विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब कांग्रेस में नए युग की शुरुआत! परगट सिंह की ताजपोशी आज, पायलट की मौजूदगी में लेंगे चार्ज

Published: Sun, 11 Oct 2026 09:49 AM (IST)

परगट सिंह आज चंडीगढ़ में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार संभालेंगे, जिसमें सचिन पायलट सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। ...और पढ़ें

राजा वड़िंग की जगह परगट सिंह बने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष।

राजा वड़िंग की जगह परगट सिंह बने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष।

HighLights

  1. परगट सिंह आज पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार संभालेंगे

  2. सचिन पायलट सहित कई वरिष्ठ नेता समारोह में मौजूद रहेंगे

  3. 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारी पर रहेगा मुख्य जोर

डॉ सुमित सिंह श्योराण चंडीगढ़। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह रविवार को चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। पदभार ग्रहण समारोह सुबह करीब 10:30 बजे शुरू होगा।

इससे पहले परगट सिंह ने खालसा पंथ की जन्मभूमि श्री आनंदपुर साहिब पहुंचकर अमृत वेले तख्त श्री केसगढ़ साहिब में माथा टेका और पंजाब की खुशहाली, शांति, भाईचारे तथा सर्वजन के कल्याण के लिए अरदास की। इस दौरान उनकी पत्नी बरिंदर प्रीत कौर भी साथ रहीं।

परगट सिंह ने गुरु साहिब के समक्ष पंजाब की तरक्की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि पंजाब की सेवा करना और लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रदेश में एकता, आपसी सद्भाव और भाईचारे की भावना मजबूत करने का संकल्प भी व्यक्त किया।

सचिन पायलट सहित जुटेंगे वरिष्ठ नेता

पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष के पदभार ग्रहण समारोह में पार्टी के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट सहित कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। सचिन पायलट ने शनिवार को ही इंटरनेट मीडिया के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी साझा की थी।

समारोह को लेकर पिछले दो दिनों से पंजाब कांग्रेस भवन में तैयारियां चल रही हैं। परगट सिंह स्वयं भी तैयारियों का जायजा लेते रहे हैं। पार्टी के कई अन्य नेता भी आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटे हैं।

गुटबाजी के बीच एकजुटता दिखाने की चुनौती

पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर लंबे समय से चल रही खींचतान के बीच परगट सिंह के सामने सभी गुटों को साथ लेकर चलने की बड़ी चुनौती होगी। पार्टी ने राजा वड़िंग की जगह परगट सिंह को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। ऐसे में आज के समारोह में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी और उनके बीच तालमेल पर भी नजर रहेगी।

2027 के चुनाव की तैयारी पर रहेगा जोर

पदभार संभालने के साथ ही पंजाब कांग्रेस का ध्यान 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर केंद्रित होने की उम्मीद है। सचिन पायलट की मौजूदगी में चुनावी रणनीति, संगठन को मजबूत करने और विभिन्न चुनाव समितियों की भूमिका पर भी चर्चा प्रस्तावित है। इन बैठकों के जरिए पार्टी आगे की रणनीति तय कर सकती है।

परगट सिंह ने स्पष्ट किया है कि वह सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पंजाब के हितों, लोकतांत्रिक मूल्यों और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के लिए काम करेंगे। अब उनके सामने संगठन में एकजुटता कायम करने और चुनाव से पहले कांग्रेस को मजबूत करने की जिम्मेदारी होगी।

यह भी पढ़ें- कमान संभालने से पहले परगट सिंह ने टेका आनंदपुर साहिब में माथा, बोले- 'पंजाब की सेवा ही प्राथमिकता'