CM मान ने लॉन्च किया हुनर पंजाब पोर्टल, युवाओं को कौशल के अनुसार रोजगार से जोड़ने में मिलेगी मदद
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हुनर पंजाब पोर्टल लॉन्च किया, जिससे 1750 प्रशिक्षण संस्थान उद्योगों से जुड़ेंगे और युवाओं को कौशल के अनुसार रोजगार के अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री भगंत मान पोर्टल की जानकारी देते हुए।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब के युवाओं को उनकी योग्यता और प्रशिक्षण के मुताबिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हुनर पंजाब पोर्टल लॉन्च किया। इसके साथ ही फास्ट ट्रैक पंजाब पोर्टल पर फिस्कल इंसेंटिव मॉड्यूल भी शुरू किया गया।
लॉन्च के अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि इस पूरी पहल के तहत कुल चार मॉड्यूल तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें से दो मॉड्यूल बुधवार को लॉन्च किए गए हैं, जबकि दो अन्य मॉड्यूल बाद में लॉन्च किए जाएंगे।
हुनर पंजाब पोर्टल के तहत प्रदेश के करीब 1750 प्रशिक्षण संस्थानों को एक मंच पर जोड़ा गया है। इनमें आइटीआइ, पॉलीटेक्निक, मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय शामिल हैं। इसका मुख्य उद्देश्य उद्योगों की जरूरत और युवाओं के हुनर के बीच सीधा संपर्क स्थापित करना है।
यह भी पढ़ें- Punjab Mandi Price: सराफा बाजार में चमके सोना-चांदी, पंजाब की मंडियों में अनाज-दालों के दाम स्थिर
पोर्टल का सीधा फायदा युवाओं को
पोर्टल का सीधा फायदा युवाओं को यह होगा कि उद्योगों को एक ही जगह पर यह जानकारी मिल सकेगी कि पंजाब के अलग-अलग संस्थानों में कौन-कौन से कोर्स चल रहे हैं और उनमें कितने विद्यार्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इसके आधार पर कंपनियां अपनी जरूरत के मुताबिक संबंधित संस्थानों से संपर्क कर सकेंगी और प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि उद्योग अपने लॉगइन के जरिए पोर्टल पर उपलब्ध कोर्स और विद्यार्थियों की जानकारी देख सकेंगे। इसके बाद वे अपनी जरूरत के मुताबिक संबंधित संस्थान को मांग भेज सकेंगे। संस्थान भी अपनी तरफ से प्रशिक्षित विद्यार्थियों को रोजगार के अवसरों से जोड़ सकेंगे। इससे उद्योगों को प्रशिक्षित मैनपावर और युवाओं को उनकी स्किल के मुताबिक रोजगार उपलब्ध कराने के बीच सीधा संपर्क तैयार होगा।
यह भी पढ़ें- नगर निगम चुनाव पर अकाली दल ने उठाए सवाल, राज्य चुनाव आयुक्त को हटाने की राज्यपाल से की मांग
प्रशिक्षित मैनपावर की जरूरत होगी पूरी
लॉन्च के अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि उद्योगों की ओर से मुख्य रूप से दो जरूरतें सामने आती हैं। पहली प्रशिक्षित मैनपावर की उपलब्धता और दूसरी निवेशकों को मिलने वाले वित्तीय प्रोत्साहनों की जानकारी। हुनर पंजाब पोर्टल के माध्यम से प्रशिक्षित मैनपावर की जरूरत को पूरा करने की दिशा में काम किया गया है।
इसके साथ ही फास्ट ट्रैक पंजाब पोर्टल पर शुरू किया गया फिस्कल इंसेंटिव मॉड्यूल निवेशकों के लिए पासबुक की तरह काम करेगा। इसमें निवेशकों को एक ही जगह पर उपलब्ध और पहले हासिल किए जा चुके वित्तीय प्रोत्साहनों की जानकारी मिल सकेगी। इससे इंसेंटिव की प्रक्रिया को अधिक स्पष्ट बनाने में मदद मिलेगी।
अधिकारियों के मुताबिक, वर्ष 2022 से अब तक पंजाब में करीब 1.89 लाख करोड़ रुपये का निवेश हुआ है और इससे 6.31 लाख रोजगार पैदा हुए हैं।
2600 परियोजनाओं को मिली इस साल मंजूरी
वर्ष 2025-26 में करीब 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश और लगभग 2600 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। अधिकारियों के अनुसार करीब 1.09 लाख करोड़ रुपये का वास्तविक निवेश जमीन पर हो चुका है और तीन लाख 80 हजार से अधिक नौकरियां भी पैदा हुई हैं।
चार मॉड्यूल वाली इस पहल के तहत फिलहाल दो मॉड्यूल को लॉन्च किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाकी दो मॉड्यूल भी बाद में लॉन्च किए जाएंगे, जिसके बाद इस डिजिटल व्यवस्था के जरिए उद्योगों, प्रशिक्षण संस्थानों, युवाओं और निवेशकों को एक व्यापक मंच उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
