विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब कांग्रेस में ऑल इज वेल! गुटबाजी भूलकर एक मंच पर आए चन्नी-वड़िंग, क्या गिले-शिकवे भुलाकर एकजुट हुए नेता?

By Dr. Sumit Singh SheoranEdited By: Anuj Sharma
Published: Sun, 11 Oct 2026 12:49 PM (GMT+05:30)

पंजाब कांग्रेस के पदभार समारोह में गुटबाजी को दरकिनार कर सभी दिग्गज एक मंच पर आए। सचिन पायलट और चन्नी की मौजूदगी से पार्टी में एकजुटता का बड़ा संदेश दिखा।

परगट सिंह की ताजपोशी के कार्यक्रम में संबोधन करते हुए अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग।

परगट सिंह की ताजपोशी के कार्यक्रम में संबोधन करते हुए अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग।

HighLights

  1. परगट सिंह ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार संभाला।

  2. वरिष्ठ नेताओं ने गुटबाजी भुलाकर एक मंच पर एकजुटता दिखाई।

  3. पार्टी का लक्ष्य 2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठन मजबूत करना।

डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी और नेतृत्व को लेकर लंबे समय से चल रही खींचतान के बीच रविवार को नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह के पदभार ग्रहण समारोह में पार्टी ने एकजुटता दिखाने की कोशिश की है। चंडीगढ़ के सेक्टर-15 स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में आयोजित कार्यक्रम में लगभग सभी बड़े नेता पहुंच चुके हैं।

पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रही है। हालांकि, बारिश ने इस कार्यक्रम में खलल डाल दिया और समर्थकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें- 'पहला पास परगट को ही दूंगा...' नए अध्यक्ष के समर्थन में उतरे रंधावा, बोले- 2027 में बनाएंगे सरकार

कांग्रेस में एकजुटता का संदेश और रणनीति

पार्टी नेतृत्व की ओर से इस समारोह के माध्यम से प्रदेश कांग्रेस में एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष पद पर परगट सिंह की नियुक्ति के बाद सभी प्रमुख नेताओं को एक मंच पर लाना और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने का संदेश देना कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण है।

पिछले कुछ समय से प्रदेश नेतृत्व में बदलाव, संगठन में जिम्मेदारियों के बंटवारे और वरिष्ठ नेताओं के बीच मतभेदों को लेकर चर्चाएं होती रही हैं। ऐसे में समारोह में दिग्गज नेताओं की मौजूदगी को एकजुटता के प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।

कार्यकर्ताओं में दिख रहा उत्साह

कार्यक्रम में सचिन पायलट ने झंडा फहराकर समारोह की शुरुआत की। इसके बाद नेताओं के संबोधन का सिलसिला शुरू हुआ। चन्नी, बाजवा, रंधावा और राजा वड़िंग सहित पार्टी के कई प्रमुख नेता कार्यक्रम में पहुंचे। तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, सांसद रजिया सुल्ताना, सुखपाल सिंह खेड़ा और कल ढिल्लों सहित अन्य नेताओं की मौजूदगी भी देखने को मिली।

पंजाब के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक चंडीगढ़ पहुंचे। आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया, लेकिन बारिश शुरू होने से खुले में मौजूद लोगों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। खराब मौसम के बावजूद समर्थक कार्यक्रम में जुटे रहे।

यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस में नए युग की शुरुआत! परगट सिंह की ताजपोशी आज, पायलट की मौजूदगी में लेंगे चार्ज

परगट सिंह के सामने चुनौतियां

अब परगट सिंह के सामने सभी गुटों को साथ लेकर चलने, संगठन को सक्रिय करने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी को मजबूत करने की चुनौती होगी। समारोह में नेताओं की मौजूदगी के बीच यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि मंच पर दिखी एकजुटता आगे संगठनात्मक गतिविधियों में कितनी दिखाई देती है। सुबह 10 बजे के कार्यक्रम होने के बावजूद 12बजे तक कांग्रेस के नेता पहुंचे हैं।

यह भी पढ़ें- पूर्व CM के हत्यारे जगतार सिंह हवारा को नहीं मिली पैरोल, पंजाब-हरियाणा HC में सुनवाई 28 अक्टूबर तक स्थगित