अमृतसर के टांगरा में अवैध नशा मुक्ति केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग का छापा, नाबालिगों समेत 75 मरीज छुड़ाए
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने टांगरा में अवैध रूप से चल रहे एक नशा मुक्ति केंद्र पर छापेमारी की। वहां ...और पढ़ें

अवैध नशा छुड़ाओ केंद्र पर जांच करते हुए स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीम।
HighLights
अमृतसर में अवैध नशा मुक्ति केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग का छापा।
केंद्र से 70-75 युवक, जिनमें नाबालिग भी, छुड़ाए गए।
सभी मरीजों को सरकारी नशा मुक्ति केंद्र में स्थानांतरित किया गया।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। अमृतसर जिले में बिना अनुमति चल रहे नशा मुक्ति केंद्रों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने टांगरा अड्डे के पास जीटी रोड स्थित भई मनी सिंह जी गुरमत विद्यालय में चल रहे एक अनधिकृत नशा मुक्ति केंद्र पर छापेमारी की। जांच के दौरान केंद्र में 70 से 75 युवक भर्ती मिले।
इनमें 18 वर्ष से कम आयु के किशोर भी शामिल थे। केंद्र संचालक मौके पर न तो पंजीकरण प्रमाणपत्र दिखा सके और न ही अन्य जरूरी दस्तावेज उपलब्ध करवा पाए।
यह भी पढ़ें- बठिंडा की हवा हुई जहरीली, AQI 337 तक पहुंचा; पंजाब का सबसे प्रदूषित शहर बना
मरीज सरकारी नशा छुड़ाओ केंद्र में शिफ्ट
सिविल सर्जन डा. भारती धवन के दिशा निर्देशों पर की गई इस कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने केंद्र में भर्ती सभी मरीजों को स्वामी विवेकानंद नशा मुक्ति केंद्र अमृतसर में शिफ्ट करवा दिया। मरीजों की संख्या 70 से 75 के बीच बताई गई है। मामले में आगे की कार्रवाई के लिए थाना तरसिक्का को सूचित किया गया।
यह भी पढ़ें- देश की पहली डिजिटल जनगणना 2027, पंजाब में 16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन खुद भर सकेंगे जानकारी; जानें पूरी प्रक्रिया
केंद्रों के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई
छापेमारी करने वाली टीम में डिप्टी मेडिकल कमिश्नर डा. सरबजीत सिंह, मनोरोग विशेषज्ञ डा. परमप्रीत कौर, ड्रग इंस्पेक्टर सुखदीप सिंह, बबलीन कौर और दीपक राय शामिल थे। सिविल सर्जन ने स्पष्ट किया है कि जिले में चल रहे सभी नशा मुक्ति केंद्रों के लिए सरकारी नियमों और निर्धारित मापदंडों के तहत पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। बिना अनुमति केंद्र चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।