IND vs NZ: अद्भुत, अविश्वसनीय, अकल्पनीय... अभिषेक शर्मा का तांडव देख न्यूजीलैंड ने खोए होश; भारत का शान से सीरीज पर कब्जा
अभिषेक शर्मा के तूफानी शतक के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में जीत हासिल की। ...और पढ़ें

अभिषेक शर्मा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के तूफानी शतक के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में जीत हासिल की। इसी के साथ टीम इंडिया ने सीरीज में भी 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है। शर्मा ने मुकाबले में 35 गेंदों पर शतक जड़ा। उनका ये टी20 करियर में चौथा शतक है। उन्होंने इसी साल अफगानिस्तान के खिलाफ 30 गेंदों पर सेंचुरी पूरी की थी।
न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 198 रन बनाए थे। डेरिल मिशेल ने कमाल की बैटिंग की और नाबाद 89 रन बनाए। हालांकि, वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक ने तूफानी शुरुआत कर टीम इंडिया की जीत पावरप्ले में ही सुनिश्चित कर दी थी। श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम ने मुकाबले को छह विकेट से अपने नाम किया और सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है।
फिन एलन और डेरिल मिशेल की कमाल की बैटिंग
टॉस हारकर मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी कीवी टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। अर्शदीप सिंह ने टिम सीफर्ट को दो रन के निजी स्कोर पर मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया। हालांकि, इसके बाद फिन एलन और डेरिल मिशेल ने मोर्चा संभाला। दोनों ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर कुटाई की। फिन एलन 40 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें नीतीश कुमार रेड्डी ने अपना शिकार बनाया।
डेरिल मिशेल अंत तक क्रीज पर खड़े रहे। उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जमाया। मिशेल ने 26 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की। हालांकि, अंत के ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने बॉलिंग में कुछ सुधार किया और रनों की गति पर ब्रेक लगाया। मिशेल ने 52 गेंदों पर नाबाद 89 रन बनाए।
न्यूजीलैंड ने खड़ा किया 198 रनों का स्कोर
मिशेल के अलावा बेवन जैकब्स ने भी शानदार बैटिंग की। उन्होंने 23 गेंदों पर नाबाद 39 रन बनाए। कीवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट के नुकसान पर 198 रन बनाए। भारत के लिए अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और नीतीश कुमार रेड्डी को एक-एक सफलता मिली।
अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी की तूफानी शुरुआत
न्यूजीलैंड के द्वारा दिए गए 199 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने तूफानी शुरुआत की। पिछले मैच में तीसरे नंबर पर बैटिंग करने वाले वैभव सूर्यवंशी को इस मुकाबले में पारी की शुरुआत करने के लिए भेजा गया। दोनों ने तूफानी शुरुआत की और पावरप्ले में ही टीम इंडिया ने 118 रन बना डाले। इस दौरान अभिषेक शर्मा ने मात्र 15 गेंदों पर फिफ्टी ठोक दी। वैभव अर्धशतक नहीं लगा सके और 45 रन बनाकर आउट हो गए।
अभिषेक शर्मा ने लगाया शतक
न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन में खेलते हुए अभिषेक शर्मा का बल्ला अर्धशतक लगाने के बाद भी नहीं रुका। उन्होंने 35 गेंदों पर शतक जड़ दिया। भारत के लिए टी20 में ये संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज शतक है। रोहित शर्मा ने भी 35 गेंदों पर श्रीलंका के खिलाफ शतक जड़ा था। इससे पहले अभिषेक ने 30 गेंदों पर सेंचुरी लगाई थी, जो भारत के लिए इस फॉर्मेट में सबसे तेज शतक है। उन्होंने 37 गेंदों पर 113 रनों की पारी खेली, जिसमें नौ चौके और 11 छक्के शामिल हैं।
भारत ने जीता मुकाबला
199 रनों के लक्ष्य को भारत ने 13.2 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज पर भी कब्जा जमा लिया है। शतक लगाने वाले अभिषेक शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
