पंजाब विधानसभा चुनाव में बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन तय, दोपहर 1 बजे होगा एलान
पंजाब की राजनीति में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के फिर से एक साथ आने की अटकलें तेज हो गई हैं। आज दिल्ली में अमित शाह और सुखबीर बादल संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।

अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर बादल और गृहमंत्री अमित शाह।
HighLights
भाजपा-अकाली दल गठबंधन चर्चा में, शीर्ष नेता करेंगे संयुक्त प्रेस वार्ता।
अमित शाह, नितिन नवीन, सुखबीर बादल करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित।
संयुक्त प्रेस वार्ता नई दिल्ली में आज दोपहर एक बजे आयोजित होगी।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के फिर से एक साथ आने और गठबंधन करने की चर्चाएं अचानक तेज हो गई हैं। इस बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के बीच मंगलवार, 24 नवंबर को दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व द्वारा एक अत्यंत महत्वपूर्ण संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आज दोपहर एक बजे नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय में आयोजित की जाएगी। इस प्रेस वार्ता को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल संयुक्त रूप से संबोधित करेंगे।
दिग्गज नेताओं की इस संयुक्त प्रेस वार्ता को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल काफी बढ़ गई है। लंबे समय से दोनों पुराने सहयोगियों के दोबारा एक मंच पर आने के कयास लगाए जा रहे थे। ऐसे में शीर्ष नेताओं का एक साथ मीडिया के सामने आना और दिल्ली मुख्यालय में बैठक करना पंजाब की राजनीति और चुनावी समीकरणों के लिहाज से बेहद निर्णायक माना जा रहा है।
सीटों का नया फार्मूला
117 विधानसभा सीटों में से भाजपा अपने संगठनात्मक विस्तार के आधार पर 48 से 55 सीटों पर दावा ठोक रही है, जबकि अकाली दल बाकी सीटों पर चुनाव लड़ सकता है। 2017 के पुराने 94-23 वाले फार्मूले में संशोधन लगभग तय है।
अमित शाह के बयानों और सुखबीर बादल की सक्रियता ने गठबंधन की सुगबुगाहट बढ़ाई है। यह गठबंधन भाजपा को ग्रामीण क्षेत्रों में अकाली दल का कैडर और अकाली दल को भाजपा का शहरी वोट बैंक प्रदान करेगा।
यह भी पढ़ें- भाजपा-अकाली दल गठबंधन की घोषणा के साथ चंडीगढ़ की सियासत पर भी नजर, निगम चुनाव में बदलेंगे समीकरण
किसान आंदोलन बना था गठबंधन टूटने की वहज
केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में अकाली सांसद हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया और 26 सितंबर 2020 को अकाली दल NDA से अलग हो गया। किसानों के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने अपना पद्म विभूषण सम्मान लौटा दिया था। 2022 का चुनाव अलग लड़ने के बाद अब दोनों दल फिर करीब आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री चेहरे पर मतभेद!
अकाली दल सुखबीर सिंह बादल को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाना चाहता है ताकि गठबंधन में उसकी वरिष्ठ भूमिका बनी रहे। दूसरी ओर, भाजपा चुनाव से पहले किसी भी चेहरे की घोषणा करने के पक्ष में नहीं है। भाजपा अपने बढ़े जनाधार के कारण अधिक सीटों पर दावेदारी कर रही है। यदि अकाली दल ज्यादा सीटों पर लड़ता है तो मुख्यमंत्री पर उसका दावा मजबूत होगा, जबकि भाजपा उपमुख्यमंत्री पद चाह सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।