Ranji Trophy Round-up: पुडुचेरी के खिलाफ बड़ी जीत की ओर यूपी, दिल्ली का बारिश ने बिगाड़ा खेल; मुशीर खान ने दिखाया 'ऑलराउंड शो'
रणजी ट्रॉफी के मैचों में उत्तर प्रदेश ने पुडुचेरी पर शिकंजा कसा, जबकि मुंबई को मुशीर खान के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन से हरियाणा पर बड़ी बढ़त मिली।

रणजी ट्रॉफी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। पुडुचेरी में चल रहे उत्तर प्रदेश बनाम पुडुचेरी मैच में जीशान अंसारी और कार्तिक यादव की धारदार गेंदबाजी की मदद से मेहमानों ने पुडुचेरी पर शिकंजा कस दिया है। एलीट ग्रुप ए के इस मैच में यूपी द्वारा बनाए 333 रनों के जवाब में पुडुचेरी की पहली पारी 172 रन पर सिमट गई और उन्हें फॉलोऑन खेलने पर मजबूर होना पड़ा।
यूपी के लिए जीशान ने चार और कार्तिक ने तीन विकेट निकाले जबकि दो विकेट यश दयाल के खाते में गए। पुडुचेरी की ओर से कप्तान नेयन श्याम ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए जबकि प्रसाद पवार ने 39 रन की पारी खेली। फॉलोऑन खेलते हुए पुडुचेरी ने दिन का खेल समाप्त होने तक बिना किसी नुकसान के 39 रन बना लिए थे।
दिल्ली की जीत की उम्मीदों पर फिरा पानी
रांची में झारखंड के विरुद्ध दिल्ली के एलीट ग्रुप सी के तीसरे दौर के मुकाबले के तीसरे दिन एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी, जिससे दिल्ली की जीत की उम्मीदें लगभग खत्म हो गई हैं। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक झारखंड 131 रन पर चार विकेट खोकर मुश्किल स्थिति में था, लेकिन भारी बारिश के कारण तीसरे दिन एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी।
अब दिल्ली की उम्मीदें चौथे दिन के मौसम पर टिक गई हैं। अगर मौसम ठीक रहता है, तो दिल्ली पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन अंक हासिल करने की कोशिश करेगी। वरना, झारखंड की पहली पारी पूरी ना होने के चलते दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलेगा। दिल्ली ने अपनी पहली पारी कप्तान आयुष बडोनी के लगातार दूसरे दोहरे शतक की मदद से 515/5 पर घोषित की थी।
मुशीर खान के दम पर मुंबई ने ली हरियाणा पर बढ़त
हरियाणा के विरुद्ध रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप डी मुकाबले में मुशीर खान ने शतक लगाने और एक पारी में पांच विकेट लेने का शानदार कारनामा किया। उनके इस बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत मुंबई को पहली पारी में 160 रनों की बड़ी बढ़त मिल गई। 21 वर्षीय मुशीर ने 85 रन देकर छह विकेट लिए। हरियाणा की पारी में गिरे पहले पांचों विकेट उन्हीं के नाम रहे।मेहमानों की तरफ से तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए निशांत सिंधु ने 105 रन की नाबाद पारी खेलकर अकेले संघर्ष किया।
मुशीर की शानदार गेंदबाजी की मदद से मुंबई ने हरियाणा को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर कर दिया। मेजबान मुंबई के 430 रनों के जवाब में हरियाणा 270 रन ही बना सकी और तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक उनका स्कोर 73/2 था। हरियाणा अभी भी 87 रन पीछे है और उनके 8 विकेट सुरक्षित हैं, इस मैच में मुंबई लगातार तीसरी जीत और बोनस अंक हासिल करने की कोशिश में है।
हैदराबाद के विरुद्ध मजबूत स्थिति में पंजाब
पंजाब और हैदराबाद के बीच खेले जा रहे एलीट ग्रुप बी मुकाबले में पंजाब ने हैदराबाद की पहली पारी 380 रन पर समेटते हुए 51 रन की बढ़त ले ली। हैदराबाद की ओर से अभिरथ रेड्डी ने 97, राहुल रादेश ने 86, कोदिमेला हिमातेजा ने 81 और प्रग्नेय रेड्डी ने 65 रन बनाए जबकि पंजाब के लिए विहान मल्होत्रा ने चार, इमनजोत सिंह चहल और हरजस सिंह ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में दिन का खेल खत्म होने तक पंजाब ने बिना विकेट गंवाए 57 रन बना लिए थे।
