'किसे नियुक्त कर रहे मुख्य चुनाव आयुक्त...', SGPC चुनाव पर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने केंद्र से मांगा जवाब
एसजीपीसी चुनाव कराने और मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति को लेकर हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार से जवाब मांगा है। केंद्र ...और पढ़ें

ये AI जनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
SGPC चुनाव में मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति पर देरी।
पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार से मांगा स्पष्टीकरण।
केंद्र ने जवाब दाखिल करने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा।
दयानंद शर्मा, चंडीगढ़। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के चुनाव का इंतजार कर रहे मतदाताओं के लिए फिलहाल राहत की उम्मीद एक बार फिर टल गई है। चुनाव कराने की दिशा में सबसे अहम जिम्मेदारी निभाने वाले मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार से जवाब तलब किया है।
हाईकोर्ट ने केंद्र से स्पष्ट रूप से पूछा है कि एसजीपीसी चुनाव कराने के लिए किस व्यक्ति को मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त किया जा रहा है? मामले की सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने अपना पक्ष रखने के लिए दो सप्ताह का अतिरिक्त समय मांगा। इस पर हाईकोर्ट ने सुनवाई स्थगित कर दी, लेकिन केंद्र सरकार को जवाब दाखिल करने का अंतिम अवसर देते हुए अगली सुनवाई से पहले नियुक्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- पंजाब के नगर निकाय कर्मचारियों के बकाये पर हाईकोर्ट सख्त, सरकार से मांगा GPF और रिटायरमेंट लाभ का पूरा हिसाब
30 सितंबर को भी केंद्र को दिए थे निर्देश
एसजीपीसी चुनाव को लेकर कई याचिकाएं पिछले कुछ वर्षों से हाईकोर्ट में लंबित हैं। इन याचिकाओं में चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया है। चुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार की जा चुकी है, लेकिन मुख्य चुनाव आयुक्त का पद रिक्त होने के कारण चुनाव कराने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।
दरअसल, एसजीपीसी चुनाव के लिए सेवानिवृत्त न्यायाधीश एसएस सारों को मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया था। उनका कार्यकाल समाप्त होने के बाद नए मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति का सवाल खड़ा हो गया। इसके बाद हाईकोर्ट में मांग उठाई गई कि चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए सबसे पहले नए मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए।
यह भी पढ़ें- पंजाब के नगर निकायों में GPF और रिटायरमेंट लाभ का कितना पैसा बकाया? हाईकोर्ट ने सरकार से मांगा पूरा हिसाब
चुनाव कराने की जिम्मेदारी पर टिकी निगाहें
इस मामले में 30 सितंबर को हुई सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार को निर्देश दिया था कि वह अदालत को बताए कि एसजीपीसी चुनाव के लिए नए मुख्य चुनाव आयुक्त के रूप में किसकी नियुक्ति की जा रही है।
केंद्र सरकार को आज की सुनवाई में इस संबंध में जानकारी देनी थी, लेकिन उसने जवाब दाखिल करने के लिए दो सप्ताह का समय मांग लिया। हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार को और समय देते हुए साफ कर दिया कि अगली सुनवाई से पहले जवाब दाखिल करना होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।