विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब कांग्रेस भवन विवाद: तरखान माजरा ने दी आत्मदाह की चेतावनी, ढिल्लों ने गुरुद्वारा साहिब में खाई सौगंध

Published: Mon, 09 Nov 2026 08:03 PM (IST)

चंडीगढ़ पुलिस की ढीली कार्रवाई से असंतुष्ट रणजीत सिंह तरखान माजरा ने स्पष्ट किया कि वे हमेशा कांग्रेस पार्टी में ही रहे हैं और रहेंगे।

तरखान माजरा ने दी आत्मदाह की चेतावनी। फोटो जागरण

तरखान माजरा ने दी आत्मदाह की चेतावनी। फोटो जागरण

दीपक सूद, फतेहगढ़ साहिब। चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में पार्टी के पूर्व सचिव रणजीत सिंह तरखान माजरा और पंजाब यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष बरिंदर सिंह ढिल्लों के बीच हुई हिंसक झड़प ने राज्य की राजनीति में बड़ा भूचाल ला दिया है।

तरखान माजरा ने आरोप लगाया है कि 27 तारीख को कांग्रेस भवन में उनके मासूम बच्चे के सामने उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें अपमानजनक जातिसूचक शब्द कहे गए। मामले के तूल पकड़ते ही विपक्षी दलों भाजपा, अकाली दल और आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

संगरूर में राहुल गांधी की रैली के दौरान आप ने कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस भवन का घेराव किया था, वहीं आप नेता शनिवार को जसबीर सिंह गढ़ी भी तरखान माजरा के पैतृक गांव पहुंचे।राजनीतिक दबाव के बीच सोमवार को पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व राज्यसभा सांसद शमशेर सिंह दूलो रणजीत सिंह तरखान माजरा के निवास पर पहुंचकर घटना की कड़ी निंदा की।

पार्टी के सिद्धांत के खिलाफ

उन्होंने कहा कि पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व को इस मामले में तुरंत व्यक्तिगत हस्तक्षेप करना चाहिए।दूलो ने कहा कि वह तरखान माजरा को पिछले 40 वर्षों से जानते हैं और उन्होंने यूथ कांग्रेस, सेवा दल तथा पार्टी के हर मोर्चे पर निष्काम भाव से सेवा की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी वरिष्ठ एवं बुजुर्ग दलित नेता के साथ हाथापाई करना और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करना पार्टी के सिद्धांतों के खिलाफ है।

उन्होंने मांग की कि अनुशासनात्मक कार्रवाई करने से पहले तरखान माजरा का पक्ष व्यक्तिगत रूप से सुना जाए, सीसीटीवी फुटेज की जांच हो और निष्पक्ष फैसला लिया जाए, ताकि आगामी विधानसभा चुनावों पर इसका बुरा असर न पड़े।

दूलो ने कहा कि रणजीत सिंह तरखान माजरा ने जज्बाती होकर चंडीगढ़ पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई है, क्योंकि शुरुआत में कांग्रेस पार्टी की ओर से कोई भी रिस्पांस नहीं मिला था। उन्होंने उम्मीद जताई कि पार्टी नेतृत्व दोनों पक्षों को सुनकर न्याय सुनिश्चित करेगा।

दोनों पक्षों से करेंगे बात 

शमशेर सिंह दूलो ने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर उन्होंने पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह से भी बातचीत की है। परगट सिंह का कहना था कि राहुल गांधी की संगरूर रैली और दीपावली के त्यौहार के बाद वह दोनों पक्षों को बुलाकर आमने-सामने बातचीत करेंगे और मामले का समाधान निकालेंगे।इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनजीत शर्मा आढ़ती एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष साधु राम भट्टमाजरा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

दूलो का ढिल्लों को नोटिस पर समर्थन

पूर्व सांसद शमशेर सिंह दूलो ने कहा कि पार्टी हाईकमान की ओर से पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष बरिंदर सिंह ढिल्लों को भेजा गया अनुशासनात्मक नोटिस पूरी तरह सही कदम है। उन्होंने इसे एक गंभीर मामला बताते हुए जोर दिया कि यह कोई छोटी घटना नहीं है।

दूलो ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बरिंदर सिंह ढिल्लों को कांग्रेस पार्टी में आए हुए उतना समय भी नहीं हुआ होगा, जितना समय वरिष्ठ नेता रणजीत सिंह तरखान माजरा ने पार्टी की निष्काम सेवा में बिताया है। इसलिए पार्टी में ऐसे व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।

तरखान माजरा की आत्मदाह और प्रदर्शन की चेतावनी

दूसरी ओर, चंडीगढ़ पुलिस की ढीली कार्रवाई से असंतुष्ट रणजीत सिंह तरखान माजरा ने स्पष्ट किया कि वे हमेशा कांग्रेस पार्टी में ही रहे हैं और रहेंगे, लेकिन यदि उन्हें न्याय न मिला तो वे चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस भवन के समक्ष आत्मदाह करने को मजबूर होंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने केवल मारपीट की हल्की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जबकि घटना की गंभीरता को देखते हुए एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी जानी चाहिए थीं।

तरखान माजरा ने पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि 11 अक्टूबर तक पुलिस ने एससी एक्ट के तहत केस दर्ज नहीं किया, तो वे अपने समर्थकों के साथ चंडीगढ़ स्थित एसएसपी कार्यालय के बाहर रोजाना धरना-प्रदर्शन और विरोध आंदोलन शुरू करेंगे।

गुरुद्वारा साहिब में सौगंध

वरिंदर सिंह ढिल्लों ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर अपनी सफाई दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि रणजीत सिंह तरखानमाजरा जनता को गुमराह कर रहे हैं और उन्होंने किसी भी जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल कर उनका अपमान नहीं किया है। ढिल्लों ने इसे साबित करने के लिए गुरुद्वारा साहिब में सौगंध उठाने की खुली चुनौती दी।

इसके बाद 7 नवंबर को तरखानमाजरा के समर्थक फतेहगढ़ साहिब स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में एकत्र हुए। वहीं, ढिल्लों चमकौर साहिब स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री कत्लगढ़ साहिब पहुंचे और गुरु साहिब के समक्ष नतमस्तक होकर सौगंध उठाई कि उन्होंने तरखानमाजरा के खिलाफ कोई जातिसूचक शब्द नहीं कहा था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।