'बड़े नेता छोड़ें टिकट का मोह, 70 सीटों पर दें युवाओं को मौका', राजा वड़िंग का पंजाब कांग्रेस को सुझाव
राजा वड़िंग ने कांग्रेस में युवाओं को 65 से 70 टिकट देने और वरिष्ठ नेताओं से मोह छोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि नए चेहरों ने दिग्गजों को हराया है।

पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग।
HighLights
राजा वड़िंग ने 2027 चुनाव में युवाओं को मौका देने की पैरवी की।
वरिष्ठ नेताओं को युवाओं के लिए रास्ता बनाना चाहिए।
नए चेहरों ने बड़े नेताओं को हराया, उदाहरण प्रस्तुत किए।
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने विधानसभा चुनाव 2027 में पार्टी को दोबारा मजबूत करने के लिए युवा चेहरों पर दांव लगाने की पैरवी की है। उनका मानना है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को टिकट और राजनीतिक जिम्मेदारियों का मोह छोड़कर युवाओं के लिए रास्ता बनाना होगा। यदि पार्टी 65 से 70 विधानसभा सीटों पर 35 से 40 वर्ष तक के युवाओं को मौका देती है तो पंजाब की राजनीति में नई ऊर्जा आ सकती है।
एक इंटरव्यू में राजा वड़िंग ने कहा कि कांग्रेस में लोगों को (कार्यकर्ताओं ) नाराजगी पार्टी से नहीं, बल्कि उन नेताओं से है, जिन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्रों में ऐसा घेरा बना लिया है कि नए लोगों की एंट्री नहीं हो पाती। अमरिंदर सिंह ने कहा कि राहुल गांधी भी चाहते हैं कि पार्टी अपने दरवाजे नए लोगों के लिए खोले। हर विधानसभा क्षेत्र में पांच-पांच युवाओं को जोड़कर संगठन को मजबूत किया जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें- 'मोदी सरकार ने इतनी महंगाई बढ़ाई कि घर चलाना मुश्किल', पंजाब में चुनावी बिगुल फूंकने मोगा पहुंचे अरविंद केजरीवाल
नए चेहरों ने बड़े नेता हराए
वड़िंग ने चुनावों में नए चेहरों की सफलता के उदाहरण देते हुए कहा कि अजीत पाल सिंह कोहली ने कैप्टन अमरिंदर सिंह को, टेलीफोन रिपेयर करने वाले लाभ सिंह ने चरणजीत सिंह चन्नी को और जगरूप सिंह गिल जैसे नए चेहरों ने मनप्रीत सिंह बादल को हराया।
गुरमीत सिंह खुंडिया ने प्रकाश सिंह बादल को शिकस्त दी। गोल्डी युवा कांग्रेस से जुड़े थे, लेकिन उपचुनाव में कांग्रेस ने उन्हें टिकट नहीं दिया। ऐसे फैसलों से युवा निराश होते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी को नए और अच्छे लोगों पर दांव लगाने का साहस करना होगा।
यह भी पढ़ें- 'चुनौतियों से लड़कर बनी पहचान, काम की राजनीति से बदली तस्वीर', स्थापना दिवस पर अरविंद केजरीवाल का संदेश
नेताओं को खुद युवाओं को देना चाहिए मौका
वड़िंग ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं को खुद भी राजनीतिक संन्यास लेकर नई पीढ़ी के लिए जगह बनानी चाहिए। उन्होंने अपने उदाहरण का हवाला देते हुए कहा कि उन्हें 2012 में टिकट मिला था। शुरुआती दिनों में पीछे रहने के बावजूद उन्होंने मेहनत से चुनाव में बढ़त बनाई। पार्टी को इसी तरह युवाओं पर भरोसा करना चाहिए।
उन्होंने संगठन में स्थानीय स्तर पर नेताओं के कब्जे की समस्या उठाते हुए कहा कि जब सुनील जाखड़ कांग्रेस छोड़कर गए तो कई क्षेत्रों में पूरा संगठन उनके साथ चला गया था। बाद में पार्टी ने धीरे-धीरे नए लोगों को तैयार किया। बूथ स्तर तक मजबूत कार्यकर्ता खड़े किए बिना चुनाव जीतना मुश्किल है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी की रैलियों में भीड़ जुटती है, लेकिन बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की कमी चुनावी नतीजों पर असर डालती है।
राजा वड़िंग ने कांग्रेस में फैसले लेने की प्रक्रिया में देरी और सभी नेताओं को सुनने की परंपरा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पार्टी को एकजुट होकर जमीन पर काम करना होगा। भगवंत मान सरकार पर पंजाब को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मजबूत संगठन और युवा नेतृत्व के दम पर सत्ता में वापसी की तैयारी करनी चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।