विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फतेहगढ़ साहिब में आवारा पशु को बचाने के चक्कर में सड़क हादसा, एक्टिवा सवार दो सगे भाइयों की मौत

Published: Mon, 16 Nov 2026 04:53 PM (IST)

सरहिंद में तलवाड़ आटा चक्की के पास एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों रोहन और हर्ष की दर्दनाक मौत हो गई।

सरहिंद में भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों हर्ष (बाईं ओर) और रोहन (दाईं ओर) की मौत हो गई है। फाइल फोटो

सरहिंद में भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों हर्ष (बाईं ओर) और रोहन (दाईं ओर) की मौत हो गई है। फाइल फोटो

HighLights

  1. सरहिंद में भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत

  2. आवारा पशु के कारण अनियंत्रित बाइक ने एक्टिवा को टक्कर मारी

  3. आरोपी मोटरसाइकिल चालक फरार, पुलिस ने तलाश शुरू की

दीपक सूद, फतेहगढ़ साहिब। सरहिंद स्थित तलवाड़ आटा चक्की के नजदीक हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो जाने का दुखद समाचार सामने आया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे के बाद आरोपी मोटरसाइकिल चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है। मामले की जानकारी देते हुए थाना सरहिंद के सब-इंस्पेक्टर जसपाल सिंह ने बताया कि मृतकों के भाई और सरहिंद निवासी करण कश्यप ने पुलिस को अपने बयान दर्ज करवाए हैं।

करण के अनुसार, यह दुर्घटना उस समय घटित हुई जब सरहिंद के ही रहने वाले उसके दोनों भाई, 17 वर्षीय रोहन और 13 वर्षीय हर्ष, अपनी एक्टिवा स्कूटी पर सवार होकर तलवाड़ आटा चक्की के पास से गुजर रहे थे।

इसी दौरान सामने से एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल आ रही थी। अचानक सड़क पर एक आवारा पशु आ जाने के कारण तेज रफ्तार बाइक चालक अपना संतुलन खो बैठा और वाहन अनियंत्रित हो गया। अनियंत्रित हुई बाइक ने सामने से आ रही रोहन और हर्ष की एक्टिवा में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई स्कूटी समेत सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए।घटना के तुरंत बाद करण कश्यप ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायल भाइयों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रोहन को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, दूसरे भाई हर्ष की बेहद नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया था, जहां उपचार के दौरान सोमवार को उसने भी दम तोड़ दिया।

सब-इंस्पेक्टर जसपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार मोटरसाइकिल चालक की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि रोहन का पोस्टमार्टम पहले ही सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब में करवाया जा चुका है, जबकि हर्ष के शव का पोस्टमार्टम आज सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब में करवाया जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।