हिमाचल की बारिश से पंजाब के बांधों में बढ़ा जलस्तर, पौंग डैम में बढ़ा पानी; कभी भी खोले जा सकते हैं फ्लड गेट
हिमाचल प्रदेश में भारी वर्षा के कारण पंजाब के बांधों में जलस्तर बढ़ रहा है। पौंग बांध में जलस्तर 1366.04 फीट तक पहुंच गया है जिससे फ्लड गेट खोलने का फैसला लिया जा सकता है। भाखड़ा बांध में भी पानी बढ़ा है और ब्यास दरिया से सटे जिलों में अलर्ट जारी किया गया है।

जागरण टीम, चंडीगढ़। हिमाचल प्रदेश में भारी वर्षा से पंजाब के बांधों में पानी लगातार बढ़ रहा है। होशियारपुर जिले के तलवाड़ा में ब्यास दरिया पर बने पौंग बांध के जलस्तर में पिछले 24 घंटे में ही तीन फीट की बढ़ोतरी हुई है। रविवार शाम चार बजे बांध में पानी 1,366.04 फीट के लेवल तक पहुंच गया।
शनिवार को यह 1,363.05 फीट था। पानी 1,365 फीट पहुंचने के बाद फ्लड गेट खोलने का फैसला बांध प्रबंधन ले सकता है। यहां पानी की आवक 59,646 क्यूसेक रही। अधिकारियों ने कहा कि पानी बढ़ा तो कभी भी फ्लड गेट खोले जा सकते हैं। भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (बीबीएमबी) ने शुक्रवार को ब्यास दरिया से सटे जिलों के अधिकारियों को चेतावनी जारी की थी कि वे लोगों को सजग कर दें और जरूरी प्रबंध कर लें।
होशियारपुर, गुरदासपुर, अमृतसर और तरनतारन जिले में प्रशासन अलर्ट पर है। नंगल में भाखड़ा बांध में एक दिन में 2.64 फीट पानी बढ़ा। यहां फ्लड कंट्रोल गेटों का लेवल 1,645 फीट है। पठानकोट के रणजीत सागर बांध (आरएसडी) में 24 घंटे में जलस्तर 513.62 फीट से 514.91 फीट पहुंच गया है।
हिमाचल में भारी वर्षा से रविवार को दो लोगों की मौत हो गई। लाहुल स्पीति में बाढ़ से उदयपुर-पांगी-किलाड़ को जोड़ने वाला एकमात्र पुल बह गया। इससे चंबा की पांगी घाटी को लाहुल से जाने वाला मार्ग बंद हो गया है। आनी में दोमंजिला मकान ढह गया। वहीं, कीरतपुर-मनाली फोरलेन जोगणी मोड़ पर चट्टानें गिरने से सुबह आधा घंटा बंद रहा।
ब्यास दरिया का पानी मंड इलाके में खेतों में पहुंचा
पंजाब में ब्यास दरिया का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। ब्यास के मंड में पानी आने से सुल्तानपुर लोधी में हजारों एकड़ धान जलमग्न हो गई है। वहीं, फाजिल्का में भी खेतों में पानी भर गया है।
पूर्वानुमानः सोमवार व मंगलवार को पंजाब और हिमाचल में भारी वर्षा हो सकती है। येलो अलर्ट जारी किया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।