विधानसभा चुनाव 2027 के लिए कांग्रेस का 'पंजाब मंगदा इंसाफ' अभियान शुरू, जनता के सुझावों से बनेगा घोषणा पत्र
पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत कांग्रेस ने 'पंजाब मंगदा इंसाफ' अभियान शुरू किया है। इसके माध्यम ...और पढ़ें

कैंपेन की शुरुआत करते हुए पंजाब कांग्रेस के प्रधान परगट सिंह, नेता विपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, सुखपाल खैरा व अन्य सीनियर नेता।
HighLights
कांग्रेस ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए 'पंजाब मंगदा इंसाफ' अभियान शुरू किया।
अभियान के तहत जनता से संवाद कर सुझाव लिए जाएंगे घोषणापत्र हेतु।
12 नवंबर से 'जवानी संभाल जट्टा' साइकिल यात्रा भी शुरू होगी।
डॉ सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपना चुनावी होमवर्क तेज कर दिया है। बुधवार को चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में ‘पंजाब मंगदा इंसाफ’ अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत कांग्रेस नेता अब प्रदेश के अलग-अलग जिलों और विधानसभा हलकों में जाकर लोगों से सीधा संवाद करेंगे।
नशे, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था सहित पंजाब से जुड़े दूसरे अहम मुद्दों पर जनता की राय और सुझाव लिए जाएंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने कहा कि पंजाब के लोगों की राय जानने और उनकी समस्याओं को समझने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत कांग्रेस नेताओं के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ भी लोगों के बीच जाएंगे और उनसे बातचीत करेंगे।
जनता से मिलने वाले सुझावों के आधार पर पार्टी अपना चुनावी घोषणा पत्र तैयार करेगी, ताकि पंजाब की वास्तविक समस्याओं को उसमें जगह मिल सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर इन मुद्दों के समाधान के लिए काम किया जाएगा।
परगट सिंह ने कहा कि चार नवंबर को संगरूर में राहुल गांधी की रैली के साथ ही कांग्रेस चुनावी मैदान में उतर चुकी है। अब विभिन्न रैलियों, जनसभाओं और जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से पार्टी नेता अपने-अपने जिलों और विधानसभा हलकों में लोगों तक पहुंचेंगे। ‘पंजाब मंगदा इंसाफ’ अभियान भी इसी चुनावी रणनीति का हिस्सा है।
यह भी पढ़ें- पंजाब विधानसभा चुनाव 2027: कांग्रेस की चुनावी तैयारियां तेज, टिकट बंटवारे से लेकर प्रचार की रणनीति पर हुआ मंथन
12 नवंबर से 625 किलोमीटर की साइकिल यात्रा
कांग्रेस की चुनावी गतिविधियों को गति देने के लिए 12 नवंबर से ‘जवानी संभाल जट्टा’ साइकिल यात्रा भी शुरू होगी। कैंपेन कमेटी के चेयरमैन एवं पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की अगुवाई में श्री चमकौर साहिब से शुरू होने वाली यह यात्रा 19 नवंबर तक चलेगी। इसमें दो हजार से अधिक साइकिल सवारों के शामिल होने की तैयारी है।
यात्रा पंजाब के 27 विधानसभा हलकों से गुजरते हुए करीब 625 किलोमीटर का सफर तय करेगी। इसके उद्घाटन मौके पर पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट के भी पहुंचने की उम्मीद है। यात्रा के दौरान संबंधित हलकों के स्थानीय नेता, विधायक और सांसद भी इसमें शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस भवन विवाद: तरखान माजरा ने दी आत्मदाह की चेतावनी, ढिल्लों ने गुरुद्वारा साहिब में खाई सौगंध
चन्नी और वड़िंग की गैरमौजूदगी ने उठाए सवाल
अभियान की शुरुआत के मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की मौजूदगी नहीं रही। ऐसे में कांग्रेस की एकजुटता को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं। पार्टी लगातार सभी नेताओं के एकजुट होने का दावा कर रही है, लेकिन चुनाव से पहले सभी वरिष्ठ नेताओं को एक मंच पर लाना प्रदेश नेतृत्व के लिए बड़ी चुनौती होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।