पंजाब चुनाव 2027: कांग्रेस की पहली सूची के लिए दिसंबर तक करना होगा इंतजार, 30-40 नामों पर मंथन जारी
पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की पहली सूची अब दिसंबर में आ सकती है। पार्टी सर्वे के आधार पर ...और पढ़ें

पंजाब कांग्रेस प्रधान परगट सिंह। (फाइल फोटो)
HighLights
कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची दिसंबर में होगी जारी।
जीत की संभावना वाले नेताओं को मिलेगी प्राथमिकता।
राहुल गांधी की टीम भी कर रही है सर्वे।
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने में अभी कुछ इंतजार करना पड़ सकता है। पहले नवंबर में उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन अब पार्टी दिसंबर में पहली सूची जारी करने की तैयारी में है। इसमें 30 से 40 उम्मीदवारों के नाम शामिल हो सकते हैं।
पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट कर दिया है कि टिकट आवंटन में जल्दबाजी नहीं की जाएगी और केवल उन्हीं नेताओं को उम्मीदवार बनाया जाएगा, जिनकी जीत की संभावना मजबूत होगी।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने कहा कि पार्टी टिकटों के चयन को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसे नेताओं को प्राथमिकता देगी, जो लगातार पार्टी के लिए काम कर रहे हैं और जिनकी अपने विधानसभा क्षेत्र में मजबूत पकड़ है।
उम्मीदवारों के चयन के लिए पंजाब कांग्रेस के साथ राहुल गांधी की टीम भी सर्वे कर रही है। सर्वे में जिन नेताओं के पक्ष में बेहतर रिपोर्ट आएगी और जिनके जीतने की संभावना अधिक होगी, उन्हें टिकट देने पर विचार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- दलबदलुओं की एंट्री से पहले होगी स्क्रूटनी, 2027 चुनाव के लिए पंजाब कांग्रेस ने बनाई 4 सदस्यीय कमेटी
युवा चेहरों को भी मिलेगा मौका
वहीं, पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट भी स्पष्ट कर चुके हैं कि पिछले साढ़े चार वर्षों से पार्टी के लिए लगातार काम करने वाले नेताओं की अनदेखी नहीं होगी। इससे संकेत मिल रहे हैं कि कांग्रेस इस बार अनुभव और संगठन में सक्रियता के साथ युवा चेहरों को भी मौका दे सकती है।
दूसरी ओर पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग भी नए अध्यक्ष की ताजपोशी के दौरान पार्टी हाईकमान से उन नेताओं का ध्यान रखने की अपील कर चुके हैं, जो पिछले चार वर्षों से जमीनी स्तर पर पार्टी के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- पंजाब चुनाव 2027 में लोकल नेताओं को टिकट देगी कांग्रेस, पैराशूट उम्मीदवारों की होगी छुट्टी; प्रगट सिंह का बड़ा एलान
एक परिवार से एक टिकट का मुद्दा भी चुनौती
कांग्रेस के सामने उम्मीदवारों के चयन में एक परिवार से एक टिकट देने का मुद्दा भी चुनौती बना हुआ है। कई नेता अपने साथ परिवार के अन्य सदस्यों के लिए भी टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। इस पर पार्टी में मंथन जारी है। सर्वे रिपोर्ट आने के बाद चुनाव समिति और केंद्रीय चुनाव समिति की मंजूरी से उम्मीदवारों की सूची जारी होगी। ऐसे में टिकट के दावेदारों को दिसंबर तक इंतजार करना होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।