विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027: वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट जारी, नहीं जुड़ा एक भी नया नाम, आयोग पर उठे सवाल

Published: Wed, 18 Nov 2026 12:44 PM (IST)

विधानसभा चुनावों से पहले पंजाब में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी हुई है। बूथ पुनर्गठन और पेंडिंग आवेदनों के कारण प्रदेश में एक भी नया मतदाता नहीं बढ़ा है।

ये प्रतीकात्मक तस्वीर है।

ये प्रतीकात्मक तस्वीर है।

HighLights

  1. पंजाब ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में मतदाताओं की संख्या स्थिर रही।

  2. अन्य राज्यों में मतदाताओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज हुई।

  3. नए आवेदनों की प्रोसेसिंग में देरी मुख्य कारण बताया गया।

रोहित कुमार, चंडीगढ़। अगले साल विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे पांच राज्यों में पंजाब ऐसा इकलौता राज्य है, जहां स्पेशल समरी रिवीजन (एसएसआर) की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में मतदाताओं की संख्या में कोई बढ़ोतरी दर्ज नहीं हुई है। एसएसआर का ड्राफ्ट रोल जारी होने के बाद उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में मतदाताओं की संख्या बढ़ी है, जबकि उत्तर प्रदेश में भी ड्राफ्ट सूची में करीब 1.41 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

इसके विपरीत पंजाब में एसएसआर की ड्राफ्ट सूची में मतदाताओं की संख्या एसआइआर की अंतिम सूची के बराबर यानी 2.01 करोड़ ही रही है। पंजाब में मतदाताओं की संख्या नहीं बढ़ने की वजह नए आवेदनों की प्रोसेसिंग में हुई देरी और मतदान केंद्रों के पुनर्गठन की प्रक्रिया को बताया जा रहा है। पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) अनिंदिता मित्रा के अनुसार, विभाग को नए मतदाताओं के पंजीकरण और अन्य संशोधनों के लिए आवेदन मिल चुके हैं, लेकिन बूथों के पुनर्गठन का काम पूरा करना प्राथमिकता थी।

इस कारण इन आवेदनों की प्रोसेसिंग नहीं हो सकी। अब 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक चलने वाली दावे और आपत्तियों की अवधि में इनका निपटारा किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची चार जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।

यह भी पढ़ें- पटियाला नगर निगम उपचुनाव: 'AAP' विधायक अको आचार संहिता उल्लंघन पर नोटिस, 24 घंटे में मांगा जवाब

12 अक्टूबर को जारी हुई अंतिम मतदाता सूची

अनिंदिता मित्रा ने बताया कि पंजाब में एसआईआर की अंतिम मतदाता सूची 12 अक्टूबर को प्रकाशित हुई थी। इसके महज तीन दिन बाद 15 अक्टूबर को चुनाव आयोग ने एसएसआर का कार्यक्रम घोषित कर दिया। ऐसे में विभाग को दोनों प्रक्रियाओं के बीच नए आवेदनों पर काम करने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल सका। दूसरी ओर, मतदान केंद्रों के पुनर्गठन का काम भी इसी दौरान पूरा करना था।

अन्य राज्यों की स्थिति और नए बूथ

अन्य राज्यों की स्थिति देखें तो उत्तराखंड में एसआइआर की अंतिम सूची में 71.58 लाख मतदाता थे, जो एसएसआर की ड्राफ्ट सूची में बढ़कर 72.78 लाख हो गए। मणिपुर में यह संख्या 19.60 लाख से बढ़कर 19.94 लाख और गोवा में 10.57 लाख से बढ़कर 10.89 लाख हो गई। उत्तर प्रदेश में भी अंतिम एसआइआर सूची के 13.39 करोड़ से अधिक मतदाता बढ़कर एसएसआर ड्राफ्ट सूची में 13.58 करोड़ से अधिक हो गए हैं।

पंजाब में बूथों के पुनर्गठन का काम राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों में पूरा किया जा चुका है। इसके तहत 39 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इससे प्रदेश में मतदान केंद्रों की संख्या 25,332 से बढ़कर 25,371 हो गई है।

यह भी पढ़ें- पंजाब मंत्रिमंडल में अब चार डॉक्टर हुए शामिल, हरभजन सिंह ईटीओ ने पूरी की PhD, राजनीति में बढ़ा शिक्षा का स्तर

28 दिसंबर तक निपटाने होंगे सभी आवेदन

चुनाव आयोग के नियमों के मुताबिक, एसएसआर की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित करने से पहले नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम हटाने और विवरण में संशोधन से जुड़े सभी आवेदनों का सत्यापन और निपटारा जरूरी है। इसमें एसआइआर की कटऑफ के बाद लंबित आवेदन और 12 नवंबर से 11 दिसंबर के बीच प्राप्त होने वाले नए आवेदन भी शामिल हैं।

मृत्यु, दोहरे पंजीकरण या स्थान परिवर्तन के कारण नाम हटाने तथा पता और व्यक्तिगत विवरण में सुधार के आवेदन भी इसी प्रक्रिया के तहत निपटाए जाएंगे। चुनाव विभाग को 28 दिसंबर तक सभी आवेदनों का निपटारा करना होगा, ताकि चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जा सके।

यह भी पढ़ें- शारजाह से अमृतसर पहुंचे दो संदिग्ध युवक, फोन में मिले नशे के वीडियो और हिसाब की डायरी; NCB को सौंपा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।