पंजाब चुनाव 2027: शिअद-लक्खोवाल गठबंधन पर AAP का हमला, बलतेज पन्नू बोले- किसानों के लिए क्या किया, जवाब दें
भारतीय किसान यूनियन लक्खोवाल द्वारा शिरोमणि अकाली दल को 2027 चुनाव में समर्थन देने पर आम आदमी पार्टी ने अजमेर ...और पढ़ें

बीते दिन ही अकाली दल और किसान ने लक्खोवाल ने हाथ मिलाया था।
HighLights
आप ने बीकेयू लक्खोवाल के अकाली दल समर्थन पर सवाल उठाए।
बलतेज पन्नू ने अजमेर लक्खोवाल के पिछले कार्यकाल पर हमला किया।
2027 पंजाब चुनाव में किसान मुद्दे फिर से केंद्र में।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। भारतीय किसान यूनियन (लक्खोवाल) की ओर से शिरोमणि अकाली दल (बादल) को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में समर्थन देने की घोषणा के बाद आम आदमी पार्टी ने किसान नेता अजमेर सिंह लक्खोवाल पर निशाना साधा है। आप के वरिष्ठ नेता बलतेज पन्नू ने सवाल उठाया है कि लक्खोवाल को पहले यह बताना चाहिए कि उन्होंने किसानों के लिए क्या किया और अब अकाली दल को समर्थन देकर किसानों का कौन सा भला करवाएंगे।
बलतेज पन्नू ने कहा कि अजमेर सिंह लक्खोवाल ने वर्ष 2007 से 2017 तक अकाली-भाजपा सरकार के दौरान पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन के तौर पर काम किया, लेकिन इस दौरान उन्होंने किसानों का कोई मुद्दा नहीं उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों के हितों की बात करने वाले लक्खोवाल ने अपने कार्यकाल में किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए कोई प्रभावी पहल नहीं की।
यह भी पढ़ें- पंजाब में भाजपा की सेंधमारी, मोगा से AAP प्रवक्ता और लुधियाना से शिअद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने जॉइन की पार्टी
तीन कृषि कानून आंदोलन का जिक्र
पन्नू ने किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि जब तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन शुरू हुआ तो लक्खोवाल ने अपने बेटे को आंदोलन में आगे कर दिया, क्योंकि उन्हें पता था कि लक्खोवाल नाम की साख अब क्या रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि लक्खोवाल ने किसानों के हितों के लिए काम करने के बजाय उस समय एक बड़ी चेयरमैनी हासिल करने के लिए अंदरखाते समर्थन किया था।
उन्होंने कहा कि अब अजमेर सिंह लक्खोवाल और उनका संगठन अकाली दल बादल को समर्थन दे रहा है। ऐसे में उन्हें पंजाब के किसानों को बताना चाहिए कि जब वह मंडी बोर्ड के चेयरमैन थे, तब उन्होंने किसानों के लिए कौन से काम किए थे और अब अकाली दल के साथ जाकर किसानों का क्या भला करवा पाएंगे।
लक्खोवाल के पिछले कार्यकाल पर हमला
पन्नू ने आरोप लगाया कि लक्खोवाल ने अपने पूरे कार्यकाल में किसानों के लिए एक भी ऐसा काम नहीं किया, जिसे उनकी उपलब्धि के तौर पर गिनाया जा सके।
गौरतलब है कि पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दलों ने किसान संगठनों का समर्थन हासिल करने के प्रयास तेज कर दिए हैं।
इसी कड़ी में 18 नवंबर को भारतीय किसान यूनियन (लक्खोवाल) ने अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूर्ण और बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा की थी। इस दौरान अजमेर सिंह लक्खोवाल और यूनियन के महासचिव हरिंदर सिंह लक्खोवाल भी मौजूद थे।
यूनियन ने अकाली दल को किसानों और खेत मजदूरों से जुड़ी मांगों का पत्र भी सौंपा था। सुखबीर बादल ने भरोसा दिया था कि 2027 में सरकार बनने पर इन मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- दाखिले के बीच नियम बदलना LUVAS को पड़ा भारी, पंजाब-हरियाणा HC ने NRI कोटे से नीट की शर्त हटाने का फैसला किया रद
चुनावों में फिर किसान बन रहे केंद्र
इससे पहले 2 नवंबर को भारतीय किसान यूनियन (कादियां) के अध्यक्ष हरमीत सिंह कादियां भी अकाली दल को समर्थन देने की घोषणा कर चुके हैं। ऐसे में चुनाव से पहले किसान संगठनों का अकाली दल के पक्ष में आना और इसे लेकर आम आदमी पार्टी की ओर से उठाए जा रहे सवाल पंजाब की चुनावी राजनीति में किसानों के मुद्दे को फिर से केंद्र में ला रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।