मृत पिता को बीमार बताकर महिला मांग रही थी राहत, शादी के कार्ड से हुआ खुलासा, पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने लगाई फटकार
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने केस ट्रांसफर की याचिका खारिज कर दी है। महिला ने मृत पिता को बीमार बताकर ...और पढ़ें

ये AI जनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
महिला ने मृत पिता को बीमार बताकर अदालत से राहत चाही।
शादी के निमंत्रण पत्र से पिता के निधन का खुलासा हुआ।
हाईकोर्ट ने महिला की याचिका खारिज कर तथ्यों को छिपाने पर फटकारा।
दयानंद शर्मा, चंडीगढ़। अदालत में कई बार ऐसे दस्तावेज सामने आते हैं, जो किसी मुकदमे की दिशा बदल देते हैं। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में भी एक ऐसा ही दिलचस्प मामला सामने आया, जहां एक महिला की ओर से अपने पिता को बीमार और बिस्तर पर बताया गया, लेकिन प्रतिवादी पक्ष ने शादी का एक निमंत्रण पत्र पेश कर पूरी कहानी ही बदल दी। कार्ड में महिला के पिता के नाम के आगे 'स्वर्गीय' लिखा हुआ था।
इससे खुलासा हुआ कि जिन पिता की बीमारी का हवाला देकर महिला अदालत से राहत मांग रही थी, उनकी मृत्यु सात से आठ साल पहले ही हो चुकी थी। इस तथ्य के सामने आने के बाद हाईकोर्ट ने महिला की याचिका खारिज कर दी।
यह भी पढ़ें- पटियाला नगर निगम उपचुनाव: 'AAP' विधायक अको आचार संहिता उल्लंघन पर नोटिस, 24 घंटे में मांगा जवाब
केस स्थानांतरित कराने की थी मांग
मामला एक दीवानी मुकदमे से जुड़ा है। मुकेरियां निवासी महिला के बहनोई ने फिल्लौर की अतिरिक्त सिविल जज (सीनियर डिवीजन) की अदालत में उससे हर्जाने की वसूली के लिए दीवानी मुकदमा दायर किया था। महिला चाहती थी कि इस मामले को फिल्लौर से स्थानांतरित कर मुकेरियां की सक्षम अदालत में भेज दिया जाए। इसके लिए उसने हाईकोर्ट में स्थानांतरण याचिका दायर की थी।
महिला की ओर से दलील दी गई कि वह मुकेरियां तहसील के एक गांव में रहती है, जबकि फिल्लौर की दूरी करीब 120 किलोमीटर है। उसके पास आय का कोई स्वतंत्र साधन नहीं है और वह अपना भरण-पोषण करने में भी असमर्थ है। साथ ही उसके पिता बीमार और बिस्तर पर हैं तथा उसके साथ रहते हैं। ऐसे में इतनी लंबी दूरी तय कर अदालत में पेश होना उसके लिए बेहद मुश्किल है।
प्रतिवादी पक्ष ने पेश किया शादी का निमंत्रण
महिला की दलीलों का विरोध करते हुए प्रतिवादी पक्ष के वकील ने अदालत को बताया कि याचिकाकर्ता नर्स के रूप में नौकरी करती है और करीब 30 हजार रुपये मासिक कमाती है। इतना ही नहीं, उसके पिता की मृत्यु स्थानांतरण याचिका दायर होने से सात-आठ साल पहले ही हो चुकी थी।
इस दावे के समर्थन में प्रतिवादी पक्ष ने अदालत में शादी का निमंत्रण पत्र पेश किया। इसमें महिला के पिता के नाम के आगे 'स्वर्गीय' लिखा हुआ था। इस दस्तावेज ने महिला की ओर से पिता की बीमारी और उनके साथ रहने संबंधी दलील पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
यह भी पढ़ें- पंजाब मंत्रिमंडल में अब चार डॉक्टर हुए शामिल, हरभजन सिंह ईटीओ ने पूरी की PhD, राजनीति में बढ़ा शिक्षा का स्तर
न्यायमूर्ति ने कहा- महत्वपूर्ण तथ्य छिपाया
मामले की सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति मंदीप पन्नू ने पाया कि याचिकाकर्ता ने अपने पिता की बीमारी और बिस्तर पर होने संबंधी गलत तथ्य पेश किया, जबकि याचिका दायर किए जाने के समय उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
अदालत ने कहा कि यह केवल तथ्यात्मक गलती नहीं, बल्कि ऐसा महत्वपूर्ण तथ्य छिपाने का मामला है, जिसका मांगी गई राहत से सीधा संबंध था। न्यायमूर्ति ने स्पष्ट किया कि जो व्यक्ति अदालत से विशेष राहत चाहता है, उसके लिए जरूरी है कि वह सभी महत्वपूर्ण तथ्यों का सही और निष्पक्ष खुलासा करे।
अदालत ने टिप्पणी की कि महिला ने न केवल महत्वपूर्ण तथ्य छिपाया, बल्कि गलत तथ्यों के आधार पर राहत हासिल करने का प्रयास भी किया। ऐसे में वह अदालत से मिलने वाली विवेकाधीन राहत की हकदार नहीं है।इसी आधार पर हाईकोर्ट ने महिला की स्थानांतरण याचिका खारिज कर दी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।