विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदकोट में मोटरसाइकिल फिसलने पर विवाद, 10 से ज्यादा हमलावरों ने दुकानदार से की मारपीट; CCTV में कैद हुई घटना

Published: Thu, 12 Nov 2026 01:20 PM (IST)

पुरानी अनाज मंडी में मोटरसाइकिल फिसलने के विवाद को लेकर 10 से अधिक हमलावरों ने दुकान में घुसकर बाप-बेटे पर ...और पढ़ें

सीसीटीवी में कैद हुए हमलावर और बाजार खुलवाने के लिए पहुंची पुलिस।

सीसीटीवी में कैद हुए हमलावर और बाजार खुलवाने के लिए पहुंची पुलिस।

HighLights

  1. मोटरसाइकिल फिसलने पर मामूली बहसबाजी ने लिया हिंसक रूप।

  2. दस से अधिक हमलावरों ने दुकानदार और बेटों पर किया हमला।

  3. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।

जागरण संवाददाता, फरीदकोट। फरीदकोट की पुरानी अनाज मंडी में बुधवार देर शाम मामूली बहसबाजी के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कुछ व्यक्तियों ने एक दुकानदार और उसके बेटों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। हमलावरों पर रिवाल्वर के बट से वार करने और गोली मारने की धमकियां देने के भी आरोप लगाए गए हैं।

घटना मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। इस घटना के विरोध में वीरवार सुबह व्यापारियों ने पुरानी अनाज मंडी की दुकानें बंद रखकर रोष जताया। करीब तीन घंटे तक मंडी में कारोबार ठप रहा। बाद में विधायक गुरदित सिंह सेखों और डीएसपी तरलोचन सिंह द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद व्यापारियों ने दुकानें खोल दीं।

यह भी पढ़ें- अमृतसर के टांगरा में अवैध नशा मुक्ति केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग का छापा, नाबालिगों समेत 75 मरीज छुड़ाए

मोटरसाइकिल फिसलने के बाद शुरू हुई बहसबाजी

पीड़ित दुकानदार अमित सेठी ने बताया कि बुधवार शाम करीब सात बजे उनके बेटे एक्टिवा और बुलेट मोटरसाइकिल पर घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तीन युवक मोटरसाइकिल पर सामने से आ रहे थे। पुरानी अनाज मंडी रोड पर दोनों मोटरसाइकिलें आमने-सामने से गुजरते समय काफी नजदीक आ गईं।

हालांकि दोनों वाहनों के बीच टक्कर नहीं हुई, लेकिन एक मोटरसाइकिल फिसल गई। इसके बाद मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उनके बेटों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। अमित सेठी के अनुसार, उनके बेटों ने युवकों को गाली-गलौज करने से रोका और विवाद को शांत करने की कोशिश की। वह उस समय अपनी दुकान पर बैठे थे। जब उन्होंने दूर से बेटों के साथ युवकों को झगड़ते देखा तो वह मौके पर पहुंचे।

आरोप है कि वहां एक युवक ने उनका कॉलर पकड़ लिया। जब उनके बेटे ने इसका विरोध किया तो युवक ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके जवाब में उन्होंने भी युवक को थप्पड़ मार दिया। इस दौरान युवक की टी-शर्ट भी फट गई, जिसके बाद युवक वहां से चले गए।

यह भी पढ़ें- पंजाब में पूर्व SSP गुरमीत रंधावा को 7 साल की सजा, 34 वर्ष पुराने ट्रांसपोर्टर किडनैपिंग केस में CBI कोर्ट का फैसला

10 से अधिक हमलावर पहुंचे

पीड़ित दुकानदार ने आरोप लगाया कि शुरुआती विवाद के कुछ समय बाद दूसरे पक्ष के 10 से अधिक व्यक्ति गाड़ी में सवार होकर उनकी दुकान पर पहुंच गए। उनके पास रिवाल्वर भी था। आरोपितों ने दुकान पर पहुंचकर उनके परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। इस दौरान उनके ताया के बेटे और गौरव रखड़ा सहित परिवार के अन्य सदस्य भी हमले का शिकार हुए।

अमित सेठी ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके बेटे जय सेठी के सिर पर रिवाल्वर के बट से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले में उनकी अपनी आंख को भी नुकसान पहुंचा। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

व्यापारियों ने बंद रखीं दुकानें

घटना से नाराज व्यापार एसोसिएशन ने वीरवार सुबह पुरानी अनाज मंडी की दुकानें बंद रखने का फैसला किया। इसके चलते सुबह से ही मंडी के दुकानदार एकत्रित होने शुरू हो गए और आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

इसके बाद करीब 11 बजे विधायक गुरदित सिंह सेखों और डीएसपी तरलोचन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों और पीड़ित परिवार से बातचीत कर मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने सुबह करीब 11:30 बजे अपनी दुकानें खोल दीं।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू

इस संबंध में डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित परिवार के बयान दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

यह भी पढ़ें- धान कटाई के बीच पंजाब में 5500 के पार पहुंचे पराली जलाने के मामले; 1,259 दर्ज हुईं FIR; फिरोजपुर सबसे आगे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।