IPL के सीजन से पहले पंजाब किंग्स का दांव, पारस म्हाम्ब्रे को बनाया गेंदबाजी और राजीव को दी फील्डिंग कोच की कमान
पंजाब किंग्स ने आगामी आईपीएल सत्र के लिए पारस म्हाम्ब्रे को गेंदबाजी और राजीव कुमार को फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। वे जेम्स होप्स और ब्रैड हैडिन की जगह लेंगे।

पंजाब किंग्स के नए कोच राजीव कुमार और पारस म्हाम्ब्रे।
HighLights
पंजाब किंग्स ने नए कोचिंग स्टाफ की घोषणा की।
पारस म्हाम्ब्रे बने गेंदबाजी कोच, राजीव कुमार फील्डिंग कोच।
जेम्स होप्स और ब्रैड हैडिन की जगह ली।
डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन की तैयारियों के तहत पंजाब किंग्स ने अपने सहयोगी स्टाफ में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए पारस म्हाम्ब्रे को गेंदबाजी कोच और राजीव कुमार को फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। यह दोनों दिग्गज ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ियों जेम्स होप्स और ब्रैड हैडिन का स्थान लेंगे, जिन्होंने पिछले महीने ही अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था।
म्हाम्ब्रे की यह नियुक्ति पिछले महीने मुंबई इंडियंस के साथ उनका सफर खत्म होने के बाद हुई है। 54 वर्षीय म्हाम्ब्रे पंजाब किंग्स के हेड कोच रिकी पोंटिंग से एक बार फिर जुड़ेंगे।
भारतीय टीम के कोच रह चुके हैं म्हाम्ब्रे
इससे पहले वे 2015 में मुंबई इंडियंस में ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज के मार्गदर्शन में काम कर चुके हैं। म्हाम्ब्रे अपने साथ लंबा अनुभव लेकर आए हैं, जिन्होंने 2021 से 2024 तक राहुल द्रविड़ के कार्यकाल में भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच के रूप में सेवाएं दी हैं।
उन्होंने भारत के लिए 2 टेस्ट मैच खेले। जिनमें उन्होंने 2 विकेट लिए। 3 वनडे मैच भी खेले, जिनमें 3 विकेट हासिल किए हैं। इसके अलावा, उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 91 मैचों में 284 विकेट तथा लिस्ट-ए क्रिकेट में 83 मैचों में 284 विकेट चटकाए हैं।
दूसरी ओर, राजीव कुमार को पूर्व चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स द्वारा रिलीज किया गया था, जहां उन्होंने सहायक कोच के रूप में काम किया था।
यह भी पढ़ें- इकाना स्टेडियम में महिला टी-20 ट्रॉफी का आगाज, 8 टीमों के बीच होगा मुकाबला; आज खेले जाएंगे चार मैच
IPL में पंजाब किंग्स का सफर
2008: किंग्स इलेवन पंजाब के नाम से शुरुआत की और सेमीफाइनल तक का सफर तय किया।
2014:शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम पहली बार फाइनल में पहुंची, लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स से हारकर उपविजेता रही।
2015-2024: लगातार एक दशक से अधिक समय तक टीम निराशाजनक प्रदर्शन के कारण प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी।
2021: पहचान और किस्मत बदलने के उद्देश्य से टीम का नाम 'किंग्स इलेवन पंजाब' से बदलकर 'पंजाब किंग्स' किया गया।
2025: रिकी पोंटिंग के हेड कोच बनते ही टीम दोबारा फाइनल में पहुंची, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।
2026: सत्र की शुरुआत में लगातार 6 मैच जीतने के बावजूद टीम आखिरी 7 में से केवल 1 मैच जीत पाई और प्लेऑफ से बाहर हो गई।
(इनपुट-पीटीआई)
यह भी पढ़ें- एशिया कप के सितारे अभिषेक और अर्शदीप ने किया पंजाब का नाम रोशन, अब PCA करेगा सम्मानित
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।