अकाली-BJP गठबंधन के एलान के समय क्यों गायब रहे कैप्टन अमरिंदर सिंह, उठने लगे कई सियासी सवाल; पहले भी जता चुके हैं दर्द
शिअद-भाजपा गठबंधन की घोषणा के मंच से कैप्टन अमरिंदर सिंह की गैरमौजूदगी ने पंजाब की राजनीति में नए सवाल खड़े कर दिए हैं। उनकी अनुपस्थिति को भाजपा में उनकी भूमिका और राजनीतिक समीकरणों में बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।

कैप्टन अमरिंदर सिंह। फाइल फोटो
HighLights
शिअद-भाजपा गठबंधन घोषणा में कैप्टन अमरिंदर सिंह अनुपस्थित रहे।
उनकी गैरमौजूदगी ने भाजपा में उनकी भूमिका पर सवाल उठाए।
कैप्टन ने पहले भी भाजपा में अनदेखी पर नाराजगी जताई थी।
रमनजीत सिंह मणकू, चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भाजपा के छह साल बाद फिर साथ आने से पंजाब की राजनीति में नए समीकरण बनने लगे हैं। हालांकि, गठबंधन की औपचारिक घोषणा के मंच से पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की गैरमौजूदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
जिस गठबंधन की पैरवी कैप्टन लंबे समय से करते आ रहे थे, उसके एलान के मौके पर उनकी अनुपस्थिति ने भाजपा में उनकी वास्तविक राजनीतिक भूमिका को लेकर चर्चाओं को हवा दे दी है।
इस चर्चा की एक वजह 10 नवंबर को दिल्ली में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन समारोह में कैप्टन की मौजूदगी भी है। समारोह में वह पहली कतार में बैठे नजर आए थे। उनकी इस मौजूदगी और शिअद-भाजपा गठबंधन के एलान के मंच से उनकी दूरी को राजनीतिक हलकों में अलग-अलग नजरिये से देखा जा रहा है।
बीजेपी के लिए अकेले सत्ता हासिल करना आसान नहीं
दरअसल, कैप्टन अमरिंदर सिंह कई मौकों पर शिअद के साथ गठबंधन की खुलकर पैरवी कर चुके हैं। उनका कहना रहा है कि पंजाब की जमीनी राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए भाजपा के लिए अकेले सत्ता हासिल करना आसान नहीं है।
वह यहां तक कह चुके हैं कि यदि भाजपा ने शिअद के साथ गठबंधन नहीं किया तो 2027 ही नहीं, 2032 और 2037 में भी उसके लिए पंजाब की सत्ता तक पहुंचना मुश्किल होगा। चर्चा यह भी है कि पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात के दौरान कैप्टन ने उन्हें गठबंधन पर दोबारा विचार करने का सुझाव दिया था। इसके बाद भाजपा और शिअद के बीच गठबंधन की संभावनाओं पर नए सिरे से चर्चा शुरू हुई।
यह भी पढ़ें- पंजाब में अकाली दल बना 'बड़ा भाई', क्या है BJP का असली प्लान? CM की कुर्सी छोड़ने की Inside Story
भाजपा में अनदेखी का दर्द भी जता चुके हैं कैप्टन
भाजपा में अपनी अनदेखी को लेकर कैप्टन अमरिंदर सिंह पहले भी कई बार खुलकर नाराजगी जता चुके हैं। उनका कहना रहा है कि करीब छह दशक तक पंजाब की राजनीति में सक्रिय रहने और दो बार मुख्यमंत्री समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने के बावजूद भाजपा उनके अनुभव का इस्तेमाल नहीं कर रही है।
एक साक्षात्कार में उन्होंने यहां तक कहा था कि भाजपा में शामिल होने के चार वर्षों के दौरान उन्हें वास्तव में कुछ हासिल नहीं हुआ। पंजाब से जुड़े मामलों में उनसे सलाह तक नहीं ली जाती।
ऐसे में शिअद-भाजपा गठबंधन की घोषणा के मंच से कैप्टन की गैरमौजूदगी को महज संयोग मानना मुश्किल हो रहा है। क्या भाजपा में उनकी भूमिका सीमित हो रही है या फिर गठबंधन के नए राजनीतिक समीकरणों में उनके लिए कोई अलग रणनीति तैयार की जा रही है? फिलहाल इन सवालों के जवाब आने वाला समय ही देगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।