किसान आंदोलन में टूटी थी 24 साल पुरानी दोस्ती, बादल ने लौटाया था पद्म विभूषण; पंजाब में फिर साथ दिखेगी SAD-BJP की जोड़ी
पंजाब में अकाली दल और भाजपा का 24 साल पुराना गठबंधन 2020 में कृषि कानूनों के विरोध में हुए किसान आंदोलन के कारण टूट गया था।

बाएं से दाएं- दिवंगत प्रकाश सिंह बादल, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और सुखबीर सिंह बादल
HighLights
अकाली-भाजपा गठबंधन 2020 में किसान आंदोलन के कारण टूटा
हरसिमरत कौर बादल ने कृषि कानूनों पर केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया
प्रकाश सिंह बादल ने किसानों के समर्थन में पद्म विभूषण लौटाया
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब की राजनीति में शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी का गठबंधन करीब 24 साल तक चला था। दोनों दलों का रिश्ता इतना मजबूत माना जाता था कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल इसे 'नाखून-मांस का रिश्ता' कहा करते थे।
लेकिन केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में पंजाब में शुरू हुए किसान आंदोलन ने इस रिश्ते को खत्म कर दिया। 26 सितंबर 2020 को अकाली दल ने भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) से अलग होने का ऐलान कर दिया था।
2020 में टूटा था गठबंधन
गठबंधन टूटने की पृष्ठभूमि जून 2020 में तैयार हुई थी, जब केंद्र सरकार कृषि अध्यादेश लेकर आई। पंजाब में किसान संगठनों ने इन अध्यादेशों का विरोध शुरू कर दिया। किसानों की सबसे बड़ी चिंता न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और सरकारी खरीद व्यवस्था को लेकर थी। अकाली दल ने भी केंद्र सरकार से कानूनों में एमएसपी की कानूनी गारंटी शामिल करने की मांग की थी।
17 सितंबर 2020 को तत्कालीन केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने कृषि विधेयकों के विरोध में केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। इसके बावजूद संसद में विधेयक पारित हो गए। इससे अकाली दल पर भाजपा से अलग होने का दबाव बढ़ गया।
26 सितंबर को एनडीए छोड़ने का किया फैसला
26 सितंबर को अकाली दल की कोर कमेटी की बैठक में एनडीए छोड़ने का फैसला लिया गया। सुखबीर सिंह बादल ने कहा था कि केंद्र सरकार किसानों की फसलों की एमएसपी पर खरीद को कानूनी गारंटी देने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया था कि सरकार किसानों, खेत मजदूरों, व्यापारियों और आढ़तियों की चिंताओं को नजरअंदाज कर रही है।
इस घटनाक्रम के बाद प्रकाश सिंह बादल ने भी किसानों के समर्थन में बड़ा कदम उठाया। दिसंबर 2020 में उन्होंने अपना पद्म विभूषण सम्मान राष्ट्रपति को वापस कर दिया था। उनका कहना था कि किसानों की वजह से ही वह जो कुछ हैं, ऐसे में जब किसान अपने सम्मान और अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं तो उनके लिए यह सम्मान रखना कोई औचित्य नहीं है।
केंद्र सरकार ने नवंबर 2021 में तीनों कृषि कानून वापस ले लिए थे, लेकिन अकाली दल और भाजपा के बीच राजनीतिक दूरी बनी रही।
साल 2022 के विधानसभा चुनाव में दोनों दल अलग-अलग मैदान में उतरे। अब छह साल बाद दोनों दल फिर से साथ आने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में किसान आंदोलन के दौरान टूटा यह गठबंधन दोबारा जुड़ने जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।