विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड के विरोध में भाजपा का पंजाब में प्रदर्शन, फरीदकोट जिला प्रधान को हिरासत में लिया

Published: Wed, 14 Oct 2026 03:02 PM (IST)

हत्याकांड के विरोध में राज्यभर में विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया, जबकि कई स्थानों पर पुतले फूंके गए।

फरीदकोट जिला प्रधान को हिरासत में लिया गया।

फरीदकोट जिला प्रधान को हिरासत में लिया गया।

HighLights

  1. परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन।

  2. फरीदकोट में भाजपा जिला अध्यक्ष सन्नी बराड़ हिरासत में।

  3. पंजाब में कानून व्यवस्था और नशा कारोबार पर सवाल।

जागरण संवाददाता, फरीदकोट/जालंधर। मानसा में परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में बुधवार को भाजपा के आहवान पर राज्य के विभिन्न जिलों में प्रदर्शन किया जा रहा है। जालंधर में जहां एक तरफ पुतला फूंका गया, वहीं फरीदकोट में प्रदर्शन कर रहे जिला प्रधान संदीप सिंह सन्नी बराड़ को हिरासत में लिया गया है। गौरतलब है कि कल की घटना के बाद भाजपा ने पूरे राज्य में प्रदर्शन करने का एलान किया था।

फरीदकोट में घंटा घर चौक पर भाजपा नेताओं की तरफ से रोष प्रदर्शन किया। इसके बाद जब प्रदर्शनकारी एसएसपी कार्यालय के बाहर धरना देने पहुंचे तो पुलिस ने जिला प्रधान सन्नी बराड़ सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

यह भी पढ़ें- परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड में बड़ा एक्शन, आरोपी केमिस्ट के घर चला बुलडोजर; गुस्साए लोगों ने दुकान में लगाई आग

इंसाफ की मांग कर रहे भाजपा नेता

जिला भाजपा कमेटी की ओर से परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड के विरोध में रोष प्रदर्शन करने का कार्यक्रम रखा गया था। प्रदर्शन के बाद भाजपा नेताओं द्वारा एसएसपी कार्यालय के समक्ष धरना देकर मामले में इंसाफ की मांग की जानी थी। जैसे ही संदीप सिंह सन्नी बराड़, जिला महासचिव गगन सेठी, हरचरण सिंह संधू, डॉ. रमनदीप सहित अन्य नेता और कार्यकर्ता एसएसपी कार्यालय के सामने पहुंचे तो वहां तैनात पुलिस टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

इस दौरान भाजपा जिला प्रधान संदीप सिंह सन्नी बराड़ ने कहा कि पंजाब में दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं, लेकिन ऐसी घटनाओं में पीड़ित परिवारों को इंसाफ दिलाने की बजाय रोष प्रदर्शन करने वाले लोगों को हिरासत में लिया जा रहा है। उन्होंने इसे निंदनीय करार देते हुए पंजाब सरकार पर निशाना साधा।

यह भी पढ़ें- परविंदर झोटा की हत्या के बाद पंजाब में हड़कंप, अमृतपाल की पार्टी के कई कार्यकर्ता हिरासत में; तरसेम सिंह ने लगाए आरोप

जालंधर में नशे के खिलाफ बोले भाजपा नेता

प्रदर्शन जिला भाजपा अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की की अध्यक्षता में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा नेताओं ने कहा कि पंजाब में नशा बड़ा मुद्दा बन चुका है और सरकार की कार्रवाई बेहद खराब है। जिला प्रधान ने कहा कि मानसा में नशा विरोधी मुहिम चला रहे परविंदर सिंह झोटा की हत्या से साबित होता है कि नशा कारोबारियों की जड़ें कितनी गहरी हो गई हैं और वे सरेआम कत्ल तक करवा रहे हैं।

भाजपा ने मांग की कि राज्य में कानून व्यवस्था सुधारने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं और नशा कारोबारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए ताकि आम लोगों में सुरक्षा की भावना बहाल हो सके।

यह भी पढ़ें- 'परविंदर सिंह झोटा को मिले शहीद का दर्जा', मानसा में पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद बोले राजा वड़िंग