गुरु साहिबान के चित्रों से पहचान बनाने वाले सरदार सोभा सिंह को केंद्र का सम्मान, जारी किया 125 रुपये का सिक्का
महान चित्रकार की 125वीं जयंती पर केंद्र सरकार ने 125 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया है। कला क्षेत्र और सांस्कृतिक विरासत में उनके योगदान को यह राष्ट्रीय सम्मान दिया गया।

सरदार सोभा सिंह की फाइल फोटो।
HighLights
125 रुपये का स्मारक सिक्का सरदार सोभा सिंह को समर्पित।
भारतीय कला और सिख इतिहास में उनके योगदान का सम्मान।
गुरु नानक देव और गुरु गोबिंद सिंह के चित्र प्रसिद्ध।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब में गुरदासपुर के श्री हरगोबिंदपुर में जन्मे महान चित्रकार सरदार सोभा सिंह की 125वीं जयंती पर केंद्र सरकार ने 125 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया है। भारतीय कला जगत में उनके योगदान और सिख इतिहास को चित्रकला के माध्यम से वैश्विक पहचान दिलाने के लिए यह सम्मान दिया गया है। पूर्व सांसद तरलोचन सिंह ने इसे देश की ओर से महान चित्रकार को दी गई राष्ट्रीय श्रद्धांजलि बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया है।
तरलोचन सिंह ने बताया कि उन्होंने 30 मई 2026 को प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सरदार सोभा सिंह की 125वीं जयंती के अवसर पर उनके नाम पर स्मारक सिक्का जारी करने की मांग की थी। उनका कहना था कि सरदार सोभा सिंह ने अपनी कला के माध्यम से देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।
ऐसे कलाकार की 125वीं जयंती को विशेष रूप से यादगार बनाने के लिए स्मारक सिक्का जारी किया जाना चाहिए। केंद्र सरकार की ओर से अब यह सिक्का जारी किए जाने पर उन्होंने प्रधानमंत्री को धन्यवाद पत्र भी भेजा है।
यह भी पढ़ें- 'मोदी सरकार ने इतनी महंगाई बढ़ाई कि घर चलाना मुश्किल', पंजाब में चुनावी बिगुल फूंकने मोगा पहुंचे अरविंद केजरीवाल
सोभा सिंह की तस्वीरें दुनियाभर में प्रसिद्ध
सरदार सोभा सिंह की बनाई गुरु नानक देव जी और गुरु गोबिंद सिंह जी की तस्वीरें दुनियाभर में प्रसिद्ध हैं। उनकी चित्रकला ने गुरु साहिबान की शख्सियत, सिख इतिहास और धार्मिक विरासत को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी कलाकृतियां केवल चित्रकला तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि सिख समुदाय की सांस्कृतिक पहचान का भी महत्वपूर्ण हिस्सा बनीं।
यही वजह है कि उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किए जाने की मांग लंबे समय से महत्वपूर्ण मानी जाती रही है।
सरकार ने जारी की अधिसूचना
सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, स्मारक सिक्के को 25 नवंबर को भारत के राजपत्र में अधिसूचित किया गया है। सिक्के के एक तरफ अशोक स्तंभ और दूसरी तरफ सरदार सोभा सिंह का चित्र अंकित होगा। इसका वजन 32 ग्राम और व्यास 44 मिलीमीटर होगा। 125 रुपये का यह सिक्का उनकी 125वीं जयंती को समर्पित है।
यह भी पढ़ें- सिविल सेवा खेल प्रतियोगिता: एथलेटिक्स, टेनिस और हॉकी टीम चयन के लिए पंजाब में होगा 2 दिसंबर को ट्रायल
पंजाब में जन्मे, हिमाचल को बनाया कर्मभूमि
29 नवंबर 1901 को पंजाब के श्री हरगोबिंदपुर में जन्मे सरदार सोभा सिंह ने विभाजन के बाद हिमाचल प्रदेश के अंद्रेटा को अपनी कर्मभूमि बनाया था। उन्होंने जीवन का बड़ा हिस्सा यहीं रहकर कला साधना में बिताया। भारतीय चित्रकला में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए वर्ष 1983 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। स्मारक सिक्का जारी होना उनकी कला, साधना और सांस्कृतिक विरासत को देश की ओर से मिला एक महत्वपूर्ण सम्मान है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।