पंजाब चुनाव 2027: कांग्रेस समिति की बैठक 24 नवंबर को, दिसंबर के पहले सप्ताह में जारी हो सकती है पहली सूची
प्रदेश चुनाव समिति की पहली बैठक चौबीस नवंबर को होगी, जिससे उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया तेज होगी। दिसंबर के पहले सप्ताह में तीस से चालीस प्रत्याशियों की पहली सूची जारी हो सकती है।

कुछ दिन पहले ही पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट, प्रधान परगट सिंह, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, सुखजिंदर रंधावा के साथ INC प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे व राहुल गांधी बैठक की थी।
HighLights
कांग्रेस ने 2027 पंजाब चुनाव के लिए उम्मीदवार चयन प्रक्रिया तेज की।
परगट सिंह के नेतृत्व में 24 नवंबर को चुनाव समिति की बैठक।
दिसंबर के पहले सप्ताह में पहली सूची जारी होने की उम्मीद।
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने उम्मीदवारों के चयन की कवायद तेज कर दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह की अगुवाई में गठित 42 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति की पहली बैठक 24 नवंबर को होने जा रही है। इस बैठक के साथ ही पार्टी में टिकट वितरण की प्रक्रिया औपचारिक रूप से अगले चरण में प्रवेश करेगी।
कांग्रेस दिसंबर के पहले सप्ताह में 30 से 40 संभावित उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने की तैयारी में है। प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से संभावित दावेदारों, उनकी राजनीतिक सक्रियता, क्षेत्र में पकड़, संगठन के साथ जुड़ाव और चुनाव जीतने की संभावनाओं पर चर्चा होगी।
समिति मजबूत दावेदारों के नामों पर सहमति बनाने का प्रयास करेगी। इसके बाद नाम स्क्रीनिंग कमेटी के पास भेजे जाएंगे, जहां छंटनी के बाद अंतिम निर्णय कांग्रेस हाईकमान करेगा।
यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के घर पहुंचे डेरा ब्यास प्रमुख गुरिंदर ढिल्लों, राजनीतिक गलियारों में बढ़ी हलचल
टिकट चयन के लिए हुए दो सर्वे
कांग्रेस इस बार टिकट वितरण में जल्दबाजी के बजाय पहले से मजबूत प्रत्याशियों की पहचान और चुनावी तैयारी पर जोर दे रही है। इसके लिए दो स्तर पर सर्वे करवाए जा रहे हैं। एक सर्वे राहुल गांधी की टीम की ओर से और दूसरा पंजाब कांग्रेस अपने स्तर पर करवा रही है। दोनों सर्वे का अधिकांश काम पूरा हो चुका है। इनके निष्कर्ष भी उम्मीदवारों के चयन में अहम आधार बन सकते हैं।
यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस में सूरज सिंह ठाकुर समेत 4 नए सचिव नियुक्त, केसी वेणुगोपाल ने जारी की सूची
चुनाव समिति की भूमिका और रणनीति
42 सदस्यीय चुनाव समिति में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों, पूर्व मुख्यमंत्रियों, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। समिति की भूमिका संभावित उम्मीदवारों पर विचार, क्षेत्रीय समीकरणों का आकलन और मजबूत नामों पर सहमति बनाने की होगी।
पार्टी की कोशिश है कि शुरुआती चरण में ही टिकटों को लेकर तस्वीर स्पष्ट कर दी जाए, ताकि प्रत्याशियों को चुनाव से पहले पर्याप्त समय मिल सके और संगठन एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतर सके।
यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस की 42 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति गठित, परगट सिंह को कमान; चन्नी-वड़िंग को भी मिली जिम्मेदारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।