पंजाब चुनाव 2027: केवल ढिल्लों के नेतृत्व में चुनावी चक्रव्यूह तैयार, पुराने और नए नेताओं के सहारे फतह की तैयारी
पंजाब में 2027 के चुनाव के लिए भाजपा ने चुनाव समिति घोषित की है, जिसमें पुराने नेताओं के साथ कांग्रेस और अकाली दल से आए चेहरों को शामिल कर उम्मीदवारों के चयन की तैयारी की गई है।

पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों।
HighLights
भाजपा ने 2027 पंजाब चुनाव के लिए समिति बनाई।
केवल सिंह ढिल्लों करेंगे समिति का नेतृत्व।
पुराने-नए नेताओं को मिलाकर बनेगी चुनावी रणनीति।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने चुनावी रणनीति का पहला बड़ा खाका तैयार कर लिया है। प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में राज्य चुनाव समिति की घोषणा के साथ पार्टी ने पुराने संगठनात्मक नेताओं और दूसरी पार्टियों से भाजपा में आए राजनीतिक चेहरों को एक मंच पर लाने की कोशिश की है।
समिति में पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, पूर्व केंद्रीय मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। इससे साफ है कि भाजपा आगामी चुनाव में केवल अपने पुराने संगठनात्मक ढांचे के भरोसे नहीं, बल्कि पंजाब की राजनीति में अलग-अलग दलों से आए नेताओं के अनुभव और उनके राजनीतिक प्रभाव को भी इस्तेमाल करना चाहती है।
समिति में भाजपा के पुराने नेताओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया गया है। अश्वनी शर्मा, सुनील जाखड़, अविनाश राय खन्ना, विजय सांपला, मनोरंजन कालिया और श्वेत मलिक जैसे पूर्व प्रदेश अध्यक्षों को शामिल कर पार्टी ने संगठन के अनुभवी नेताओं को चुनावी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण स्थान दिया है।
इनके साथ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत बादल और राज्यसभा सदस्य तरुण चुघ को भी जिम्मेदारी दी गई है। संगठन महामंत्री मंत्री श्रीनिवासुलु की मौजूदगी भी संगठनात्मक समन्वय की दृष्टि से अहम मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें- Punjab Mandi Bhav: आटा-दाल और चावल की नई दरें जारी, सर्राफा बाजार में ₹5,500 की छलांग के साथ चमका सोना-चांदी
दल-बदलू नेताओं को मिला महत्व
दूसरी पार्टियों से भाजपा में आए नेताओं को भी समिति में महत्वपूर्ण जगह मिली है। कांग्रेस से भाजपा में आए सुनील जाखड़, परनीत कौर, रवनीत सिंह बिट्टू और राणा गुरमीत सिंह सोढी इसमें शामिल हैं। वहीं अकाली दल से भाजपा में आए मनप्रीत सिंह बादल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के साथ चुनाव समिति में स्थान दिया गया है।
इससे पार्टी की रणनीति में उन नेताओं को महत्व देने का संकेत मिलता है, जिनका पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में राजनीतिक आधार और चुनावी अनुभव रहा है। हालांकि समिति में आम आदमी पार्टी से भाजपा में आए किसी नेता को शामिल नहीं किया गया है।
अकाली दल संग गठबंधन के संकेत
चुनाव समिति की घोषणा ऐसे समय में हुई है जब पंजाब में भाजपा और अकाली दल के बीच गठबंधन की संभावनाओं को लेकर राजनीतिक चर्चाएं जारी हैं। समिति में ऐसे नेताओं की मौजूदगी भी महत्वपूर्ण है, जिनके अकाली दल के नेताओं के साथ पुराने राजनीतिक और व्यक्तिगत संबंध रहे हैं। मनप्रीत बादल अकाली दल की राजनीति से निकलकर कांग्रेस और फिर भाजपा में आए हैं।
मनोरंजन कालिया और विजय सांपला जैसे पुराने भाजपा नेताओं ने अकाली दल के साथ गठबंधन सरकार के दौरान भी राजनीतिक भूमिका निभाई है। ऐसे में चुनाव समिति में इन नेताओं की मौजूदगी को गठबंधन की संभावनाओं और भाजपा की स्वतंत्र चुनावी रणनीति, दोनों संदर्भों में देखा जा रहा है।
हालांकि समिति की घोषणा को गठबंधन पर अंतिम फैसला नहीं माना जा सकता। भाजपा फिलहाल संगठनात्मक और चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ा रही है। पार्टी की ओर से सभी 117 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया में समिति की भूमिका महत्वपूर्ण रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- पंजाब चुनाव में हरियाणा की महिला कांग्रेस की अहम भूमिका, अलका लांबा ने 9 नेत्रियों को दी बड़ी जिम्मेदारी
टिकट बंटवारे में संतुलन बड़ी चुनौती
समिति संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा, राजनीतिक समीकरणों का आकलन और सीटों पर पार्टी की स्थिति को लेकर सुझाव दे सकती है। अंतिम फैसला पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के स्तर पर होगा।
इस समिति में पुराने नेताओं और नए राजनीतिक चेहरों का संतुलन भाजपा की आगामी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी जहां अपने पुराने नेताओं के संगठनात्मक अनुभव और कार्यकर्ताओं के नेटवर्क का इस्तेमाल करना चाहती है, वहीं दूसरी पार्टियों से आए नेताओं के प्रभाव, जनाधार और चुनाव लड़ने के अनुभव को भी भुनाने की तैयारी है।
ऐसे में टिकट वितरण के दौरान पुराने भाजपा नेताओं और नए चेहरों के बीच संतुलन बनाए रखना पार्टी के लिए बड़ी चुनौती होगा।
पार्टी की नजर अब उम्मीदवार चयन पर
समिति में प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के अलावा मनजीत सिंह मन्ना, पूर्व मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी, पूर्व उपाध्यक्ष दिनेश बाबू और मुकेरियां के विधायक जंगी लाल महाजन को भी शामिल किया गया है। वहीं डॉ. सतीश पूनिया, वीरेंद्र सचदेवा और डॉ. अलका गुर्जर को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
चुनाव समिति की घोषणा के बाद अब पार्टी की नजर संभावित उम्मीदवारों की पहचान, विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की मजबूती और चुनावी मुद्दों को तय करने पर रहेगी।
यह भी पढ़ें- पंजाब विधानसभा चुनाव: BJP के पुराने गढ़ में टिकट की जंग, फिरोजपुर शहरी सीट पर 6 दावेदारों ने बिछाई सियासी बिसात
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।