संपत नेहरा ने जेल से रची थी गोगमामेड़ी की हत्या की साजिश, बीते मार्च में पंजाब पुलिस ने राजस्थान को दिया था इनपुट
राजस्थान में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में नया खुलासा हुआ है। पंजाब पुलिस की ओर से राजस्थान पुलिस को इस बीते फरवरी में इनपुट दिया गया था गोगामेड़ी की हत्या हो सकती है। पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) के हाथ करणी सेना प्रमुख की हत्या का प्लान कई महीने पहले लग गया था।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। राजस्थान में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना (Rashtriya Rajput Karni Sena) के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में नया खुलासा हुआ है। पंजाब पुलिस की ओर से राजस्थान पुलिस को इस बीते फरवरी में इनपुट दिया गया था गोगामेड़ी की हत्या हो सकती है। पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के हाथ करणी सेना प्रमुख की हत्या का प्लान कई महीने पहले लग गया था।
बठिंडा जेल में बंद लारेंस के गैंगस्टर संपत नेहरा ने पूरी साजिश रची। नेहरा की तरफ से एके 47 का इंतजाम करने की भी जानकारी दी गई थी। फरवरी में ही पंजाब पुलिस के खुफिया विभाग ने राजस्थान पुलिस को पत्र भेजा था। इनपुट होने के बावजूद राजस्थान पुलिस सुखदेव सिंह की सुरक्षा नहीं कर पाई।
स्पेशल डीजी पंजाब ने डीजीपी राजस्थान को लिखा था पत्र
सूचना पर एटीएस डीआईजी ने एडीजी इंटेलिजेंस को भी पत्र लिखा था। उधर अब इस मामले में राजस्थान पुलिस संपत नेहरा को प्रोडक्शन वारंट पर लेने की तैयारी कर रही है। ध्यान रहे कि संपत नेहरा इस समय बठिंडा जेल में बंद है। हथियार तस्करी के एक मामले में पंजाब पुलिस नेहरा को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई थी। इस पूछताछ के दौरान ही गोगामेड़ी की हत्या की प्लानिंग का खुलासा हुआ था। राजस्थान पुलिस को बताया गया था कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग के करीबी संपत नेहरा ने जेल के बाहर अपने शूटरों को टास्क दे चुका है। इसके लिए आधुनिक हथियार भी मुहैया करवाए गए हैं।
सलमान को मारने की ली थी जिम्मेदारी
संपत नेहरा वहीं गैंगस्टर है जिन में सलमान खान को मारने की जिम्मेदारी ली थी। जो मुंबई में सलमान खान को मारने की लिए पहुंच गया था। लेकिन संपत के पास जो पिस्टल थी उसकी रेंज ज्यादा नहीं थी इसलिए वह सलमान को नहीं मार सका था। आरोपित के खिलाफ पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, मुंबई, चंडीगढ़ में हथियार तस्करी, टारगेट कीलिंग , हत्या की कोशिश सहित कई आपराधिक मामले दर्ज है। पंजाब पुलिस के इनपुट के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने भी नेहरा को रिमांड पर लिया था, जिससे करीब 10 दिन तक हथियार तस्करी को लेकर पूछताछ की गई थी।
लारेंस का राइट हैंड
संपत नेहरा की लारेंस का राइट हैंड माना जाता है। वह चंडीगढ़ के डीएवी कॉलेज में लॉरेंस बिश्नोई का जूनियर था। लारेंस के साथ ही उसने छात्र राजनीति में कदम रखा था। नेहरा के पिता चंडीगढ़ पुलिस में एएसआई थे। संपत नेशनल प्लेयर रह चुका है। उसने कई पुरस्कार जीते है।
पंजाब के प्रसिद्ध गायक सिद्धू मूसेवाला को मारने की साजिश भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने रची थी। अब तक सिद्धू मूसेवाला कत्ल में 29 गुर्गों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस मामले में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने दो आरोपित का एनकाउंटर किया था।
एजीटीएफ रेड अलर्ट पर
लॉरेंस गैंग का नेटवर्क तोड़ने के लिए एजीटीएफ केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर कर काम कर रही है। इस मामले में अब तक 70 के करीब गुर्गों को पकड़ा जा चुका है। पंजाब पुलिस की लारेंस गैंग पर पैनी नजर है। राजस्थान की वारदात के बाद एजीटीएफ रेड अलर्ट पर है। अजरबैजान से नेपाल तक पंजाब एजीटीएफ लगातार एक्शन मोड में है। इस मामले में भी एजीटीएफ अपनी ओर से कार्रवाई कर रही है।