विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लुधियाना में इसी महीने हो सकती है प्रियंका गांधी की रैली, तैयारियों में जुटी कांग्रेस

Published: Sun, 08 Nov 2026 07:42 AM (IST)

कांग्रेस ने 2027 पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं, जिसमें राहुल गांधी की रैली के बाद प्रियंका गांधी की लुधियाना में संभावित रैली शामिल है।

पंजाब कांग्रेस 2027 चुनाव की तैयारी में जुटी, प्रियंका गांधी की लुधियाना रैली संभव।

पंजाब कांग्रेस 2027 चुनाव की तैयारी में जुटी, प्रियंका गांधी की लुधियाना रैली संभव।

HighLights

  1. राहुल गांधी की रैली के बाद प्रियंका गांधी का लुधियाना दौरा

  2. कांग्रेस 2027 विधानसभा चुनावों के लिए रणनीति बना रही है

  3. चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व में साइकिल रैली की योजना

डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। चार नवंबर को संगरूर के गांव फागुवाला में राहुल गांधी की इंसाफ रैली से पार्टी को मिले सकारात्मक रिस्पांस के बाद कांग्रेस हाईकमान अब राज्य में राष्ट्रीय नेतृत्व की सक्रियता बनाए रखना चाहता है।

प्रियंका गांधी इसी माह लुधियाना में रैली कर सकती हैं। उनके दौरे को लेकर कांग्रेस हाईकमान और प्रदेश नेतृत्व के बीच बातचीत चल रही है। हालांकि, दौरे की तारीख और कार्यक्रम को अंतिम रूप दीपावली के बाद ही दिया जाएगा।

कांग्रेस की रणनीति है कि विधानसभा चुनाव तक पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं के पंजाब दौरे लगातार होते रहें, ताकि चुनावी अभियान को गति देने के साथ संगठन को भी सक्रिय रखा जा सके। इसी सिलसिले में छह नवंबर को पंजाब कांग्रेस प्रधान परगट सिंह और पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेता दिल्ली पहुंचे और राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ पंजाब में चुनावी तैयारियों पर चर्चा की।

अब परगट सिंह और पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। इसमें विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं, संगठन के लिए काम कर रहे कार्यकर्ताओं और जिला स्तर पर पार्टी की स्थिति का फीडबैक लिया जाएगा। संभावित उम्मीदवारों को लेकर जिला अध्यक्षों से लिखित राय भी मांगी जाएगी।

पार्टी की कोशिश है कि टिकट वितरण से पहले ही दावेदारों और स्थानीय नेताओं के बीच मतभेद दूर कर लिए जाएं, ताकि चुनाव के समय बगावत और विरोध की स्थिति न बने। चन्नी की अगुवाई में साइकिल रैली से शुरू होगा चुनाव प्रचार कांग्रेस 15 नवंबर के बाद चुनावी प्रचार गतिविधियां शुरू करने की तैयारी में भी जुट गई है।

कैंपेन कमेटी के चेयरमैन एवं पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने संगरूर रैली के बाद अपनी टीम के साथ बैठक कर प्रचार अभियान की रूपरेखा पर चर्चा की है। इसमें परगट सिंह भी शामिल हुए थे। पार्टी की चमकौर साहिब से चन्नी की अगुवाई में करीब दो हजार साइकिलों के साथ रैली निकालने की योजना है। यह रैली पंजाब के विभिन्न जिलों से गुजरेगी। इसका प्रस्ताव मंजूरी के लिए हाईकमान को भेजा गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।