पंजाब चुनाव 2027: अकाली-भाजपा गठबंधन के सामने उभरा तीसरा मोर्चा, किसान और पंथक धड़े एकजुट
पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले किसान संगठनों, पंथक संस्थाओं और अकाली दल (पुनर सुरजीत) ने 'संयुक्त पंजाब मोर्चा' बनाया है, जो अकाली-भाजपा गठबंधन को तीसरे विकल्प के रूप में चुनौती देगा।

सुखबीर बादल और ज्ञानी हरप्रीत सिंह।
HighLights
संयुक्त पंजाब मोर्चा 2027 पंजाब चुनाव के लिए गठित।
इसमें किसान, पंथक संस्थाएं, मजदूर संगठन शामिल।
नया मोर्चा अकाली-भाजपा गठबंधन के लिए चुनौती बनेगा।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अकाली दल और भाजपा के संभावित गठबंधन के बीच एक तीसरा राजनीतिक विकल्प भी आकार लेने लगा है। अकाली दल (पुनर सुरजीत), कई किसान संगठनों, पंथक संस्थाओं, मजदूर संगठनों और पूर्व सैनिकों के संगठनों ने मिलकर संयुक्त पंजाब मोर्चा बनाया है। इस मोर्चे ने आगामी विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने और राज्य के मुद्दों पर साझा आंदोलन चलाने का ऐलान किया है।
इस राजनीतिक पहल को अकाली-भाजपा गठबंधन के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर इसलिए कि अकाली दल (पुनर सुरजीत) ने भाजपा और सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व वाले अकाली दल के साथ जाने से इनकार किया है। ऐसे में यह धड़ा अब अलग राजनीतिक मंच के जरिये अपनी जगह बनाने की तैयारी में है।
यह भी पढ़ें- पंजाब विधानसभा चुनाव में बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन तय, दोपहर 1 बजे होगा एलान
मोर्चे में कई संगठन जुड़ सकते हैं
मोर्चे में किसान संगठनों के साथ पंथक संस्थाओं, मजदूरों, पूर्व सैनिकों और पेंशनर्स से जुड़े संगठनों की भागीदारी है। इसके लिए नौ सदस्यीय कमेटी भी बनाई गई है, जो पंजाब में अन्य किसान संगठनों, पंथक समूहों और सामाजिक संगठनों से संपर्क करेगी।
इस मोर्चे की चुनौती केवल चुनाव लड़ने तक सीमित नहीं होगी। उसे अलग-अलग संगठनों की मांगों को एक साझा राजनीतिक एजेंडे में बदलना होगा।
यह भी पढ़ें- छह साल बाद फिर साथ आएंगे भाजपा और अकाली दल! 2027 चुनाव के लिए सीट बंटवारे का फार्मूला तैयार
बहुकोणीय हो सकता है मुकाबला
किसान आंदोलन के बाद पंजाब में किसान संगठनों की राजनीतिक भूमिका और पंथक मुद्दों की अहमियत को देखते हुए यह मंच अकाली दल के पारंपरिक प्रभाव वाले क्षेत्रों में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश कर सकता है।
अकाली-भाजपा गठबंधन यदि चुनाव में उतरता है तो उसके सामने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के अलावा इस नए मोर्चे की चुनौती भी होगी। इससे पंजाब का चुनावी मुकाबला और बहुकोणीय हो सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।