एक पार्टी के दो रास्ते! परगट ने छेड़ा 'इंसाफ' अभियान तो चन्नी निकालेगी 'साइकिल' रैली; पंजाब कांग्रेस में कब थमेगी कलह?
पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन के बाद भी अंदरूनी कलह जारी है, जहां नए अध्यक्ष परगट सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बीच मतभेद सामने आ रहे हैं।

परगट सिंह और चरणजीत सिंह चन्नी (जागरण ग्राफिक्स)
HighLights
पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन के बाद भी कलह जारी
परगट सिंह और चन्नी के अभियान में मतभेद उजागर
आगामी चुनावों से पहले गुटबाजी से पार्टी चिंतित
डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस में हाल ही में बड़ा फेरबदल हुआ। राजा वड़िंग को हटाकर कांग्रेस ने परगट सिंह को प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त किया। इससे पहले छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को कांग्रेस प्रभारी पद से हटाकर सचिन पायलट को नया प्रभारी बनाया
विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस के बीच लंबे समय से चल रही खटपट को संभालने के लिए पार्टी ने संगठनात्मक बदलाव तो किया, लेकिन इससे पंजाब के नेताओं के बीच फिर एक नई कलह ने जन्म ले लिया।
वर्तमान में लुधियाना सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बीच मतभेद है, जिसका असर अब पार्टी में व्यापक रूप से नजर आ रहा है।
पंजाब कांग्रेस में अभी खत्म नहीं हुई कलह
पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी के नए अध्यक्ष परगट सिंह ने पूरे राज्य में जनसंपर्क अभियान 'पंजाब मंगदा इंसाफ' शुरू किया है।
इस बीच सभी नेताओं को एकजुट होकर इस अभियान को सशक्त बनाना चाहिए था। लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी एक अलग राह तलाश रहे हैं। इस तरहअब पार्टी के भीतर गुटबाजी की अटकलें एक बार फिर जोर पकड़ रही हैं।
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) के इस कार्यक्रम को संगठन की अपनी अलग पहचान बनाए रखने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है ताकि चन्नी के राजनीतिक कार्यक्रम का असर राज्य इकाई की गतिविधियों पर हावी न हो जाए।
पार्टी के अंदरूनी सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने परगट को यह कार्यक्रम बुधवार के लिए तय करने की सलाह दी थी यानी चन्नी की प्रस्तावित यात्रा से एक दिन पहले।
यह कदम इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि चन्नी अपनी साइकिल रैली के लिए तैयारियों में जुटे हैं। जानकारी के अनुसार, इस जनसंपर्क अभियान को विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में अपनी दावेदारी मजबूत करने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
नेताओं ने जताई चिंता
कुछ नेताओं ने चिंता जताई है कि चन्नी का अभियान कांग्रेस संगठन के बजाय उनके व्यक्तिगत नेतृत्व पर ज्यादा केंद्रित होता दिख रहा है। हालांकि, परगट ने इस समय के राजनीतिक महत्व को अधिक तवज्जों नहीं दी है।
उन्होंने कहा कि 'पंजाब मंगदा इंसाफ' अभियान मालवा, माझा और दोआबा क्षेत्रों में किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, कर्मचारियों, युवाओं, महिलाओं और समाज के अन्य वर्गों तक पहुंचेगा।
चन्नी की साइकिल रैली को लेकर परगट सिंह ने कहा...
चरणजीत सिंह चन्नी 'जवानी संभाल, जट्टा' साइकिल रैली के जरिए अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के लोगों तक पहुंचेंगे। कांग्रेस के पांच से छह वरिष्ठ नेता अलग-अलग इलाकों में इस अभियान का नेतृत्व करेंगे और पार्टी का संदेश हर घर तक पहुंचाएंगे।
आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची के बारे में पूछे जाने पर परगट सिंह ने कहा कि पार्टी अलग-अलग स्तरों पर सर्वे कर रही है और बैठकें कर रही है। इसके साथ ही जल्द से जल्द सूची जारी करने की कोशिश की जा रही है।
पंजाब सीएम ने कसा तंज
वहीं, पार्टी के बीच चल रहे आतंरिक कलह को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि विपक्षी पार्टियां आपस में एक-दूसरे के खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं जुटा पातीं, बल्कि उनका पूरा ध्यान और बयानबाजी केवल आम आदमी पार्टी और उसकी जनहितैषी नीतियों को निशाना बनाने पर ही टिकी रहती है। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी जो साइकिल यात्रा निकाल रहे हैं, उसकी तो चैन (चेन) ही उतर गई है।
बता दें कि भगवंत मान हल्का अमलोह में विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आज पंजाब भर में एक साथ 1000 आधुनिक खेल मैदानों की शुरुआत की है।
यह भी पढ़ें- फरीदकोट में सुखबीर बादल ने दी गरंटियां, दुकानदारों को अफसर राज और गैंगस्टरवाद से मुक्ति दिलाने का किया वादा
यह भी पढ़ें- पंजाब में 16 नवंबर से शुरू होगी ऑनलाइन स्व-गणना, जनगणना 2027 का प्रचार शुरू; रवाना की गईं 9 डिजिटल वैन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।