विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'जमीन पर काम करने वालों को मिलेगा टिकट', चमकौर साहिब से सचिन पायलट ने की जवानी संभाल जट्टा साइकिल रैली की शुरुआत

Published: Thu, 12 Nov 2026 12:46 PM (IST)

श्री चमकौर साहिब से 'जवानी संभाल साइकिल यात्रा' की शुरुआत करते हुए सचिन पायलट ने आप सरकार को घेरा और ...और पढ़ें

चमकौर साहिब रैली में पहुंचे सचिन पायलट।

चमकौर साहिब रैली में पहुंचे सचिन पायलट।

HighLights

  1. सचिन पायलट ने 'जवानी संभाल जट्टा' रैली शुरू की।

  2. रैली 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारी है।

  3. कांग्रेस नशे, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दे उठाएगी।

डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को गति देने के लिए कांग्रेस ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में आज श्री चमकौर साहिब से ‘जवानी संभाल जट्टा’ साइकिल रैली की शुरुआत हुई। पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट इस अभियान में शामिल हुए और साइकिल रैली को रवाना किया।

यात्रा की शुरुआत के साथ पार्टी ने नशे, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर आम आदमी पार्टी सरकार को घेरने का अभियान शुरू किया। इस दौरान पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने विधानसभा चुनाव में टिकटों के बंटवारे को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा-

टिकट उसी नेता को मिलेगी, जो जमीन पर काम करेगा और जिसने पिछले साढ़े चार साल में कांग्रेस का झंडा उठाकर जनता के बीच संघर्ष किया है। टिकट की दावेदारी करना हर नेता का अधिकार है, लेकिन अंतिम फैसला मेहनत, काम और उम्मीदवार की गुणवत्ता के आधार पर होगा। पार्टी ऐसे लोगों को आगे लाएगी, जो वास्तव में जनता के बीच सक्रिय हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का फोकस पंजाब को बेहतर बनाना है। इसके लिए किसानों और नौजवानों के हितों को ध्यान में रखते हुए रोडमैप तैयार किया जाएगा।पायलट ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले साढ़े चार साल में पंजाब ने बहुत कुछ खोया है। प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था, नशे और अन्य गंभीर समस्याओं को हल करने में सरकार नाकाम रही है।

यह भी पढ़ें- AAP उम्मीदवारों की दूसरी सूची आज! भगवंत मान पहुंचे दिल्ली, PAC बैठक में 6 मंत्रियों के टिकट पर फैसला संभव

गैंगस्टरवाद पर उठाया सवाल

उन्होंने दावा किया कि पिछले दो वर्षों में प्रदेश में 300 से अधिक बार गोलियां चलीं और कई लोगों की जान गई। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ पहचान बनाने वाली आम आदमी पार्टी अब खुद भ्रष्टाचार का पर्याय बन गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के परिवार और उनके कार्यालय से जुड़े लोगों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगने के बावजूद सरकार ने इन पर जवाब नहीं दिया।

पायलट ने आरोप लगाया कि दिल्ली में बैठे लोग पंजाब सचिवालय चला रहे हैं और प्रदेश के लोगों की गाढ़ी कमाई को बर्बाद किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कम समय में सभी नेताओं को एक मंच पर लाने का प्रयास किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी और 2027 में सरकार बनाएगी।

वडिंग की गैरमौजूदगी बनी चर्चा

यह साइकिल यात्रा कांग्रेस की कैंपेन कमेटी के चेयरमैन एवं पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व में शुरू की गई है। इस मौके पर परगट सिंह, प्रताप सिंह बाजवा, सुखजिंदर सिंह रंधावा, डॉ. धर्मवीर गांधी और सुखपाल सिंह खैरा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

हालांकि, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की गैरमौजूदगी एक बार फिर चर्चा का विषय बनी रही। पार्टी के इतने बड़े अभियान की शुरुआत में उनकी अनुपस्थिति से पंजाब कांग्रेस की एकजुटता को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।

विधानसभा चुनावों को लेकर अहम है यात्रा

अभियान समिति के चेयरमैन और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में पायलट साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाएंगे। 
पायलट के पंजाब दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

रैली के जरिये कांग्रेस नशे, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर युवाओं और आम लोगों के बीच पहुंचेगी। पार्टी इस अभियान के माध्यम से सरकार के खिलाफ जनता की राय जानने और अपनी चुनावी मुहिम को मजबूत करने की तैयारी में है।

चाय पर हुई चर्चा

यात्रा से पहले सचिन पायलट के चंडीगढ़ पहुंचने पर पंजाब कांग्रेस के कई नेता एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए पहुंचे। इसके बाद श्री चमकौर साहिब रवाना होते समय उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह और अन्य नेताओं के साथ चाय पर चर्चा की।

इस दौरान पंजाब के मौजूदा राजनीतिक हालात, लोगों की समस्याओं और पार्टी के जनसंपर्क अभियान को लेकर बातचीत हुई। सह-प्रभारी रविंदर उत्तम राव डालवी, सांसद अमर सिंह और पूर्व मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू सहित अन्य नेता भी इस दौरान मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के पूर्व CM केजरीवाल और बेटी की हत्या की धमकी, 7 करोड़ मांगी रंगदारी; मोहाली में FIR

कई जिलों के दौरे और बैठकों का रहेगा कार्यक्रम

साइकिल रैली की शुरुआत के बाद पायलट पंजाब के विभिन्न जिलों और क्षेत्रों का दौरा करेंगे। इस दौरान स्थानीय नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे। आज वे तरनतारन पहुंच रहे हैं और देर रात वे अमृतसर पहुंचेंगे। जहां वे स्थानीय नेताओं के साथ बैठक करेंगे। प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ आगामी चुनाव की तैयारियों, संगठन की स्थिति और जनता से जुड़े मुद्दों पर बैठकों का दौर भी जारी रहेगा।

अब कांग्रेस नेतृत्व की कोशिश है कि प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेताओं को साथ लेकर चुनावी अभियान को आगे बढ़ाया जाए। इन बैठकों में संगठन को मजबूत करने, जनता के बीच पार्टी की सक्रियता बढ़ाने और 2027 के चुनाव के लिए साझा रणनीति तैयार करने पर चर्चा होगी।

यह भी पढ़ें- पंजाब चुनाव मिलकर लड़ेंगी अकाली दल और बीजेपी? PM मोदी के दौरे से पहले चर्चा तेज; 70-47 के फॉर्मूले पर बन सकती है सहमति

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।