PPSC भर्ती पर सुनील जाखड़ ने उठाए सवाल, 86 अभ्यर्थियों के रोल नंबर क्रम में आने पर की CBI जांच की मांग
पंजाब में पीपीएससी मुख्य परीक्षा के परिणामों पर विवाद गहरा गया है। बीजेपी नेता सुनील जाखड़ ने चयन प्रक्रिया पर ...और पढ़ें

मीडिया से बातचीत करते हुए पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़।
HighLights
सुनील जाखड़ ने पीपीएससी भर्ती में अनियमितताओं पर सवाल उठाए।
86 सफल अभ्यर्थियों के क्रमवार रोल नंबर पर जांच की मांग।
सीबीआई जांच और साक्षात्कार स्थगित करने की अपील की।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब लोक सेवा आयोग (पीपीएससी) की मुख्य परीक्षा के परिणामों को लेकर उठे विवाद ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच होने तक साक्षात्कार सहित भर्ती के बाकी चरण स्थगित करने की मांग की है।
उन्होंने मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने और सफल अभ्यर्थियों के नाम व श्रेणीवार सूची सार्वजनिक करने की मांग की। बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में जाखड़ ने कहा कि 751 सफल अभ्यर्थियों में से 86 के रोल नंबर सूची में कई जगह लगातार क्रम वाले समूहों में दिखाई देते हैं।
इसकी जांच होनी चाहिए कि एक ही पंक्ति में बैठे कई अभ्यर्थी एक साथ कैसे सफल हुए। उन्होंने मूल्यांकन प्रक्रिया, परीक्षकों की योग्यता, अंक देने के तरीके और मॉडरेशन (अंकों के मानकीकरण) का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग भी की।
जाखड़ ने रखी पारदर्शी जांच की मांग
जाखड़ ने आरोप लगाया कि चयन प्रक्रिया में पैसे के लेन-देन और प्रभावशाली लोगों को लाभ पहुंचाने की आशंका है। उन्होंने एक अधिकारी के बेटे-बहू को खेल कोटे में कथित तौर पर ग्रेस अंक मिलने, एक तहसीलदार के बेटे के चयन और पंजाबी भाषा की पात्रता शर्त पूरी करने की समय-सीमा बार-बार बढ़ाए जाने से जुड़े दावों की जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि नामों वाली सूची जारी होने से चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता सामने आएगी।
यह भी पढ़ें- 'भ्रष्टाचारियों का हिसाब शुरू, अब सुखबीर बादल की बारी...', पंजाब में खेल मैदानों के शुभारंभ पर बोले सीएम भगवंत मान
अभ्यर्थियों के समर्थन में उतरे जाखड़
जाखड़ ने AAP के वरिष्ठ नेताओं की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पीपीएससी को 'दुकान' बना दिया गया है और पंजाब के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से जवाबदेही तय करने को कहा।
इस दौरान अभ्यर्थियों अभिषेक और रणकीरत सिंह ने भी मूल्यांकन में एकरूपता, आरक्षित श्रेणियों के खाली पदों, परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र खोलने की प्रक्रिया और परिणाम लीक होने के आरोपों की जांच की मांग की। जाखड़ ने भरोसा दिया कि वह यह मामला केंद्रीय गृह मंत्री के समक्ष उठाएंगे और अभ्यर्थियों की कानूनी लड़ाई में साथ देंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।