'पंजाब में अकाली-भाजपा गठबंधन से कांग्रेस की बनेगी सरकार', भूपेंद्र हुड्डा ने समझाया गणित
भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि पंजाब में शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के गठबंधन से कांग्रेस को लाभ होगा और अगली सरकार कांग्रेस की बनेगी।
-1795623493085_m.webp)
हरियाणा में कांग्रेस नेताओं के साथ भूपेंद्र हुड्डा। फोटो जागरण
HighLights
हुड्डा ने अकाली-भाजपा गठबंधन को कांग्रेस के लिए फायदेमंद बताया।
पंजाब में अगली सरकार कांग्रेस की बनेगी, भूपेंद्र हुड्डा का दावा।
कांग्रेस 26 नवंबर को पंचकूला में संविधान रक्षा मार्च निकालेगी।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब में शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के गठबंधन को हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस के लिए फायदेमंद बताया। हुड्डा का कहना है कि दोनों दलों के साथ आने से कांग्रेस को लाभ होगा और पंजाब में अगली सरकार कांग्रेस की बनेगी।
हुड्डा ने दावा किया कि पंजाब की जनता सभी दलों को परख चुकी है और अब कांग्रेस की तरफ देख रही है। पंजाब का विकास केवल कांग्रेस सरकार ही कर सकती है।
बुधवार को चंडीगढ़ में हरियाणा कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सभी दलों को परखने के बाद पंजाब के लोगों का भरोसा पक्का हो गया कि कांग्रेस को जन-जन की चिंता है और वह बिना किसी भेदभाव के पूरे राज्य का सर्वांगीण विकास कर सकती है।
गन्ना किसानों की कहीं सुनवाई नहीं हो रही
बैठक में वीरवार को विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र में उठाए जाने वाले मुद्दों और पार्टी की रणनीति पर चर्चा हुई। कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह भी बैठक में शामिल हुए।
हुड्डा ने बताया कि कांग्रेस के सभी विधायक विधानसभा के विशेष सत्र में हिस्सा लेंगे और जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। कानून व्यवस्था, किसानों की फसल खरीद, खाद और बीज की अनुपलब्धता तथा गन्ने के दाम बढ़ाने की मांग पर आंदोलन कर रहे किसानों के मुद्दे उठाए जाएंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में गन्ना उत्पादक किसानों की कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। किसान लगातार उनसे मिलकर अपनी समस्याएं बता रहे हैं। इसी के मद्देनजर कांग्रेस ने एक दिसंबर को शाहबाद चीनी मिल के बाहर धरना देने का फैसला किया है।
विधानसभा में सरकार को घेरने की तैयारी
कांग्रेस विधायक दल की बैठक में विधानसभा सत्र के साथ पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों को भी अंतिम रूप दिया गया। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के आह्वान पर 26 नवंबर को पंचकूला में राज्य स्तरीय संविधान रक्षा मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च सेक्टर-26 स्थित महाराणा प्रताप चौक से शुरू होकर बाबा साहब डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर संपन्न होगा।
इसमें कांग्रेस के सांसदों, विधायकों, जिला प्रधानों, पार्टी प्रत्याशियों, अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। भूपेंद्र हुड्डा ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि सरकार इसे लागू करने जा रही है, लेकिन विपक्ष को इसकी कोई जानकारी नहीं है। न तो विपक्ष को भरोसे में लिया गया और न ही सर्वदलीय बैठक बुलाई गई। कांग्रेस के रुख के सवाल पर उन्होंने कहा कि पहले सरकार कोई प्रस्ताव लेकर आए, उसके बाद पार्टी अपना पक्ष स्पष्ट करेगी।
चौधरी रणबीर सिंह हुड्डा की जयंती पर रोहतक में कार्यक्रम
कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने बताया कि 26 नवंबर को सुबह रोहतक में स्वतंत्रता सेनानी एवं संविधान सभा के सदस्य चौधरी रणबीर सिंह हुड्डा की जयंती पर उनके स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। उनका जन्म 26 नवंबर 1914 को रोहतक के गांव सांघी में हुआ था।
स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने के कारण उन्हें अंग्रेजी शासन के दौरान कई जेलों में रहना पड़ा। वह संविधान सभा के सदस्य रहे और सात अलग-अलग सदनों के सदस्य रहने का गौरव भी उन्हें प्राप्त हुआ। चौधरी रणबीर सिंह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पिता हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।