विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी से परगट सिंह का इनकार, बोले- सभी की भूमिका तय, हर नेता को दिखानी होगी अपनी 'ड्रिबलिंग'

By Dr. Sumit Singh SheoranEdited By: Anuj Sharma
Published: Fri, 09 Oct 2026 01:28 PM (IST)

नवनियुक्त पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष परगट सिंह ने स्पष्ट किया है कि आगामी चुनाव सामूहिक नेतृत्व में लड़े जाएंगे। उन्होंने ...और पढ़ें

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह।

HighLights

  1. परगट सिंह ने पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी की खबरों को नकारा।

  2. आगामी विधानसभा चुनाव राहुल गांधी के दिशा-निर्देश में लड़ा जाएगा।

  3. सामूहिक नेतृत्व पर जोर, सभी नेताओं को अपनी भूमिका निभानी होगी।

डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह ने स्पष्ट किया है कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव राहुल गांधी के दिशा-निर्देश में लड़ेगी। मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास इतने चेहरे हैं कि हर कोई मुख्यमंत्री बनने की क्षमता रखता है।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा और विधायक सुखपाल सिंह खैहरा के नाम लेते हुए खुद को भी इस दौड़ में शामिल बताया। हालांकि, उन्होंने किसी एक नेता को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करने के बजाय सामूहिक नेतृत्व पर जोर दिया।

बातचीत में परगट सिंह ने कहा कि पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उनसे कहीं अधिक अनुभवी हैं। इनमें से अधिकतर नेता 40 से 45 वर्षों से सार्वजनिक जीवन और राजनीति में सक्रिय हैं, जबकि उनके पास करीब 10 से 12 वर्षों का राजनीतिक अनुभव है। वह वरिष्ठ नेताओं के अनुभव का लाभ उठाकर पार्टी को मजबूत करने और चुनावी मैदान में बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे।

यह भी पढ़ें- CM मान के OSD घुम्मन को हाई कोर्ट से राहत नहीं, सिंगल बेंच ने सुनवाई से किया इनकार, उपयुक्त मंच पर जानने की सलाह

सभी की भूमिका तय होगी

परगट सिंह ने पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी और आपसी मनमुटाव की चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा कि सभी नेता एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में प्रत्येक नेता की भूमिका तय की जाएगी और सभी को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा। पार्टी में किसी एक व्यक्ति के बजाय सभी नेताओं को साथ लेकर चलने की रणनीति पर काम किया जाएगा।

हॉकी के मैदान से राजनीति में आए परगट सिंह ने अपनी बात को खेल से जोड़ते हुए कहा कि राजनीति में भी वह स्ट्राइकर की भूमिका निभाएंगे, लेकिन फुल बैक के तौर पर भी खेलने के लिए तैयार हैं। बाकी खिलाड़ियों को भी मैदान में उतरकर अपना किरदार निभाना होगा। उन्होंने कहा कि सभी नेताओं को अपनी फिटनेस और ड्रिबलिंग दिखानी होगी, तभी टीम बेहतर प्रदर्शन कर सकेगी।

यह भी पढ़ें- पंजाब CM ऑफिस से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट में नया मोड़, सुनवाई से अलग हुए जस्टिस शील नागू; नई बेंच के पास जाएगा केस

हरमंदिर साहिब से शुरू हुआ चुनावी अभियान

परगट सिंह लगातार यह संदेश दे रहे हैं कि पंजाब कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतर चुकी है। आठ अक्टूबर को पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट के साथ उन्होंने श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेककर आगे की राजनीतिक गतिविधियों की शुरुआत की।

अब पार्टी का अगला पड़ाव दूसरे जिलों के दौरे और फिर चंडीगढ़ में होने वाला कार्यक्रम है। परगट सिंह को उम्मीद है कि सामूहिक नेतृत्व और सभी नेताओं की सक्रिय भागीदारी से कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी।

यह भी पढ़ें- आज फिर गूंजेगी सिद्धू मूसेवाला की आवाज, टोरंटो से शुरू हुआ होलोग्राम 'साइन टू गॉड' वर्ल्ड टूर