विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारतीय टीम को लगा करारा झटका, प्रसिद्ध कृष्‍णा वनडे सीरीज से हुए बाहर; 29 साल के गेंदबाज की खुल सकती है किस्‍मत

Published: Wed, 28 Oct 2026 07:32 PM (IST)

भारत और न्‍यूजीलैंड के बीच 4 नवंबर से पांच मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्‍णा वनडे ...और पढ़ें

प्रसिद्ध कृष्‍णा

प्रसिद्ध कृष्‍णा

HighLights

  1. प्रसिद्ध न्यूजीलैंड के विरुद्ध वनडे सीरीज से बाहर

  2. हैमस्ट्रिंग चोट से पूरी तरह नहीं उबर सके हैं प्रसिद्ध

  3. आकिब नबी को टीम में मिल सकता है मौका

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा चार नवंबर से न्यूजीलैंड के विरुद्ध होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। प्रसिद्ध हैमस्ट्रिंग की चोट से पूरी तरह नहीं उबर सके हैं और फिलहाल बेंगलुरु स्थित सेंटर आफ एक्सीलेंस (सीओई) में रिहैब से गुजर रहे हैं।

संभावना है कि वनडे सीरीज में प्रसिद्ध की जगह जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को शामिल किया जा सकता है, जो अभी न्यूजीलैंड दौरे पर भारत ए टीम का हिस्सा हैं। 30 वर्षीय प्रसिद्ध को वेस्टइंडीज के विरुद्ध गुवाहाटी में खेले गए दूसरे वनडे के दौरान चोट लगी थी। उस मैच में उन्होंने पांच ओवर ही गेंदबाजी की थी और अपना पूरा स्पैल भी नहीं कर पाए थे।

बीसीसीआई ने दी अहम अपडेट

बीसीसीआई ने बुधवार को कहा कि प्रसिद्ध चोट से उबर रहे हैं और उनका फिटनेस टेस्ट व मैच सिमुलेशन सीओई में एक और दो नवंबर को किया जाना है। ऐसे में चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन का मानना है कि प्रसिद्ध का टेस्ट सीरीज के लिए फिट होना जरूरी है, जहां टीम को उनकी जरूरत वनडे सीरीज से ज्यादा है।

भले ही स्पोर्ट्स साइंस टीम उन्हें फिट मान ले और वह ऑकलैंड चले भी जाते हैं तो भी लंबी उड़ान के बाद उन्हें तुरंत वनडे टीम में शामिल करने की जल्दबाजी नहीं की जाएगी। प्रसिद्ध ने पिछले साल इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज ड्रॉ कराने में अहम भूमिका निभाई थी और ओवल में खेले गए अंतिम टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन किया था।

नबी ने किया प्रभावित

हालांकि, नौ टेस्ट मैचों में उनके 32 विकेट उनके योगदान को पूरी तरह नहीं दर्शाते, लेकिन लाल गेंद क्रिकेट में अहम मौकों पर जादुई गेंदें फेंकने की उनकी क्षमता को टीम मैनेजमेंट काफी अहमियत देता है।

जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने लिंकन में इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच पहले अनौपचारिक टेस्ट मैच में प्रभावित किया था। न्यूजीलैंड ए की दूसरी पारी में उनके तीन विकेट और बेहतरीन सीम मूवमेंट ने वहां मौजूद चयनकर्ताओं प्रज्ञान ओझा और अजय रात्रा को काफी प्रभावित किया।

गेंदबाजी आक्रमण अनुभवहीन

वनडे सीरीज के लिए भारत का गेंदबाजी आक्रमण काफी हद तक अनुभवहीन होगा। अगर अर्शदीप सिंह, अंशुल कंबोज और नबी को आधिकारिक तौर पर टीम में शामिल किया जाता है, तो इन तीनों के पास कुल मिलाकर 20 मैचों (18+1+1) का अनुभव होगा।

इनमें से केवल मोहम्मद सिराज ने ही 50 से ज्यादा वनडे मैच खेले हैं। जसप्रीत बुमराह को वनडे सीरीज से आराम दिया गया है, क्योंकि टीम प्रबंधन चाहता है कि वह टेस्ट मैचों पर पूरा ध्यान दें।

यह भी पढ़ें- IND vs NZ 3rd T20I Highlights: अभिषेक शर्मा के कोहराम से कांपा न्यूजीलैंड, टीम इंडिया ने दिलेरी से जीती सीरीज 

यह भी पढ़ें- IND vs NZ: अद्भुत, अविश्वसनीय, अकल्पनीय... अभिषेक शर्मा का तांडव देख न्यूजीलैंड ने खोए होश; भारत का शान से सीरीज पर कब्जा