पंजाब चुनाव 2027 में लोकल नेताओं को टिकट देगी कांग्रेस, पैराशूट उम्मीदवारों की होगी छुट्टी; प्रगट सिंह का बड़ा एलान
पीपीसीसी अध्यक्ष प्रगट सिंह ने कहा कि 2027 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस स्थानीय और मेरिट-आधारित उम्मीदवारों को प्राथमिकता देगी।
-1794664548289_m.webp)
कांग्रेस की सरकार बनने पर पंजाब को फिर दिलाएंगे उसकी असली पहचान: प्रगट सिंह।
HighLights
कांग्रेस 2027 चुनाव में स्थानीय उम्मीदवारों को प्राथमिकता देगी: प्रगट सिंह
टिकट वितरण मेरिट और सर्वेक्षण के आधार पर होगा: प्रगट सिंह
बलकौर सिंह सिद्धू ने AAP सरकार की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
हेमंत राजू, बरनाला। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में कांग्रेस की ओर से स्थानीय उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही सर्वेक्षण में पहले स्थान पर आने वाले उम्मीदवार की योग्यता को भी नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
टिकटों का वितरण पूरी तरह मेरिट के आधार पर किया जाएगा। यह बात पीपीसीसी अध्यक्ष प्रगट सिंह ने स्थानीय एक निजी पैलेस में ‘पंजाब मांगता इंसाफ यात्रा’ के तहत आयोजित कार्यक्रम के दौरान बातचीत करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार के पांच साल के कार्यकाल, उम्मीदवारों के चयन, किसान मुद्दों, बंदी सिंहों की रिहाई और पंजाब के भविष्य को लेकर अपने विचार साझा किए।
प्रगट सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने के समय खुद को नई पार्टी बताते हुए जनता से समय मांगा था। पहले सरकार की ओर से कहा जाता था कि सत्ता में आए अभी छह महीने या एक साल ही हुआ है, लेकिन अब पांच साल का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है। ऐसे में सरकार के कामकाज का मूल्यांकन करने का समय आ गया है।
जनता सरकार को मौका देकर देख चुकी है और अब उसे अपने कामों का हिसाब व जवाब देना चाहिए।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी उम्मीदवारों का चयन मेरिट और सर्वेक्षण के आधार पर करेगी। सर्वे में पहले स्थान पर आने वाले उम्मीदवार की योग्यता को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
स्थानीय उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने के पीछे तर्क देते हुए उन्होंने कहा कि हलके का स्थानीय नेता 24 घंटे लोगों के संपर्क में रहता है और जनता के साथ उसका रोजाना संवाद बना रहता है।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों को दी जाने वाली सुविधाएं केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उन्हें कानूनी रूप दिया जाना चाहिए। भाजपा की नीतियों के कारण पंजाब के साथ भेदभाव हो रहा है और लोग अब इस बात को समझने लगे हैं।कांग्रेस में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर उन्होंने कहा कि इस संबंध में फैसला विधायकों की ओर से किया जाएगा।
चुनाव के बाद सभी निर्वाचित विधायक आपसी विचार-विमर्श से अपना नेता चुनेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के पास राजा वड़िंग, चरणजीत सिंह चन्नी और प्रताप सिंह बाजवा जैसे अनुभवी नेता मौजूद हैं।अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य पंजाब को कैलिफोर्निया या सिंगापुर बनाने के दावे करना नहीं, बल्कि पंजाब की असली पहचान, किसानी, संस्कृति और विरासत को दोबारा मजबूत करना है।
कांग्रेस विधायक कुलदीप सिंह काला ढिल्लों, मोहम्मद सदीक, दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह सिद्धू, ब्लाक शहरी प्रधान महेश कुमार लोटा, बिट्टू शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बलकौर सिंह सिद्धू ने सरकार की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह सिद्धू ने कहा कि आजादी के बाद उन्होंने पहली बार इतनी निकम्मी सरकार देखी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बनने के पहले ही सप्ताह में पंजाब के छह फुट लंबे गबरू नौजवानों की मौत हो गई।
उन्होंने अपने परिवार के साथ हुई घटना को बेहद दुखद बताते हुए सरकार पर निशाना साधा। कहा सरकार की ओर से मौतों को औसत के आंकड़ों के रूप में पेश करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है और गुंडागर्दी लगातार बढ़ रही है।
प्रगट सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस के आगे बढ़ने का दावा
पूर्व सांसद मोहम्मद सदीक ने कहा कि प्रगट सिंह पहले हाकी खिलाड़ी रह चुके हैं और उन्हें गोल करना अच्छी तरह आता है। उन्होंने कहा कि प्रगट सिंह की अगुवाई में कांग्रेस आगे बढ़ेगी। पुलिस सेवा, खेल और राजनीति में रहने के बावजूद उनकी छवि पर कोई दाग नहीं लगा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।