विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली के पूर्व CM केजरीवाल और बेटी की हत्या की धमकी, 7 करोड़ मांगी रंगदारी; मोहाली में FIR

Published: Thu, 12 Nov 2026 11:23 AM (IST)

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता को जान से मारने की धमकी देकर 7 करोड़ रंगदारी ...और पढ़ें

दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल को धमकी।

दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल को धमकी।

HighLights

  1. विधायक जरनैल सिंह के फोन आई धमकी भरी कॉल।

  2. धमकी देने वाले ने खुद को लारेंस गैंग का गुर्गा बताया।

  3. मोहाली साइबर क्राइम थाने में अज्ञात पर एफआईआर।

जागरण संवाददाता, मोहाली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देकर सात करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है।

खुद को लारेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा बताने वाले एक व्यक्ति ने दिल्ली के तिलक नगर से विधायक जरनैल सिंह को फोन कर धमकी दी। आरोपी ने व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर भी सात करोड़ रुपये मांगे।

रुपये न देने पर केजरीवाल और उनकी बेटी की हत्या करने की धमकी दी गई। विधायक की शिकायत पर मोहाली के साइबर क्राइम थाने में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

विधायक जरनैल सिंह ने 6 नवंबर को मोहाली के एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि उनके निजी मोबाइल नंबर पर आरोपित का फोन आया था। इसके बाद उसी नंबर से व्हाट्सएप पर धमकी भरा संदेश भी भेजा गया।

आरोपित के व्हाट्सएप प्रोफाइल पर ‘एच’ नाम दिखाई दे रहा था। फोन करने वाले ने खुद को लारेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए कहा कि केजरीवाल को सात करोड़ रुपये देने के लिए कह दो, नहीं तो उन्हें और उनकी बेटी को जान से मार दिया जाएगा।

आरोपी ने फोन के साथ लिखित संदेश में भी रंगदारी की मांग दोहराई। विधायक ने पुलिस को बताया कि उन्हें माध्यम बनाकर केजरीवाल तक फिरौती की मांग और हत्या की धमकी पहुंचाने की कोशिश की गई। उन्होंने आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मोबाइल लोकेशन और फोन विवरण खंगालने की मांग

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आपराधिक धमकी, रंगदारी और आईटी एक्ट के तहत अपराध का पाया गया। इसके बाद बीएनएस की धारा 308(4), 351(2), 351(3), 351(4), 111(2) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत केस दर्ज किया गया। जांच साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है।

विधायक ने आरोपित के मोबाइल नंबर की काॅल डिटेल रिकाॅर्ड (सीडीआर), आईपी लाग और लोकेशन ट्रेस कराने की मांग की है। उन्होंने आरोपित से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी करने तथा संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ तालमेल कर केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया है। शिकायत के साथ धमकी भरे व्हाट्सएप संदेश का स्क्रीनशाट पुलिस को सौंपा गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।