पंजाब के बॉर्डर जिलों में सोलर कैमरों से जासूसी, सेना के ठिकानों की फुटेज पाक भेजी, 3 गिरफ्तार
पंजाब पुलिस ने जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कैमरों के जरिए संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान ...और पढ़ें

डीजीपी पंजाब गौरव यादव।
HighLights
पंजाब पुलिस ने दो आईएसआई जासूसी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया।
संवेदनशील सैन्य ठिकानों की लाइव फुटेज पाकिस्तान भेजी जा रही थी।
तीन आरोपी गिरफ्तार, सोलर कैमरे और जासूसी उपकरण बरामद।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संगठित अपराध और सीमा पार से संचालित जासूसी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पंजाब पुलिस ने आईएसआई समर्थित दो अलग-अलग जासूसी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इन मॉड्यूल के जरिए संवेदनशील सैन्य ठिकानों की निगरानी कर उनकी लाइव फुटेज पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों तक पहुंचाई जा रही थी।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर की टीम ने पहले मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए फिरोजपुर के गांव सहांके निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुखा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चार जी कनेक्टिविटी वाला एक चीनी सीसीटीवी कैमरा और सोलर प्लेट बरामद की गई है।
यह भी पढ़ें- सीएम मान ने संगरूर में अपने पैतृक गांव सतौज को खेलों का दिया तोहफा, करोड़ों की लागत से बनेगा आधुनिक स्टेडियम
कपूरथला पुलिस के साथ चला संयुक्त अभियान
वहीं दूसरे मॉड्यूल का खुलासा कपूरथला पुलिस ने एक केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त अभियान के दौरान किया। इस मामले में दो आरोपियों सोना निवासी दोना मट्टर और संदीप सिंह उर्फ सोनू निवासी छांगा खुर्द को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से चार मोबाइल फोन, एक सिम आधारित सीसीटीवी कैमरा और एक वाई फाई सेट बरामद किया है।
जांच में सामने आया है कि ये आरोपी विभिन्न स्थानों पर रणनीतिक तरीके से सिम आधारित और सौर ऊर्जा से चलने वाले कैमरे लगा रहे थे। इन कैमरों के जरिए सेना से जुड़े प्रतिष्ठानों और अन्य संवेदनशील स्थानों की निगरानी की जा रही थी। इसके बाद मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से यह फुटेज पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों को भेजी जाती थी।
यह भी पढ़ें- पंजाब के तरनतारन में 'फूंक' से उड़ गई नई सड़क, हाथ लगाने पर पापड़ की तरह उखड़ गया डामर; VIDEO वायरल
आर्मी कैंट में दुकान ली किराए पर
कपूरथला मामले में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने आर्मी कैंट के पास एक दुकान किराए पर लेकर वहां से निगरानी का काम शुरू किया था। एक पाकिस्तानी हैंडलर, जिसे ‘फौजी’ नाम से जाना जाता है, ने कैमरे लगाने के लिए आरोपियों को पैसे भी दिए थे। इसके अलावा संदीप सिंह के नशा तस्करी से जुड़े होने और ड्रोन के जरिए भेजी गई हेरोइन की सप्लाई में शामिल होने की भी जानकारी सामने आई है।
इस संबंध में दो अलग-अलग मामलों में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों के अन्य साथियों और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ें- 'क्यों लिया गया यह फैसला?', अमृतपाल सिंह से NSA हटाने पर भड़के कांग्रेस सांसद रंधावा; सरकार से मांगा जवाब
