विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुख्यमंत्री मान की अधिकारियों को नसीहत, बोले- 'ईमानदारी से निभाएं ड्यूटी, तबादले पर लोग कहें यहीं रहना चाहिए था'

Published: Fri, 16 Oct 2026 03:14 PM (GMT+05:30)

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अधिकारियों से ईमानदारी से ड्यूटी निभाने की अपील की है ताकि तबादले के वक्त लोग उन्हें याद रखें।

मुख्यमंत्री भगवंत मान। (फाइल फोटो)

मुख्यमंत्री भगवंत मान। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. अधिकारियों से ईमानदारी और निष्ठा से काम करने की अपील।

  2. तबादले पर लोग कहें, अधिकारी को यहीं रहना चाहिए था।

  3. जनसेवा और जनता का विश्वास जीतने पर जोर दिया।

रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अधिकारियों से ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपनी ड्यूटी निभाने की अपील करते हुए कहा कि ऐसा काम करें कि तबादला होने पर लोग कहें कि अधिकारी को यहीं रहना चाहिए था। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से मिलने वाले सुकून की कोई कीमत नहीं होती। कितनी भी दौलत, हीरे और मोती जमा कर लें, लेकिन अंतिम समय में कुछ भी साथ नहीं जाता।

मुख्यमंत्री ने डीजीपी सहित उपस्थित डीएसपी, उपायुक्तों और अतिरिक्त उपायुक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी अधिकारी ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद चलते रहेंगे। केंद्र सरकार और विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ मतभेद भी लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन अधिकारियों को अपना फर्ज निभाने पर ध्यान देना चाहिए।

यह भी पढ़ें- पंजाब में बिजली सब्सिडी के 11,109 करोड़ बकाया, 5,500 करोड़ के बैंक ऋण पर हाईकोर्ट ने मांगा जवाब

प्रशासनिक अधिकारी ही सरकार का हिस्सा

मान ने कहा कि महाराजा रणजीत सिंह के किले से अधिकारी यह संकल्प लेकर जाएं कि पंजाब में महाराजा रणजीत सिंह जैसा शासन देने के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि केवल मुख्यमंत्री या मंत्री ही शासन नहीं चलाते, बल्कि प्रशासनिक अधिकारी भी सरकार का महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं। अधिकारी सही और ईमानदार रहेंगे तो सरकार की तारीफ होगी, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई गलती होगी तो उसकी बदनामी भी सरकार को झेलनी पड़ेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के बीच अधिकारियों का सीधा संपर्क होता है। इसलिए उनका व्यवहार और कामकाज सरकार की छवि बनाता है। उन्होंने अधिकारियों से ऐसा चरित्र अपनाने की अपील की कि उनके तबादले पर लोग उन्हें रोकने की इच्छा जताएं, न कि उनके जाने पर राहत महसूस करें।

प्रशासन में युवाओं की बढ़ती भागीदारी

उन्होंने कहा कि जीवन में धन-दौलत से अधिक महत्वपूर्ण ईमानदारी और लोगों का विश्वास है। अधिकारियों को अपने परिवार की सेहत का भी ध्यान रखना चाहिए और अपने पद का इस्तेमाल जनसेवा के लिए करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने प्रशासन में महिलाओं और युवा अधिकारियों की बढ़ती भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि आज कई युवा अधिकारी उपायुक्त, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त उपायुक्त जैसे पदों पर जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें युवा अधिकारियों से फोन आते हैं कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि इतनी कम उम्र में उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी।

यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री भगवंत मान को हाईकोर्ट से मिली फ्रांस जाने की मंजूरी, केंद्र की आपत्तियों के बावजूद राहत

कलाकार के तौर पर बहुत प्यार मिला

मान ने कहा कि उन्हें कलाकार के तौर पर भी लोगों का बहुत प्यार मिला है। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि वे भी लोगों के पसंदीदा बनें और अपने काम से जनता का विश्वास जीतें।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में कहा, “लोगों को अक्सर कहते सुना है कि जिंदा रहे तो फिर मिलेंगे, लेकिन इस पंजाबी दिल ने कहा है कि मिलते रहे तो जिंदा रहेंगे।” उन्होंने सभी अधिकारियों को बधाई देते हुए उनका धन्यवाद किया।

यह भी पढ़ें- परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड पर अमित शाह का पंजाब सरकार से सवाल- 'कौन करेगा जनता की सुरक्षा'