विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027: आप की सूची के बाद कांग्रेस में हलचल तेज, जल्द आएगी पहली उम्मीदवारों की लिस्ट

Published: Thu, 12 Nov 2026 01:39 PM (IST)

आम आदमी पार्टी की सूची के बाद कांग्रेस ने भी प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। सचिन ...और पढ़ें

चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए सचिन पायलट और साथ हैं परगट सिंह।

चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए सचिन पायलट और साथ हैं परगट सिंह।

HighLights

  1. कांग्रेस ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज कीं।

  2. जल्द जारी होगी उम्मीदवारों की पहली सूची, 30-40 नाम संभव।

  3. सर्वे रिपोर्ट के आधार पर नए चेहरों को मिलेगा मौका।

डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के बाद अब कांग्रेस भी प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगाने की तैयारी में जुट गई है। पार्टी हाईकमान के स्तर पर संभावित उम्मीदवारों को लेकर सर्वे का काम अंतिम चरण में है। जल्द कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है।

पहली सूची में करीब 30 से 40 नाम शामिल होने की संभावना है। उम्मीदवारों की सूची तैयार करने को लेकर पंजाब कांग्रेस प्रधान परगट सिंह और पार्टी प्रभारी सचिन पायलट ने भी संकेत दिए हैं। वीरवार को कैंपेन कमेटी अध्यक्ष चरणजीत सिंह चन्नी की अगुवाई में श्री चमकौर साहिब में जवानी संभाल साइकिल रैली में पहुंचे सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

प्रदेश संगठन के साथ विचार-विमर्श और सर्वे की रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी इस बार मौजूदा विधायकों और पूर्व विधायकों के साथ नए चेहरों को भी चुनाव मैदान में उतारेगी। ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनमें चुनाव जीतने की क्षमता हो।

पायलट ने आम आदमी पार्टी की पहली सूची पर निशाना साधते हुए कहा कि आप को मजबूरी में अपने उम्मीदवारों की घोषणा करनी पड़ी है, क्योंकि उसके विधायक पार्टी छोड़कर जा रहे थे। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आने वाले दिनों में आप की उम्मीदवारों की सूची में बदलाव देखने को मिल सकता है।

यह भी पढ़ें- पंजाब विधानसभा चुनाव 2027: सचिन पायलट करेंगे 'जवानी संभाल जट्टा' साइकिल रैली की शुरुआत

सर्वे रिपोर्ट बनेगी टिकट का आधार

उधर, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने भी कहा है कि पार्टी मौजूदा विधायकों, पूर्व विधायकों और नए चेहरों को टिकट देने पर विचार कर रही है। संभावित प्रत्याशियों को लेकर सर्वे जारी है और इसकी रिपोर्ट के आधार पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। पार्टी का जोर ऐसे चेहरों पर रहेगा, जो अपने विधानसभा क्षेत्र में मजबूत जनाधार रखते हों और चुनाव में जीत दिलाने की क्षमता रखते हों।

परगट सिंह पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि कांग्रेस के पास प्रदेश की सभी 117 विधानसभा सीटों पर मजबूत उम्मीदवार मौजूद हैं। ऐसे में दूसरी पार्टियों, खासकर आम आदमी पार्टी से नेताओं को टिकट देने की कोई योजना नहीं है।

यह भी पढ़ें- AAP उम्मीदवारों की दूसरी सूची आज! भगवंत मान पहुंचे दिल्ली, PAC बैठक में 6 मंत्रियों के टिकट पर फैसला संभव

चुनावी अभियानों के साथ टिकटों पर भी फोकस

कांग्रेस ने पिछले कुछ दिनों में अपने चुनावी अभियान को भी गति दी है। 4 नवंबर को संगरूर में राहुल गांधी की रैली के बाद पार्टी ने 'पंजाब मंगदा इंसाफ' अभियान शुरू किया है। वहीं, 12 नवंबर से श्री चमकौर साहिब से 'जवानी संभाल जट्टा' साइकिल यात्रा की शुरुआत की गई है। इन अभियानों के जरिये पार्टी नशे, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर जनता के बीच पहुंचने की तैयारी कर रही है।

अब चुनावी कार्यक्रमों के साथ-साथ उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया भी कांग्रेस की प्राथमिकता बन गई है। पहली सूची में मौजूदा विधायकों के अलावा कुछ युवा और नए चेहरों को जगह मिल सकती है। नवंबर के अंतिम सप्ताह में सूची जारी होने की संभावना के बीच पार्टी नेताओं और टिकट के दावेदारों की निगाहें अब हाईकमान के फैसले पर टिकी हैं।

यह भी पढ़ें- अरविंद केजरीवाल और बेटी की हत्या की धमकी, 7 करोड़ मांगी रंगदारी; AAP विधायक को आई कॉल, मोहाली में FIR

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।