पंजाब विधानसभा चुनाव: BJP के पुराने गढ़ में टिकट की जंग, फिरोजपुर शहरी सीट पर 6 दावेदारों ने बिछाई सियासी बिसात
फिरोजपुर शहरी सीट पर विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा टिकट को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है, जिसमें छह दावेदार सामने आए हैं।

पूर्व कैबिनेट मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी की फाइल फोटो।
HighLights
फिरोजपुर शहरी सीट पर भाजपा टिकट के लिए छह दावेदार
दावेदार सामाजिक, धार्मिक आयोजनों से बना रहे अपनी पैठ
भाजपा को संतुलन और खोया जनाधार वापस पाने की चुनौती
डॉ. तरूण जैन, फिरोजपुर। विधानसभा चुनाव की तारीख अभी दूर है, लेकिन फिरोजपुर शहरी सीट पर भारतीय जनता पार्टी के भीतर टिकट को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कभी भाजपा का मजबूत गढ़ रही इस सीट पर इस बार टिकट के छह दावेदार सामने आने से पार्टी के अंदर राजनीतिक गतिविधियां बढ़ गई हैं।
कोई सामाजिक कार्यक्रमों के जरिये महिलाओं के बीच अपनी पैठ बनाने में जुटा है तो कोई धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से अलग-अलग वर्गों को जोड़ रहा है। टिकट मिलने से पहले ही संभावित उम्मीदवारों ने अपने-अपने स्तर पर सियासी बिसात बिछानी शुरू कर दी है।
पार्टी के सामने भी दोहरी चुनौती है। एक तरफ टिकट के दावेदारों के बीच संतुलन बनाना है तो दूसरी तरफ लगातार तीन चुनावों में मिली हार के बाद पुराने गढ़ में अपना आधार मजबूत करना है।
टिकट की दौड़ में छह चेहरे, सभी अपने तरीके से सक्रिय
फिलहाल पूर्व कैबिनेट मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व उपाध्यक्ष अभिषेक धवन, जिला प्रधान सरबजीत सिंह बॉबी बाठ की पत्नी पलविंदर कौर, आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में आए दीपक शर्मा, संघ कार्यकर्ता राजेश खुराना की पत्नी एवं पूर्व पार्षद साक्षी खुराना, पूर्व पार्षद यामिनी शर्मा के नाम टिकट के संभावित दावेदारों में चर्चा में हैं। इससे पहले पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वर्गीय कमल शर्मा की पत्नी शशि शर्मा भी हलके में सक्रिय रही हैं।
दावेदारों की सक्रियता उनके आयोजनों से भी दिखाई दे रही है। राणा सोढ़ी महिलाओं के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज करवाने के लिए करवाचौथ मेले का आयोजन कर चुके हैं। अभिषेक धवन तीज मेले, गरबा इवनिंग, अग्रवाल सम्मेलन और भरत मिलाप जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से विभिन्न सामाजिक वर्गों से संपर्क बढ़ा रहे हैं।
पलविंदर कौर भी कार्यक्रमो और होर्डिंग के जरिये अपनी पहचान बनाने में जुटी हैं। वहीं दीपक शर्मा युवा और हिंदू चेहरे के रूप में अपनी राजनीतिक पहचान पेश करने के साथ स्थानीय मुद्दों पर सक्रियता दिखा रहे हैं।
जनसंघ से भाजपा तक छह बार जीत का इतिहास
शहरी सीट का राजनीतिक इतिहास भाजपा और उससे पहले भारतीय जनसंघ के प्रभाव को दर्शाता है। वर्ष 1962 में बलिदानी भगत सिंह के चाचा कुलबीर सिंह ने कांग्रेस के कुंदन लाल को 3875 मतों से हराया था। उन्हें 20,874 वोट मिले थे, जबकि कुंदन लाल को 16,999 मत प्राप्त हुए थे। वर्ष 1969 में भारतीय जनसंघ के पंडित बालमुकंद शर्मा ने कांग्रेस के गिरधारा सिंह को 2594 मतों से पराजित किया।
इसके बाद गिरधारा सिंह ने जनता पार्टी के टिकट पर 1977 में बालमुकंद शर्मा को 234 मतों से हराया। वर्ष 1997 में गिरधारा सिंह ने 23,869 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। वर्ष 2002 में उनके बेटे सुखपाल सिंह नन्नू ने बालमुकंद शर्मा को 7757 मतों से हराया और 2007 में फिर गिरधारा सिंह को 14,879 मतों से पराजित किया।
वर्ष 2012 और 2017 में सुखपाल सिंह नन्नू को हार का सामना करना पड़ा। वर्ष 2022 में भाजपा ने राणा सोढ़ी को मैदान में उतारा, लेकिन उन्हें भी जीत नहीं मिली। इस तरह पार्टी का लगातार तीन चुनावों में जीत का इंतजार जारी है। गौरतलब है कि वर्ष 1951 से 1977 तक चुनाव भारतीय जनसंघ के नाम से लड़े जाते रहे। वर्ष 1977 में जनता पार्टी का गठन हुआ, जबकि वर्ष 1980 में भारतीय जनता पार्टी अस्तित्व में आई।
गुटबाजी और नेतृत्व की कमी भी बनी चुनौती
एक समय फिरोजपुर में गिरधारा सिंह सैणी का राजनीतिक प्रभाव था। ममदोट हाउस उनका प्रमुख राजनीतिक केंद्र माना जाता था, जहां केंद्रीय और प्रदेश स्तर के नेताओं का आना-जाना रहता था। चुनावी रणनीतियां भी यहीं तैयार होती थीं। उनके बेटे सुखपाल सिंह नन्नू ने भी शुरुआती दौर में इस राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाया, लेकिन बाद के वर्षों में पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी का असर चुनावों में दिखाई दिया।
नन्नू ने किसान आंदोलन में भाजपा छोडक़र किसानी झंडा पकड़ा और 2024 संसदीय चुनावो में फिर आम आदमी पार्टी और फिर शिरोमणि अकाली दल का दामन थाम लिया। वर्तमान में वह अकाली दल के हल्का इंचार्ज हैं।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कमल शर्मा के निधन के बाद स्थानीय स्तर पर नेतृत्व का खालीपन भी चर्चा का विषय रहा। राणा सोढ़ी के भाजपा में शामिल होने के बाद कार्यकर्ताओं को उनसे काफी उम्मीदें थीं। वर्ष 2022 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। चार बार विधायक और कैबिनेट मंत्री रह चुके सोढ़ी के राजनीतिक अनुभव के बावजूद पार्टी को फिरोजपुर में जीत नहीं मिल सकी।
एकजुटता पर टिकी पार्टी की रणनीति
भाजपा जिला प्रधान सरबजीत सिंह बॉबी बाठ का कहना है कि पार्टी चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। पार्टी जिसे भी टिकट देगी, सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर उसके पक्ष में काम करेंगे।
वहीं पार्टी के टकसाली नेता दीपक वर्मा का कहना है कि फिरोजपुर शहरी सीट भाजपा का पुराना गढ़ रही है। पार्टी को ऐसे नेतृत्व की जरूरत है जो पुराने और नए कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चले और शहर के विकास में भी योगदान दे।
अब देखने वाली बात यह होगी कि भाजपा टिकट के छह दावेदारों में से किस पर भरोसा जताती है और क्या पार्टी इस बार आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर अपने पुराने राजनीतिक आधार को फिर से हासिल करने के लिए एकजुट हो पाती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।