विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाजपा-अकाली दल गठबंधन की घोषणा के साथ चंडीगढ़ की सियासत पर भी नजर, निगम चुनाव में बदलेंगे समीकरण

Published: Tue, 24 Nov 2026 11:32 AM (GMT+05:30)

भाजपा और अकाली दल आज गठबंधन की घोषणा करेंगे, जिसका चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव पर असर पड़ सकता है। यह गठबंधन चंडीगढ़ में राजनीतिक समीकरणों को बदल सकता है, खासकर वार्डों के बंटवारे को लेकर।

चंडीगढ़ में शिरामणि अकाली दल की बैठक हुई।

चंडीगढ़ में शिरामणि अकाली दल की बैठक हुई।

HighLights

  1. भाजपा-अकाली दल आज करेंगे गठबंधन की औपचारिक घोषणा।

  2. चंडीगढ़ निगम चुनाव के समीकरणों पर पड़ेगा सीधा असर।

  3. वार्ड बंटवारे और सीटों पर होगी अहम चुनौती।

राजेश ढल्ल, चंडीगढ़। भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन की घोषणा से पंजाब की राजनीति के साथ चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के समीकरण भी प्रभावित हो सकते हैं।

आज नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल संयुक्त प्रेस काॅन्फ्रेंस करेंगे। दोपहर एक बजे होने वाली इस प्रेस कांफ्रेंस में दोनों दलों के बीच गठबंधन का औपचारिक एलान होने की संभावना है।

इससे पहले चंडीगढ़ में हुई अकाली दल की बैठक में भी गठबंधन के संकेत मिले थे। चंडीगढ़ में 26 नवंबर से नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन शुरू होने हैं। ऐसे में गठबंधन की घोषणा का समय स्थानीय राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।

यदि दोनों दल चंडीगढ़ में भी मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला करते हैं तो भाजपा और अकाली दल के बीच वार्डों के बंटवारे का सवाल सामने आएगा। वर्ष 2021 के नगर निगम चुनाव में दोनों दल अलग-अलग मैदान में उतरे थे।

उस समय भाजपा ने 12 और अकाली दल ने एक सीट जीती थी, जबकि 2016 में गठबंधन ने 21 सीटें हासिल की थीं।इस बार अकाली दल चंडीगढ़ में अपना संगठन मजबूत करने के साथ वार्ड और बूथ स्तर पर जिम्मेदारियां बांट रहा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने हाल ही में स्थानीय नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की है।

गठबंधन होने की स्थिति में भाजपा के सामने अपने पुराने पार्षदों और दावेदारों के साथ अकाली दल को प्रतिनिधित्व देने का संतुलन बनाने की चुनौती होगी। वहीं अकाली दल के लिए भी यह तय करना अहम होगा कि उसे कितनी सीटें मिलती हैं।

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी भी इस घटनाक्रम पर नजर रखेंगी, क्योंकि गठबंधन से चुनाव में मुकाबले की राजनीतिक संरचना बदल सकती है। हालांकि पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन की घोषणा अपने आप चंडीगढ़ में गठबंधन लागू होने की पुष्टि नहीं है। चंडीगढ़ में सीटों के तालमेल पर अलग निर्णय और औपचारिक घोषणा महत्वपूर्ण होगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।