परगट सिंह कल संभालेंगे पंजाब कांग्रेस की कमान, गुटबाजी के बीच एकजुटता बनी चुनौती, जुटेंगे 10 हजार कार्यकर्ता
परगट सिंह के पदभार ग्रहण समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। चंडीगढ़ में रविवार को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में हजारों समर्थकों और केंद्रीय दिग्गजों के जुटने की संभावना है।

पदभार संभालने से पहले दिल्ली में राहुल गांधी ने परगट सिंह से मुलाकात की थी।
HighLights
परगट सिंह चंडीगढ़ में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार संभालेंगे।
समारोह में 8-10 हजार कांग्रेस समर्थकों के पहुंचने की उम्मीद।
गुटबाजी के बीच चन्नी-वड़िंग की मौजूदगी पर रहेगी नजर।
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह के पदभार ग्रहण समारोह को लेकर प्रदेश संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार, 11 अक्टूबर को चंडीगढ़ के सेक्टर-15 स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में होने वाले इस कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों के जुटने की उम्मीद है।
पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल सहित केंद्रीय नेतृत्व के प्रतिनिधियों की मौजूदगी भी अहम रहेगी। इस समारोह पर पार्टी के भीतर चल रही राजनीतिक खींचतान के बीच सबकी नजरें पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर के सांसद चरणजीत सिंह चन्नी तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की मौजूदगी पर टिकी हैं।
दोनों नेताओं की उपस्थिति को नए प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में संगठनात्मक एकजुटता के संदेश से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, समारोह में उनकी भागीदारी को लेकर अंतिम स्थिति पर नजर रहेगी।
यह भी पढ़ें- पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले नवजोत सिद्धू की होगी वापसी! विधायक बोले- घर में जितने 'जी' ज्यादा, उतना अच्छा
दिल्ली में डटे हैं दोनों सीनियर नेता
चन्नी और वड़िंग इन दिनों दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ मतदाता सूची तथा कथित वोट चोरी के मुद्दे पर चल रहे विरोध प्रदर्शनों में सक्रिय हैं। ऐसे में चंडीगढ़ में होने वाले कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी कांग्रेस के भीतर आपसी तालमेल और नए नेतृत्व को समर्थन के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। रविवार को होने वाले कार्यक्रम में 8 से 10000 कांग्रेस समर्थकों के पहुंचने की उम्मीद है।
हरमंदिर साहिब में माथा टेककर शुरू की नई पारी
परगट सिंह ने गुरुवार को अमृतसर स्थित श्री गुरु हरमंदिर साहिब में सचिन पायलट और पार्टी के अन्य नेताओं के साथ माथा टेककर अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत की थी। इसके बाद अब चंडीगढ़ में औपचारिक रूप से प्रदेश अध्यक्ष का पद संभालने की तैयारी है। पार्टी के सामने इस आयोजन के जरिए कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को सक्रिय करने की चुनौती भी है।
यह भी पढ़ें- विदेश में छिपे गैंगस्टरों और नशा तस्करों की अब खैर नहीं, स्थायी DGP का पद संभालते ही गौरव यादव ने दिए निर्देश
समितियों की बैठकों का दौर होगा तेज
प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक गतिविधियां पहले ही तेज हो चुकी हैं। चुनावी तैयारियों के तहत घोषणापत्र समिति की दो-तीन बैठकें हो चुकी हैं। अब अगले सप्ताह से पार्टी की अन्य समितियों की बैठकें आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की जा रही है। नए अध्यक्ष के कार्यभार संभालने के बाद इन गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है। अब देखना होगा कि परगट सिंह वरिष्ठ नेताओं के बीच समन्वय स्थापित कर पार्टी को चुनावी तैयारी के लिए किस तरह एकजुट करते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।