'सत्ता में आने पर जारी रहेंगी कल्याणकारी योजनाएं', AAP के आरोपों पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष का पलटवार
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने कहा कि सत्ता में आने पर मौजूदा कल्याणकारी योजनाएं जारी रहेंगी और इन्हें कानून बनाकर कानूनी संरक्षण दिया जाएगा। उन्होंने आप पर नशे व रैली खर्च को लेकर निशाना साधा।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह।
HighLights
कांग्रेस ने सत्ता में आने पर कल्याणकारी योजनाएं जारी रखने का वादा।
परगट सिंह ने योजनाओं को कानूनी संरक्षण देने पर जोर दिया।
आप की रैली में नशे के मुद्दे पर चर्चा न होने की आलोचना।
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस ने सत्ता में आने पर मौजूदा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखने का वादा किया है। कांग्रेस कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने कहा कि पार्टी इन योजनाओं को बंद करने के बजाय कानून बनाकर कानूनी संरक्षण देगी, ताकि सरकार बदलने के बावजूद लोगों को इनका लाभ मिलता रहे। उन्होंने कहा कि कल्याणकारी योजनाओं का भविष्य किसी सरकार की राजनीतिक इच्छा पर निर्भर नहीं होना चाहिए।
आम आदमी पार्टी (आप) की रैली में विपक्ष पर योजनाएं बंद करने की मंशा रखने के आरोपों के सवाल पर परगट सिंह ने कहा कि कांग्रेस का रुख स्पष्ट है। सरकार बदलने के साथ जनहित की योजनाएं बंद नहीं होनी चाहिए। इन्हें कानूनी ढांचा देकर लोगों के अधिकार के रूप में सुरक्षित किया जाएगा।
उन्होंने सूचना का अधिकार (आरटीआई) और खाद्य सुरक्षा कानून का उदाहरण देते हुए कहा कि यूपीए सरकार के समय पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व में ऐसे कानून बनाए गए थे। इसी तर्ज पर कल्याणकारी योजनाओं को भी कानूनी आधार दिया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- पंजाब चुनाव 2027: कांग्रेस समिति अगले सप्ताह करेगी दौरा, दावेदारों से होगी सीधी बात, दिसंबर में आएगी पहली सूची
पंजाब की पहचान सेवा से
परगट सिंह ने कहा कि पंजाब की पहचान जरूरतमंदों की मदद, मानवीय मूल्यों और सेवा की परंपरा से जुड़ी है। उन्होंने कहा लंगर इसका बड़ा उदाहरण है। कल्याणकारी योजनाएं किसी भी लोक कल्याणकारी राज्य की जिम्मेदारी होती हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष पर योजनाएं बंद करने का आरोप लगाना पंजाब की मदद और सेवा की परंपरा पर सवाल उठाने जैसा है।
यह भी पढ़ें- पंजाब चुनाव 2027: मानसा की बुढलाडा सीट से अकाली दल के पूर्व नेता डॉ. निशान सिंह कांग्रेस में शामिल
रैली खर्च और नशा मुक्ति नीति पर उठाया सवाल
आप की रैली पर निशाना साधते हुए उन्होंने सरकारी खजाने से भारी खर्च होने का आरोप लगाया और कहा कि यह पैसा जनसुविधाओं पर लगाया जा सकता था। परगट सिंह ने कहा कि नशे के मुद्दे पर रैली में कोई चर्चा की गई जबकि इस समय पंजाब का यह सबसे बड़ा मुद्दा है। परगट सिंह ने दवाओं के दुरुपयोग, सिंथेटिक नशे और भुक्की-अफीम जैसे मुद्दों पर विशेषज्ञों के साथ गंभीर चर्चा कर नीति बनाने की जरूरत बताई।
उन्होंने दावा किया कि 2021 में कांग्रेस सरकार ने मानसा और संगरूर में विशेष नशे से जुड़ी कई दावों पर प्रतिबंध लगाया लेकिन बाद में इन्हें फिर से मौजूदा सरकार ने मंजूरी दे दी। उन्होंने कहा कि इस समय सबसे अधिक जरूरत युवाओं को नशे से बचाना और उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर प्रदेश में दिलाना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।