस दुर्घटना में घायल हुआ था।

यह भी पढ़ें- पंजाब में ट्रेन को डिरेल करने की साजिश! रेल पटरी पर रखे सीमेंट के भारी पिलर, गार्ड की सतर्कता से टला हादसा

करनाल में गुरुद्वारा साहिब के दर्शनों को गई थी संगत 

गौरतलब है कि अमृतसर के जंडियाला गुरु क्षेत्र के गांव धरड़ और आसपास के इलाकों की करीब 50 लोगों की संगत हरियाणा के करनाल स्थित सत करतार गुरुद्वारा साहिब से गुरुपर्व मनाकर एक निजी बस से घर लौट रही थी।

बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे जब बस सरहिंद और मंडी गोबिंदगढ़ के बीच पहुंची, तो अचानक चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया और तेज रफ्तार बस आगे चल रहे एक ट्रक से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में बस सवार करीब 15 श्रद्धालु घायल हो गए थे।

यह भी पढ़ें- फतेहगढ़ साहिब में आवारा पशु को बचाने के चक्कर में सड़क हादसा, एक्टिवा सवार दो सगे भाइयों की मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।